572 रेल इंजनों का वित्तीय वर्ष 2025–26 में अभूतपूर्व निर्माण
महाप्रबंधक ने बरेकाकर्मियों को दी बधाई, नव निर्मित उद्यान का किया उद्घाटन
F. Farouqi/ Santosh Nagvanshi
dil india live (Varanasi). बनारस रेल इंजन कारखाना में आज दिनांक 2 अप्रैल 2026 को महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कार्यशाला पहुंचकर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनो के निर्माण के ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात उन्होंने कार्यशाला परिसर में नवनिर्मित उद्यान का उद्घाटन भी किया।
इस अवसर पर उन्होंने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि बनारस रेल इंजन कारखाना ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में 572 रेल इंजनों का अभूतपूर्व उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह शानदार उपलब्धि अब तक के सभी वित्तीय वर्षों में सर्वाधिक लोको उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाते हुए न केवल बरेका की उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता और कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि भारतीय रेल के आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 20% की उल्लेखनीय वृद्धि इस बार हुई है।
558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण
इस वित्तीय वर्ष में बरेका द्वारा कुल 558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया गया, जो रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 553 इंजनों के लक्ष्य से लगभग 1% अधिक है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
WAG-9 : 401
WAP-7 : 143
WAP-7 (अमृत भारत) : 14
निर्यात व लोकोमोटिव निर्माण
बरेका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए मोजाम्बिक को 10 रेल इंजनों का निर्यात किया। इसके साथ ही गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए भी 04 डीजल रेल इंजनों का निर्माण किया गया। पता हो कि स्थापना से लेकर मार्च 2026 तक बरेका द्वारा 2925 विद्युत रेल इंजनों सहित कुल 11259 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जो भारतीय रेल के विकास में बरेका की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
इन हाउस निर्माण में शानदार उपलब्धियां
बरेका ने इस वर्ष महत्वपूर्ण इन हाउस विद्युत कम्पोनेंट्स तथा क्षेत्रीय रेलों के लिए डीजल कम्पोनेंट्स के निर्माण और मरम्मत में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है इन हाउस विद्युत शेल निर्माण में लगभग 93% वृद्धि (2024–25 में 42 से बढ़कर 2025–26 में 81)। एचएचपी टर्बो ओवरहॉलिंग में 20% वृद्धि (2024–25 में 545 से बढ़कर 2025–26 में 653)। पवार असेंबली निर्माण में 186% वृद्धि, जो 2024–25 के 1616 से बढ़कर 2025–26 में 4624 अदद हो गया। वाटर पम्प असेंबली निर्माण में 482% वृद्धि, जो 2024–25 के 122 से बढ़कर 2025–26 में 710 अदद हो गया।
पर्यावरण के प्रति समर्पण
इस अवसर पर कार्यशाला परिसर में नवनिर्मित उद्यान का उद्घाटन भी बरेका महाप्रबंधक श आशुतोष पंत द्वारा किया गया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता और हरित कार्य संस्कृति को दर्शाती है। रिकॉर्ड उत्पादन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बरेका की भविष्य की कार्ययोजना और आगामी लक्ष्यों पर भी प्रकाश डाला तथा कहा कि टीम बरेका अपने सामूहिक प्रयास, तकनीकी दक्षता और नवाचार के बल पर आने वाले वर्षों में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
इनकी रही खास मौजूदगी
प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, मुख्य विद्युत इंजीनियर अरविंद कुमार जैन, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुदीप रावत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव, अमित कुमार, नवीन कुमार सिन्हा, सुशील कुमार सिंह, श्रीकांत यादव, एवं मनीष कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें