मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

DAV PG College में हिन्दी: अध्ययन एवं रोजगार की संभावना विषयक ओरिएन्टेशन प्रोग्राम

हिन्दी मजबूरी का नही, मजबूती का विषय-डॉ. रविशंकर




dil india live (Varanasi). वाराणसी के डीएवी पीजी कॉलेज के हिन्दी विभाग द्वारा मंगलवार को हिन्दी: अध्ययन एवं रोजगार की संभावना विषय पर ओरिएन्टेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. रविशंकर सोनकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दी सिर्फ एक भाषा नही है बल्कि यह भारतवर्ष की आत्मा है, हिन्दी पढ़ना गर्व की बात होनी चाहिये ना कि इसको लेकर ग्लानि का भाव हो। देश मे 57 फीसदी लोगो में बोली और समझे जानी वाली हिन्दी अब सिर्फ भारत तक सीमित नही है, बल्कि यह वैश्विक हो चली है। उन्होंने कहा कि हिन्दी के प्रति अपने नजरिये और विचारों को व्यापक रखने की आवश्यकता है। हिन्दी मजबूरी का विषय नही बल्कि मजबूती के विषय है। उन्होंने त्रिभाषा पद्धति को ठीक ढंग से अमल में लाने का विचार दिया और अन्य भाषाओं के प्रति पूर्वाग्रह वैचारिकी को त्यागने पर भी बल दिया। 

      महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो.मिश्रिलाल ने अतिथि का स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। स्वागत भाषण विभागाध्यक्ष प्रो.राकेश कुमार राम, संयोजन डॉ. अस्मिता तिवारी, संचालन डॉ. श्वेता मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नीलम सिंह ने दिया। कार्यक्रम में प्रो.राकेश कुमार द्विवेदी, प्रो. समीर कुमार पाठक, डॉ. संजीव वीर प्रियदर्शी, डॉ. शमशीर अली आदि प्राध्यापक एवं विद्यार्थी शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: