बरेका में रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता में महाप्रबंधक नरेश पाल ने वॉलीबॉल कोर्ट पहुंचकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
Mohd Rizwan
Varanasi (dil India live). बनारस रेल इंजन कारखाना खेल संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर्विभागीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत 19 फरवरी को खेल मैदान में दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का उद्घाटन जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर, उन्हें शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रथम मुकाबले में सिविल व भंडार डिपो और प्लांट डिवीजन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें प्लांट डिवीजन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 25-15, 25-15 के रोमांचक स्कोर से सिविल व भंडार डिपो को हराया। खिलाड़ियों के उम्दा प्रदर्शन और टीम वर्क ने दर्शकों का दिल जीत लिया। प्लांट डिवीजन की ओर से कर्मचारी परिषद सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह का खेल सराहनीय रहा।
प्रतियोगिता के दौरान स्वयं महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह वॉलीबॉल कोर्ट पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया साथ उन्होंने खिलाड़ियों से खेल संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। खिलाड़ी अपने मध्य महाप्रबंधक को देख अत्यंत प्रसन्न दिखे।
दूसरे मुकाबले में लोको डिवीजन-1 और इंजन डिवीजन के बीच संघर्षपूर्ण खेल देखने को मिला। इस मैच में लोको डिवीजन-1 ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए 25-22, 25-22, के संघर्षपूर्ण स्कोर से जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के जोश और खेल कौशल ने मैदान में उत्साह का संचार किया। बरेका में आयोजित इस तरह की अंतर्विभागीय प्रतियोगिताएं अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देती हैं।
![]() |