बिहार के मंत्री जमा खान व उत्तर प्रदेश के दानिश आजाद अंसारी समेत लाखों ने लगाई हाजिरी
उर्स में अमन, मिल्लत और मुल्क की तरक्की की हुई दुआएं
dil india live (ambedkar nagar). मंगलवार (14-07-2026) को Hazrat Makhdoom Ashraf jahagir simnani के दर पर अंतिम दिन अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ा। इस मौके पर अमन मिल्लत के लिए हज़रत के 640 वें सालाना Urs में दुआएं मांगी गई व अकीदत लुटाने जायरीन का हुजूम उमड़ पड़ा।
दरअसल उर्स-ए-मखदूम अशरफ का मंगलवार (28 मोहर्रम) को सबसे महत्वपूर्ण दिन था। इसलिए किछौछा शरीफ में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ना लाजमी था।
उर्स सम्पन्न ख़िरका-ए-मुबारक की ज़ियारत
लाखों जायरीन ने उर्स के आखिरी दिन ख़िरका-ए-मुबारक की ज़ियारत कर रूहानी फ़ैज़ हासिल किया। हालांकि, इस दौरान भीषण गर्मी और घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से जायरीन परेशान जरूर हुएं मगर जियारत होते ही उन्हें वो सुकुन मिला की सारी तकलीफ भूल गए। बिजली की लगातार ट्रिपिंग को लेकर जायरीन में जो नाराज़गी और आक्रोश था। वो सब काफूर हो गया।
उर्स की सबसे अहम रस्म के तहत आस्ताना-ए-मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी के सज्जादानशीन मौलाना सैय्यद शाह मोहिउद्दीन अशरफ ने पवित्र ख़िरका-ए-मुबारक धारण कर सहन-ए-आस्ताना में ज़ियारत कराई। इस दौरान "लब्बैक या मखदूम अशरफ" के नारों से पूरा उर्स स्थल गूंज उठा और जायरीन ने भाव-विभोर होकर दीदार किया।
अमन के लिए जायरीन ने उठाया दुआ में हाथ
ज़ियारत के बाद सैय्यद मोहामिद अशरफ उर्फ़ शारिक मियां ने देश में अमन-चैन, खुशहाली, भाईचारे, बनारस के कारोबारियों की तरक्की तथा उर्स में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे पुलिस-प्रशासन के लिए विशेष दुआ कराई।
उर्स पर बिहार सरकार के मंत्री जमा खान और उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने दरगाह पर चादरपोशी कर देश की तरक्की, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। उनके साथ बड़ी संख्या में अकीदतमंद भी मौजूद रहे।
ख़िरका-ए-मुबारक का ऐतिहासिक महत्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार यह पवित्र ख़िरका-ए-मुबारक हज़रत मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी को उनके पीर हज़रत अलाउलहक पंडवी ने बतौर तोहफा अता किया था। हर वर्ष उर्स के दौरान इसका दीदार केवल 27 और 28 मोहर्रम को कराया जाता है। 28 मोहर्रम को अंतिम ज़ियारत के साथ इस वर्ष उर्स की रस्म संपन्न हो जाती है।
इस बार सबसे दुखद रहा की जिलाधिकारी ईशा प्रिया द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए जाने के बावजूद बिजली विभाग व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहा। लगातार ट्रिपिंग और कटौती के कारण लोगों में नाराज़गी साफ़ दिखाई दिखी।वहीं उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सीओ सिटी नीतीश कुमार और बसखारी थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के कंधों पर थी। पुलिस बल के साथ वो पूरे समय मुस्तैद रहे।
उर्स में इनकी रही खास मौजूदगी
सैय्यद फ़ैज़ान अहमद एडवोकेट (चांद मियां), सैय्यद मेराज अशरफ एडवोकेट, मौलाना सैय्यद अज़ीज़ अशरफ, सैय्यद खलीक अशरफ, सैय्यद फहद अशरफ, सैय्यद सेराज अशरफ, मलंग सज्जादानशीन मोहम्मद आलम शाह, गफूर शाह, इमरान गांधी सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें