yadav लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
yadav लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 2 सितंबर 2025

India Post Payment Bank ने पूरे किए 7 वर्ष

कैशलेस बैंकिंग को सुदूर क्षेत्रों में India Post दे रहा बढ़ावा-पोस्टमास्टर जनरल

इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक मात्र ₹149 में ‘प्रीमियम आरोग्य बचत खाता’ की शुरुआत, श्री कृष्ण कुमार यादव ने अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का किया आह्वान

आईपीपीबी के माध्यम से डाकिया आज एक चलते फिरते बैंक के रूप में कर रहा कार्य

Ahemdabad (dil India live). डाक विभाग के उपक्रम के रूप में स्थापित India Post Payment Bank ने अपने आठवें स्थापना दिवस पर ‘आपका बैंक, आपके द्वार’ की संकल्पना को साकार करते हुए 'वित्तीय समावेशन' और 'डिजिटल इंडिया' मिशन को नई गति प्रदान करने के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर उत्तरी गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि पिछले सात वर्षों में आईपीपीबी ने ग्रामीण भारत में बैंकिंग सेवाओं को आम जन तक पहुँचाने में अभूतपूर्व योगदान दिया है। आईपीपीबी का उद्देश्य प्रत्येक भारतीय को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और आर्थिक स्वतंत्रता की ओर अग्रसर करना है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में यह बैंक एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। 1 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्रव्यापी शुभारंभ के साथ स्थापित India Post Payment Bank ने आज एक मजबूत आधार खड़ा किया है। 


गौरतलब है कि उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में 18 लाख से ज्यादा India Post Payment Bank खाते संचालित किए जा रहे हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में उत्तर गुजरात में India Post Payment Bank द्वारा अब तक 2.41 लाख लोगों का सामान्य सुरक्षा बीमा, सीईएलसी के तहत 6.44 लाख लोगों का घर बैठे मोबाइल अपडेशन, 55 हजार से अधिक बच्चों का घर बैठे आधार नामांकन किया गया। 94 हजार से ज्यादा लोगों को 54 करोड़ रूपये का डीबीटी भुगतान किया गया। आईपीपीबी ग्राहकों का 48 प्रतिशत महिलाएं हैं, जो कि नारी सशक्तिकरण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती हैं। 

सोमवार, 30 जून 2025

RJD K Tejasvi Yadav का चुनावी ऐलान: बिहार को बनाएंगे स्कॉटलैंड'

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हुआ हाई


Patna (dil India live). बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा धीरे-धीरे हाई होने लगा है। सभी दलों के दावों-प्रतिदावों एवं जारी जोड़तोड़ के बीच तेजस्वी यादव ने सोमवार को अपने बयान से हलचल मचा दी है। यह सियसी हलचल न केवल एनडीए के घटक दलों में मचा है बल्कि महागठबंधन के घटक दलों के बीच भी है। अंतर केवल इतना है कि महागठबंधन के दल सियसी मजबूरी में तेजस्वी यादव के दावों का समर्थन करने को विवश हैं। उनके पास कोई विकल्प नहीं है। 

देखिए क्या बोलें तेजस्वी 

तेजस्वी यादव ने तस्वीर साफ करते हुए कहा है कि - 'बिहार में महागठबंधन से मुख्यमंत्री का चेहरा तेजस्वी यादव ही हैं। इसे लेकर इंडिया गठबंधन में सहमति बन गई है। बिहार में हमारी सरकार बनने वाली है। हमारी सरकार बनी तो हम बिहार को स्कॉटलैंड बना देंगे।' तेजस्वी ने आगे कहा कि - 'भाजपा के नेता सब चिंटू हैं। ये लोग नमाजवाद और मौलाना स्क्रिप्ट की बात करते हैं। हम बिहार में जाति धर्म की राजनीति नहीं होने देंगे। सुधांशु त्रिवेदी अपनी दम पर नेता नहीं बने हैं।'

उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। अपनी बात रखते हुए तेजस्वी ने कहा कि लोगों को मताधिकार से वंचित करने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देना है। 

विरोधी दल नेता तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके। आगे यह भी कहा कि - 'बिहार में एनडीए सत्ता से बाहर होने वाली है। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। सरकार बनने पर वक्फ अधिनियम को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।' 

आज तेजस्वी यादव की ओर से खुद को सीएम फेस का ऐलान करते ही बिहार में अचानक से सियासी माहौल गरमा गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि - 'केंद्र और राज्य में सरकार साझा करने वाली भारतीय जनता पार्टी को ये याद दिलाना होगा कि हिंदुओं, मुसलमानों, सिखों और ईसाइयों के बलिदान से देश को आजादी मिली थी।...कोई ये ना समझे कि देश उसके पिता की प्रॉपर्टी है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने ये साफ कर दिया है कि आरजेडी नए वक्फ कानून का विरोध करेगी। इस कानून के खिलाफ हमने कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया है।

...बिहार के मुस्लिम भाइयों से कहूंगा कि वो याद रखें कि एनडीए सरकार जाने वाली है। नवंबर में बिहार में नई सरकार बनेगी, जो कि गरीबों की समर्थक होगी और वक्फ कानून को कूड़ेदान में डाल देगी।'

बता दें कि बिहार में सीएम फेस को लेकर तेजस्वी यादव से पहले कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी बयान दे चुके हैं। कन्हैया कुमार ने बीते शुक्रवार को कहा था, 'अगर विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को बहुमत मिला तो मुख्यमंत्री आरजेडी से होगा। इसमें कोई भ्रम नहीं है कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे।...जिसके पास ज्यादा विधायक होंगे, उसी की पार्टी से मुख्यमंत्री बनेगा। आरजेडी महागठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है और उसके पास अधिक विधायक होंगे, इसलिए मुख्यमंत्री भी उनका ही होगा।'

गुरुवार, 13 मार्च 2025

भाजपा सरकार के कारनामों की अब ‘‘पान पर चर्चा‘‘ होगी-Akhilesh yadav

योगी सरकार में संविधान सुरक्षित नहीं, भ्रष्टाचार उजागर करने वाले की हो रही हत्या 

 Lucknow (dil India live). समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री बडे़ तीस मार खां है। उन्हें तीस से बड़ा प्रेम है। महाकुंभ में मरे कितने, उन्होंने बताया तीस। कारोबार कितना हुआ, बताया 30 करोड़। पूरे प्रदेश को कितना फायदा होगा बताया तीस गुणा दस हजार करोड़। यह आंकड़ा मुख्यमंत्री के अलावा कोई नहीं दे सकता। उन्होंने कहा भाजपा सरकार के कारनामों की अब ‘‘पान पर चर्चा‘‘ होगी।

     अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डा. लोहिया सभागार में पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे।  कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने कब फैसला लिया था कि प्रयागराज में परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र अपनी बाइक का कमर्शियल यूज करेंगे और उससे पैसा कमाएंगे। मुख्यमंत्री के बयान से तो यह लगता है कि अब प्रयागराज के छात्रों को अगला रोजगार 144 साल बाद लगने वाले महाकुंभ में ही मिलेगा।

    उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार में संविधान सुरक्षित नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार की असंवैधानिक कार्रवाइयों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी कई बार टिप्पणी की है। निर्देश दिए हैं, सरकार के खिलाफ अपना ऑब्जरवेशन दिया है फिर भी भाजपा सरकार उसे नहीं मान रही है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने के लिए झूठे बयान देती है और बयान दिलवाती है। भाजपा के लोग झूठ तो बोलते ही हैं, झूठ पर टिके भी रहते हैं। भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नौजवान, किसान, पीडीए विरोधी है। भाजपा सरकार अब कुछ भी कर ले लेकिन पिछड़ा, दलित, आदिवासी, आधी आबादी और अल्पसंख्यक भाइयों ने मन बना लिया है कि वह पीडीए को मजबूत करेंगे। पीडीए की ताकत को आगे बढ़ाएंगे। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद नहीं पता है कि वह उर्दू का विरोध उर्दू में कर रहे थे। उनके भाषण में उर्दू के तमाम शब्द रहते हैं। यह बात समझनी चाहिए कि उर्दू भारतीय भाषा है। यही जन्मी, बढ़ी और यही उसका विकास हुआ।

    श्री यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। किसानों की आय दोगुना नहीं हुई। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। लगातार हत्याएं हो रही हैं। लूट हो रही है, स्वास्थ्य सेवाएं खराब हो चुकी हैं, मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों में इलाज नहीं मिल पा रहा है । मरीज को एंबुलेंस नहीं मिलती है। हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है, ऐसा भ्रष्टाचार और लूट कभी नहीं था। इस सरकार ने पुलिस को बेईमान बना दिया है।

    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सबसे भ्रष्ट पार्टी है। महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। निवेश नहीं हो रहा है। शेयर मार्केट डूब रहा है। इस सरकार ने पूरे बाजार को दूसरों के हवाले कर दिया है। अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। भाजपा झूठ बोलने में नंबर एक है। सरकार ने सब बेच दिया, किसान बाजार बेच दिया, पलासियो माल बेच दिया। यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव में बेईमानी करती है, वोट नहीं डालने देती है। वोट कटवा देती है। हमने पार्टी के सभी लोगों से कहा है कि जो भी 18 साल का हो जाए, सबको वोटर बनवाएं। अपनी अपनी वोटर लिस्ट को ध्यान से देखें और बेहतर करें।

    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार को उजागर करने वालों की हत्याएं हो रही हैं। सीतापुर के पत्रकार ने भ्रष्टाचार को उजागर किया था इसीलिए उसकी हत्या हो गई। भ्रष्टाचार के मामले में यह कोई पहली जान नहीं गई है। अभी नोएडा में जिस अधिकारी ने आत्महत्या की है, उसके बारे में पता चला है कि उसके ऊपर बहुत दबाव था। भाजपा सरकार में किसी के साथ कुछ भी हो सकता है, किसी की भी जान जा सकती है। जनता भाजपा सरकार में हो रहे अराजकता और भ्रष्टाचार को जान रही है, आने वाले चुनाव में इन्हें हटा देगी। उन्होंने कहा कि गेहूं की एमएसपी पर्याप्त नहीं है। भाजपा सरकार ने गन्ने की कीमत नहीं बढाई। पर्ची में भी हेराफेरी कर रहे हैं। गन्ना किसान आंदोलन करता रहा।

    श्री अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुंभ में हुई भगदड़ में जिन लोगों की मौत हुई है, उनका कभी न कभी खुलासा जरूर होगा। प्रयागराज में अपनों को खोजते हुए तमाम लोग खोया पाया केंद्र में गए लेकिन जानकारी नहीं मिली। लोगों ने वहां अपने खोए हुए लोगों के पोस्टर लगाए अब पता चल रहा है कि सरकार इन पोस्टरों को हटा रही है। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि जो लोग खो गए हैं, उनके बारे में जानकारी करें और परिवारों से बिछड़े लोगों को मिलाए लेकिन सरकार नहीं कर रही थी, लोग अपने लोगों को ढूंढना चाहते हैं लेकिन सरकार पोस्टर हटा दे रही है। थाने में एफआईआर नहीं दर्ज हो रही है।