रविवार, 2 नवंबर 2025

Guru Nanak Dev के आगमन की खुशी में झूम उठी काशी

फिज़ा में गूंज उठा, नानक आया, नानक आया, कल तारण गुरू नानक आया...





Mohd Rizwan 

Varanasi (dil India live). सिखों के पहले पातशाह श्री गुरू नानक देव महाराज के 556 वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य शोभायात्रा नगर कीर्तन करते हुए निकाली गयी। धन्य-धन्य श्री गुरुनानक देव महाराज का 556 वां पावन प्रकाश उत्सव 5 नवंबर को पूरे हर्षोल्लास के साथ गुरुद्वारा गुरूबाग में मनाया जायेगा। उनके आगमन के उपलक्ष्य में  रविवार को दोपहर 12:30 बजे एक विशाल धार्मिक शोभायात्रा गुरूद्वारा गुरुबाग से जुग जुग अटल श्री गुरुग्रन्थ साहिब एवं पंज प्यारे की अगुवाई में निकाली गयी। शोभायात्रा में रागी जत्थे, सतिगुर नानक प्रगटिआ मिटी धुन्ध जग चानण होआ...व, नानक आया नानक आया. कल तारण गुरू नानक आया...। जैसे बधाई गीत गाते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा का ये है रास्ता 

लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सडक, चेतगंज, लहुराबीर मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गाँधी नगर, सिगरा चौराहा, रथयात्रा होकर वापस गुरुबाग गुरुद्वारा पहुंची। 


शोभा यात्रा का भव्य स्वागत

विभिन्न रास्तों से होते हुए शाम में शोभा यात्रा वापस गुरुद्वारा गुरूबाग पहुंची। इस मौके पर लक्सा, नई सड़क, हथुआ मार्केट, मलदहिया (निकट जय गंजेज), लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा (भारत मेडिकल स्टोर), अशोक नगर एवं गांधी नगर सिगरा पर शोभा यात्रा का भव्य स्वागत एवं प्रसाद का वितरण हुआ। गुरुद्वारा गुरूबाग व गुरूद्वारा नीचीबाग दोनो गुरुद्वारे को भव्य रूप से सजाया गया था जो आकर्षण का केन्द्र बना हुआ था। इस शोभायात्रा में श्री गुरुग्रन्थ साहिब की सवारी वाली गाड़ी को फूलमालाओं एवं बिजली के झालरों द्वारा भव्य रूप से सजाया गया। इस धार्मिक यात्रा की शोभा बढ़ाने हेतु पंज प्यारे घुड़सवार पंज प्यारे पैदल, गुरुनानक खालसा बालिका इण्टर कालेज गुरुबाग, गुरुनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल गुरुबाग, गुरुनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर के बच्चों के अलावा सिख समाज के बच्चे भी विशेष परिधान में इस यात्रा में शब्द गायन कीर्तन करते हुये चल रहे थे तथा बैण्ड बाजे, लाइटों की व्यवस्था की गयी थी। 

शोभायात्रा में गुरूनानक इंग्लिश स्कूल, गुरूबाग के बच्चे बैण्ड बजाते हुये अपने स्कूल का नेतृत्व कर रहे थे जो आकर्षण का केन्द्र रहा। लहुराबीर चौराहा एवं गांधी नगर सिगरा दोनों जगह गुरुनानक देव महाराज के 556 वें प्रकाशोत्सव की झांकियों एवं कीर्तन गुरुनानक खालसा बालिका इण्टर कालेज के स्कूली बच्चों द्वारा दिखाये जा रहे थे। जिसे देखने के लिये हजारों की भीड़ लगी हुयी थी। स्कूली बच्चे हाथों में स्वच्छ काशी- सुन्दर काशी का बैनर लेकर काशी में स्वच्छता का संदेश देते हुये चल रहे थे। इस शोभायात्रा की पवित्रता हेतु काशी की साध संगत सड़क की सफाई-धुलाई करते हुये चल रहे थे। शोभायात्रा में दो स्थानीय बैण्ड पार्टियों ने उक्त मार्ग पर हजारों की संख्या में शामिल दर्शकों का मनमोह लिया।

 


शोभायात्रा सायं लगभग 7:00 बजे के बाद गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंची। शोभायात्रा के पहुंचने पर गुरुद्वारा गुरुबाग में पुष्प वर्षा एवं आरती कर भव्य स्वागत किया गया। गुरुद्वारे में शब्द गायन कीर्तन एवं अरदास के उपरान्त गुरु का अटूट लंगर चला। गुरुद्वारे के मुख्य ग्रन्थी ने सभी काशी वासियों का शुक्राना अदा किया और यह भी बताया कि 4 व 5 नवंबर को दिनभर पंथ के प्रसिद्ध महान रागी जत्थे शब्द गायन कीर्तन व कथा द्वारा संगत को निहाल करेंगे।



कोई टिप्पणी नहीं: