मंगलवार, 14 अप्रैल 2026

Bhim Rao Ambedkar जयंती Varanasi में धूमधाम से मनाई गई

बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और भारतीय संविधान निर्माण में भूमिका पर हुई चर्चा 


F. Farouqi Babu 

dil india live (Varanasi). संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती वाराणसी के अंबेडकर पार्क (कचहरी चौराहा) पर  इस वर्ष अत्यंत धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं निजी बैंकों, बीमा कंपनियों तथा सामाजिक संगठनों द्वारा आकर्षक पंडाल लगाए गए। इन पंडालों में बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष, योगदान और भारतीय संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को दर्शाते हुए उनके साहित्य, चित्रों एवं संविधान की प्रतिमाओं को सजाकर प्रदर्शित किया गया। पूरे क्षेत्र को भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह से उत्सवमय और प्रेरणादायक बन गया।


कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस के लिए मिष्ठान, शरबत, हलवा तथा शीतल जल की विशेष व्यवस्था की गई थी। आने-जाने वाले लोगों ने पंडालों पर रुककर बाबा साहेब के जीवन दर्शन को जाना और उनके प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

इसी क्रम में Punjab National Bank द्वारा भी एक भव्य एवं आकर्षक पंडाल सजाया गया। पंडाल में बैंक के एजेएम रामकुमार ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।


बाबा साहेब ने नागरिकों को अधिकार दिलाया

कार्यक्रम में पीएनबी एससी/एसटी वेलफेयर एसोसिएशन के अंचल सचिव एस.पी. सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि बाबा साहेब नहीं होते, तो समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त नहीं हो पाता। उन्होंने ही संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाया और सामाजिक न्याय की नींव रखी। उन्होंने उपस्थित लोगों से बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष विकास सोनकर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया और इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।


इस अवसर पर राजीव रंजन, आनंद सोनकर, बी.पी. गौतम, संत कुमार, रोहित कुमार, राजीव कुमार, संजय सोनकर, अरविंद कुमार, रवि कुमार एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में मंडल सचिव सूर्य प्रकाश द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी संगठनों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कोई टिप्पणी नहीं: