शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026

VKM Varanasi में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव Sarjana में हुआ धमाल

विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा 

बही सुरों की सरिता तो नृत्य नाट्य प्रस्तुतियों ने जीता सभी का दिल 





dil india live (Varanasi). वसंत कन्या महाविद्यालय, कमच्छा, वाराणसी में 6 फ़रवरी 2026 को वार्षिक युवा सांस्कृतिक महोत्सव ‘सर्जना 2025–26’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य एवं सफल आयोजन प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव व प्रबंधक उमा भट्टाचार्य के संरक्षण में संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतर्गत रंगोली, वादन, क्विज़, फैशन डिज़ाइनिंग एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से किया गया।

रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम इंचार्ज के रूप में डॉ. मंजू कुमारी एवं डॉ. सौमिली मंडल तथा संयोजक डॉ. वर्षा कुमारी, डॉ. आरती चौधरी, डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव, डॉ. दीक्षा जायसवाल एवं प्रोफेसर पूनम पांडेय ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिभागियों ने आकर्षक एवं सृजनात्मक रंगोलियों के माध्यम से अपनी कला का परिचय दिया।


वादन प्रतियोगिता का आयोजन सेमिनार कक्ष में किया गया, जिसमें कुल चार प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रस्तुति हेतु पांच मिनट का समय दिया गया। प्रतिभागियों ने शास्त्रीय, सुगम एवं पश्चिमी संगीत की श्रेणियों में राग बहार, राग यमन एवं राग शिवरंजनी की मनोहारी प्रस्तुति दी। सितार एवं बांसुरी की मधुर ध्वनि ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव एवं डॉ. पूनम वर्मा रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. मंजू कुमारी, प्रोफेसर मीनू पाठक एवं प्रोफेसर पूनम वर्मा उपस्थित रहीं।








क्विज़ प्रतियोगिता के अंतिम चरण का आयोजन ‘वसुधैव कुटुंबकम- प्रकृति की त्रयी को श्रद्धांजलि’ विषय पर किया गया। पूर्व चरण से चयनित 12 विद्यार्थियों में से 9 विद्यार्थियों ने अंतिम चरण में भाग लिया, जिन्हें जुपिटर, अर्थ एवं मार्स नामक तीन समूहों में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता में रैपिड फायर, बज़र, ऑडियो, विज़ुअल एवं फाइनल राउंड सहित कुल पांच चरण आयोजित किए गए। निर्णायक मंडल में डॉ. विजय कुमार, डॉ. पूर्णिमा एवं डॉ. शशिकेश कुमार गोंड की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतिभागियों ने उत्साह, एकाग्रता एवं तर्कशक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

फैशन डिज़ाइनिंग प्रतियोगिता में कुल छह छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की इंचार्ज डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव एवं डॉ. स्वीटा सिंह रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. संगीता, गरिमा उपाध्याय एवं डॉ. प्रियंका सम्मिलित रहीं। प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी एवं आकर्षक डिज़ाइनों के माध्यम से रचनात्मकता और सौंदर्य-बोध का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इसी क्रम में नृत्य प्रतियोगिता का भी भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, लय-ताल एवं मंच कौशल को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम की इन-चार्ज डॉ. पूनम वर्मा एवं डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव रहीं, जिन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। निर्णायक मंडल में मिस नीतिका वर्मा, डॉ. सरोज उपाध्याय और प्रतियोगिता में 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने शास्त्रीय, लोक एवं आधुनिक नृत्य शैलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्ण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण, सफल एवं सराहनीय रहा।

इस प्रकार ‘सर्जना 2025–26’ के अंतर्गत आयोजित सभी प्रतियोगिताएं अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहीं। इन कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।

कोई टिप्पणी नहीं: