DAV PG College में युवा महोत्सव उड़ान-2026 का हुआ आगाज़
नाट्य में एसिड अटैक पीड़िता का छलका दर्द
डीएवी में पहली बार निकली सांस्कृतिक शोभायात्रा
एक दिन में 20 स्पर्धा, 300 से ज्यादा प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
dil india live (Varanasi). वाराणसी में डीएवी पीजी कॉलेज का युवा महोत्सव उड़ान- 2026 का शुक्रवार को रंगारंग आगाज हुआ। आइक्यूएसी (IQAC) के अंतर्गत सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में शुरू हुए युवा महोत्सव के पहले दिन एकल अभिनय, माइम, लघु नाटक, मिमिक्री, शोभायात्रा आदि आयोजनों की धूम रही। स्पंदन के दृष्टिगत पहली बार सांस्कृतिक शोभायात्रा (प्रोसेशन) भी निकाली गई। पहले दिन साहित्य, कला, अभिनय, रंगमंच की 20 विधाओं में 300 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल हुए।
उड़ान में पहली बार शोभायात्रा निकाली गई, जिसको लेकर स्टूडेंट्स में खासा उत्साह दिखा। कला संकाय के विद्यार्थियों ने रंगभरी एकादशी और मसाने की होली पर मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सामाजिक विज्ञान और कॉमर्स संकाय ने मानसिक स्वास्थ्य और कोटा पर आधारित आत्महत्या की प्रवृत्ति पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
रंगमंच की विधाओं में लेखक धर्मवीर भारती द्वारा लिखित नदी प्यासी थी का डॉ. विजय यादव के निर्देशन में भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके अलावा एसिड अटैक पर आधारित लघु नाटिका भोली चिरैया का मंचन हुआ तो सबकी आँखे सजल हो गयी। वहीं पगला घोड़ा की भी प्रस्तुति हुई। दूसरे विधाओं में मिमिक्री, माइम, एकल अभिनय, शास्त्रीय नृत्य आदि की प्रस्तुतियां हुई।
कला व साहित्य की स्पर्धाओं का बोलबाला
उड़ान के पहले दिन ललित कला की विधा में डिजिटल भारत, युवा भारत, पर्यावरण आदि पर रंगोली सजायी गयी तो मेहंदी, स्केचिंग, कार्टून, पेंटिंग, ऑन स्पॉट फोटोग्राफी में भी युवाओं ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। साहित्य की विधाओं में पहले चरण का क्विज के अलावा, टर्न कोट, हिन्दी, अंग्रेजी एवं संस्कृत संभाषण, निबंध की स्पर्धाएं आयोजित हुई।
इनकी रही खास मौजूदगी
इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव, कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। संयोजन डॉ. तरु सिंह एवं सह संयोजन डॉ. हसन बानो ने किया। उप प्राचार्य द्वय प्रो. संगीता जैन, प्रो.राहुल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. संजय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे। निर्णायक मण्डल में डॉ. ऋचारानी यादव, प्रो.संजय साह, डॉ. पारुल जैन, डॉ. स्वाति सुचरिता नन्दा, डॉ. प्रतिभा मिश्रा, डॉ. साक्षी चौधरी, डॉ. बन्दना बाल चंदनानी, डॉ. नेहा चौधरी, डॉ. ऋचा गुप्ता आदि शामिल रही।
कल का कार्यक्रम
युवा महोत्सव उड़ान - 26 का भव्य उद्धघाटन सत्र 15 फरवरी को अपराह्न 02 बजे से कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित होगा। मुख्य अतिथि पद्मश्री पं.शिवनाथ मिश्र महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। काशी के ख्यात कथक नर्तक रुद्रशंकर की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा प्रातः 10 बजे से विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें