सोमवार, 18 मई 2026

UP: Varanasi K तीन खिलाड़ियों ने जीते 4 स्वर्ण, 1 रजत

फेडरेशन कप एरोबिक्स में वाराणसी के आरम्भ एकेडमी का रहा दबदबा 

न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड चैम्पियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व


dil india live (Varanasi). वाराणसी के आरम्भ स्पोर्ट्स एवं फिटनेस अकादमी के तीन खिलाड़ियों का चयन इसी वर्ष नवंबर में न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड एरोबिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। बीते दिनों 15 -17 मई तक कर्नाटक के मैसूर में  एफआईएएसएएफ इण्डिया द्वारा आयोजित फेडरेशन कप एरोबिक्स एवं हिप हॉप नेशनल चैंपियनशिप 2026 में एकेडमी के युवा उदयीमान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक अपने नाम किया और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया। सोमवार को विजयी पदकधारियों एवं उनके कोच का वाराणसी लौटने पर एकेडमी द्वारा एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। 

       मैसूर के जेएसएस विद्यापीठ में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 425 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिसमें एकेडमी के शावी शाह (अंडर-7 गर्ल्स), अनिरुद्ध स्वर्णकार (अंडर-11 बॉयज) ने व्यक्तिगत स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, वहीं याशिका वर्मा (अंडर-11 गर्ल्स) ने व्यक्तिगत स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।


इसके साथ ही मिक्स पेयर कैटेगरी (Under-11) में अनिरुद्ध स्वर्णकार और याशिका वर्मा की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी अलग पहचान बनाई। खिलाड़ियों के कोच आशीष शर्मा व प्रशांत रावत ने भी उनके साथ कड़ी मेहनत की और उन्हें यह मुकाम दिलाया।

   एकेडमी के निदेशक अजीत श्रीवास्तव, अखिलेश रावत, डॉ. प्रताप शंकर दुबे, राजेन्द्र तिवारी, रोहित रावत ने खिलाड़ियों का फूल मालाओं से स्वागत किया। अकादमी के चेयरमैन राहुल सिंह, जिला जिमनास्टिक संघ के अध्यक्ष डॉ. शचींद्रनाथ मिश्रा,  तकनीकी निर्देशक विश्वास राव आदि ने भी विजेता खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और वर्ल्ड एरोबिक्स प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन की आस भी जताई।

कोई टिप्पणी नहीं: