जीएनआरएफ ने बुनकर कालोनी के पार्क को हरा भरा करने का उठाया बीड़ा, किया पौधारोपण
dil india live (Varanasi). वाराणसी में दावत-ए-इस्लामी हिंद के गरीब नवाज़ रिलीफ़ फाउंडेशन (GNRF) द्वारा बुनकर कालोनी में पौधारोपण अभियान (शर्जरकारी मुहिम) का आगाज़ किया गया। इस दौरान इस पार्क को हरा भरा करने के लिए मुहिम छेड़ने का ऐलान किया गया।
मीडिया प्रभारी डा. साजिद अत्तारी ने बताया कि दावत-ए-इस्लामी हिंद के मानव संसाधन विभाग GNRF के तहत पूरे हिंदुस्तान में शर्जरकारी मुहिम (पौधारोपण अभियान) शुरू किया गया है। इस मुहिम का मक़सद माहौल (पर्यावरण) को बेहतर बनाना व आलूदगी (प्रदूषण) को कम करना और मुल्क को ज़्यादा सरसब्ज़ व शादाब (हरा-भरा) बनाना है।
इस मुहिम के दौरान मुख़्तलिफ़ शहरों, क़सबों, स्कूलों, कॉलेजों, सड़कों के किनारे और विभिन्न जगहों पर हज़ारों सायादार और फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। साथ ही इन पौधों की हिफ़ाज़त, देखभाल और पानी का भी इंतज़ाम किया जाएगा ताकि ये पौधे बड़े होकर मज़बूत दरख़्त (पेड़) बन सकें।
जी एन आर एफ के ज़िम्मेदारान का कहना है कि दरख़्त हमारी ज़िंदगी, सेहत और साफ़ माहौल के लिए बेहद ज़रूरी हैं। उन्होंने अवाम से अपील की है कि वो इस मुहिम में भरपूर हिस्सा लें और कम से कम एक पौधा लगाकर माहौल को पर्यावरण फ्रेंडली व बेहतरीन बनाएं।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें