भीषण गर्मी और तपिश के कारण बदला 8 तक के स्कूलों का समय, देखिए क्या है नया टाइम टेबल
Sarfaraz Ahmad
dil india live (Varanasi). उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आसमान से बरस रही आग ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण लू (Heatwave) की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) Anurag Srivastava (अनुराग श्रीवास्तव) ने कक्षा 8 तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के समय में फिर परिवर्तन कर आधिकारिक आदेश जारी किया है। नये आदेश के अनुसार, अब कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल सुबह 7:00 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। इससे पूर्व स्कूलों के बंद होने का समय दोपहर 01 बजे का था, जिससे छुट्टी के समय बच्चों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे इस नए समय का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य के प्रति रहें अलर्ट
विशेषज्ञों और जिला प्रशासन ने स्कूलों को यह भी सुझाव दिया है कि वे बच्चों के लिए पीने के शुद्ध पानी और ओआरएस (ORS) की व्यवस्था रखें। साथ ही, बच्चों को सलाह दी गई है कि वे सिर ढंककर निकलें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें