Akash Anand बोलें जनता के टैक्स का पैसा विज्ञापनों पर लुटा रही है भाजपा सरकार
सादाबाद में आकाश आनंद ने पक्ष विपक्ष दोनों को लताड़ा
dil india live (Haathras). BSP leader Akash Anand (UP Election 2027). बसपा के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने हाथरस के सादाबाद से पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत पक्ष और विपक्ष दोनों को लताड़ते हुए की। इस दौरान उन्होंने जहां भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की वहीं सपा और कांग्रेस को भी नहीं बख्शा।
कार्यकर्ता सम्मेलन में आकाश आनंद ने रोजगार, पेपर लीक, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और सरकारी विज्ञापनों पर धड़ल्ले से खर्च किए जा रहे जनता के टैक्स के पैसे जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव के दौरान जनता सरकार से पिछले 10 साल का हिसाब ले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘राहुल अंकल और अखिलेश अंकल’ के वादों के बहकावे में नहीं आना है। अखिलेश यादव के PDA नारे पर भी उन्होंने सवाल उठाया और आरोप लगाया कि इसका अर्थ परिस्थितियों के हिसाब से बदलता रहता है। आकाश आनंद ने अखिलेश यादव के कार्यकाल को लेकर भी हमला बोला। वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह संविधान की किताब लेकर घूमते हैं, लेकिन उनके वादों की तरह वह किताब भी खाली है।
विज्ञापनों पर 7 हजार करोड़ हुए खर्च
बसपा नेता ने भाजपा सरकार पर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 10 साल से सत्ता में रहने के बावजूद सरकार अपनी उपलब्धियां बताने के लिए बड़े पैमाने पर विज्ञापनों पर जनता के टैक्स का पैसा खर्च कर रही है। आकाश आनंद ने दावा किया कि सरकार ने विज्ञापनों पर करीब 7 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रचार के लिए इतना पैसा खर्च किया जा सकता है तो जरूरतमंद लोगों की मदद और सरकारी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त संसाधन क्यों नहीं हैं। उन्होंने झांसी के अस्पताल में बच्चों की मौत की घटना का जिक्र करते हुए सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
आकाश आनंद ने युवाओं के रोजगार को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में चार लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार गंभीर नहीं दिखाई देती। पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अगर विज्ञापनों पर खर्च होने वाले पैसे का इस्तेमाल भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था मजबूत करने और नकल रोकने में किया जाता, तो बड़ी संख्या में युवाओं को इसका फायदा मिल सकता था।
यूपी में 25 हजार स्कूल हुए बंद
आकाश आनंद ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा, दावा किया कि प्रदेश में 25 हजार से ज्यादा स्कूल बंद हुए हैं। उनके मुताबिक, इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों पर पड़ता है। बसपा नेता ने महिलाओं की सुरक्षा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को दोषी करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य में वास्तव में कानून का राज है या पुलिस और अपराधियों का प्रभाव ज्यादा है। उन्होंने कहा कि चुनाव सिर्फ नेताओं के भाषण सुनने का समय नहीं है, बल्कि जनता को अपने सवालों के जवाब मांगने चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को सरकार के कामकाज का हिसाब लेने के लिए जागरूक करने को भी कहा।
बसपा के पक्ष में माहौल बनायें
अपने संबोधन में आकाश आनंद ने कहा कि संविधान ने देश के नागरिकों को अपनी सरकार चुनने का अधिकार दिया है। लोकतंत्र में किसी नेता से ज्यादा ताकत जनता के वोट में होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा के पक्ष में माहौल बनाने और लोगों से ‘हाथी’ के चुनाव चिन्ह पर वोट देने की अपील की।
