...मेरा पैग़ाम मोहब्बत है, जहां तक पहुंचे
पूर्व मंत्री का हाल जानने अचानक मेदांता पहुंचे अखिलेश, चढ़ा सियासी पारा
dil india live (Lucknow). सियासत में मतभेद अपनी जगह, लेकिन इंसानियत उससे कहीं ऊपर है। यही वजह है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को अचानक लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बहराइच से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल का हाल-चाल जाना। ये वही अनुपमा जायसवाल हैं जिन्होंने अखिलेश यादव का पुतला फूंकना चाहा और उसी आग में खुद झुलस कर अस्पताल पहुंचीं। अखिलेश यादव के अस्पताल पहुंचते ही प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया।
...मेरा पैग़ाम मोहब्बत है, जहां तक पहुंचे
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अस्पताल में अनुपमा जायसवाल से मुलाकात की, हाथ जोड़कर नमस्कार किया। इस दौरान विधायक मुस्कराते हुए दिखीं। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि जिसका वो पुतला फूंक रही है वो उन्हें देखने अस्पताल आएंगे। अखिलेश ने उनके इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी बात की और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस खास मुलाकात की तस्वीरें अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शेयर की और साथ में एक शेर लिखा: “उनका जो फर्ज है, वो अहल-ए-सियासत जानें, मेरा पैगाम मोहब्बत है, जहां तक पहुंचे।”
जानिए क्या है पूरा मामला
25 अप्रैल 2026 को बहराइच में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अखिलेश यादव और राहुल गांधी के पुतले फूंके जा रहे थे। जब अनुपमा जायसवाल पुतले में आग लगा रही थीं, तभी अचानक लपटें तेज हो गईं और उनके चेहरे पर आग लग गई। उनका चेहरा झुलस गया और सिर के बाल भी जल गए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिस ने तुरंत आग बुझाई। उन्हें पहले बहराइच के जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता रेफर कर दिया गया।
इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा, 'राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। हम नहीं चाहते कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मिलने गए। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आए हैं। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे।'
सत्ताधारी नेता बंगाल चुनाव में व्यस्त
सपा मीडिया सेल ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि राजनीतिक विरोध अलग बात है, लेकिन महिला विधायक के अस्पताल में भर्ती होने पर सपा प्रमुख खुद पहुंच गए, जबकि सत्ताधारी दल के बड़े नेता बंगाल चुनाव में व्यस्त हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें