सोमवार, 16 फ़रवरी 2026

DAV PG College: युवा महोत्सव में फ्यूजन बैंड का चला सब पर जादू

युवाओं को संजय मिश्रा ने दिया जिंदगी जीने का फलसफा



dil india live (Varanasi). वाराणसी में हर हर महादेव का उदघोष और अपने निराले अंदाज में दर्शकों से रूबरू होते फ़िल्म अभिनेता संजय मिश्रा को देख लोग झूम उठें। माँ कसम, ढोलू जस्ट चिल, पापा जैसे अपने चुटीले डायलॉग सुनाया तो दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुँच गया। अवसर था डीएवी पीजी कॉलेज में चल रहे तीन दिवसीय युवा महोत्सव 'उड़ान- 26' के समापन समारोह का। बतौर मुख्य अतिथि डीएवी पहुँचे संजय मिश्रा ने अपने चिर परिचित अन्दाज में युवाओं से सीधा संवाद कर सबका दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि संघर्ष का रास्ता ठीक होने से ही सफलता की सही शुरुआत होती है। जीवन के प्रति अपना नजरिया साझा करते हुए उन्होंने सीख दी कि व्यक्ति को सादा जीवन जीना चाहिए और बाहरी चकाचौंध (जैसे कौन सी गाड़ी है) के बजाय व्यक्ति के व्यक्तित्व पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, अपने करियर को नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी को प्रेरणास्रोत बनाओ और जीवन में किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि कई लोगों को प्रेरणा दें। उन्होंने यह भी कहा कि केवल पढ़ाई रटना काफी नहीं है, बल्कि उसे समझना जरूरी है। उन्होंने अपना उदाहरण दिया कि उन्होंने तबला नहीं सीखा, लेकिन तैरना सीख लिया। संजय मिश्रा ने अपने लोकप्रिय संवादों और मजाकिया अंदाज से पूरे माहौल को रसमयी बनाए रखा और छात्रों को जीवन को भरपूर जीने का संदेश दिया। प्रख्यात सितारविद पं. देवब्रत मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।



महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव एवं कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने संजय मिश्रा एवं देवब्रत मिश्र का अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया। स्वागत उपाचार्य द्वय प्रो. संगीता जैन एवं प्रो.राहुल ने किया। रिपोर्ट समन्वयक डॉ. तरु सिंह एवं संचालन डॉ. दीपक कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर आइक्यूएसी (IQAC) की समन्वयक डॉ. पारुल जैन, डॉ. हसन बानो, डॉ. विजयनाथ दुबे, डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. प्रियंका बहल, डॉ. ऋचा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।






फ्यूज़न बैंड ने जीता दिल

ईस्ट मीट्स वेस्ट फ्यूजन बैंड ने मन को मोह लेने वाली प्रस्तुतियां दी। उन्होंने सबसे पहले राग यमन की बंदिश “एरी आलि पिया बिन" सुनाया, उसके बाद साँसो की माला सुनाया तो समूचा प्रांगण तालियों से गूँज उठा। इसके बाद गरज गरज आज मेघ, हमरी अटरिया पे, शिव शिव शिव शूल ताल में ध्रुपद अंग में सुनाकर सबके रोम रोम को झंकृत कर दिया। बैंड में कृष्णा मिश्र सितार सह गायन , सेपे वर्मिनन - इलेक्ट्रिक गिटार (बेल्जियम), डैन फील्ड्स -ड्रम्स (यूएसए), नवनीत प्रजापति- (तबला),  वत्स अग्निहोत्री- सितार , राम आमदारे- गिटार , अभिषेक- कीबोर्ड, अनुराग गुप्ता- गायन पर रहे।

नारद के चालान ने गुदगुदाया

युवा महोत्सव में तीसरे दिन 10 से ज्यादा स्पर्धाओं में छात्रों ने प्रस्तुति दी। स्किट में डिजिटल भारत को समर्पित व्यंग 'नारद का चालान' ने सबको खूब गुदगुदाया। इसके अलावा तारक मेहता का उल्टा चश्मा और अनपढ़ नेता ने करारा कटाक्ष किया। इसके साथ ही फोक डांस, कल्चरल डांस आदि की भी मनमोहक प्रस्तुतियां हुई।

कोई टिप्पणी नहीं: