पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने किया वर्कशॉप का शुभारंभ
बोलें : डाक विभाग की कार्य प्रणाली में आएगी सरलता, एकरूपता एवं दक्षता
dil india live (Ahmedabad). भारतीय डाक विभाग द्वारा “वन स्टेट वन जीएसटी” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु 15 मई, 2026 को अहमदाबाद में एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप का शुभारंभ उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने किया। वर्कशॉप का उद्देश्य नई जीएसटी प्रणाली के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षित करना तथा एकीकृत कार्यप्रणाली को समझाना था। इसमें विभिन्न मंडलों के प्रवर अधीक्षक डाकघर, अधीक्षक, सीनियर पोस्टमास्टर और लेखाधिकारी शामिल हुए।
वर्कशॉप का शुभारंभ करते हुए पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि अब तक विभिन्न मंडलों में जीएसटी प्रक्रियाओं के संचालन में कार्यप्रणालीगत भिन्नताएँ देखने को मिलती थीं, किंतु यह नई व्यवस्था पूरे राज्य में एकीकृत प्रणाली के रूप में कार्य करेगी। इससे लेखांकन, टैक्स अनुपालन, इनवॉइस प्रबंधन तथा वित्तीय रिपोर्टिंग अधिक सरल एवं प्रभावी होगी। साथ ही प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि, समय की बचत, त्रुटियों में कमी तथा जवाबदेही में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित होगा। “वन स्टेट वन जीएसटी” केवल एक प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि कार्यप्रणाली में सरलता, पारदर्शिता, एकरूपता एवं दक्षता स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। बदलती आर्थिक एवं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप विभागीय कार्यशैली में सुधार समय की आवश्यकता है, जिससे अधिक सरल, पारदर्शी एवं उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। “वन स्टेट वन जीएसटी” इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सीनियर लेखाधिकारी बी. शिवा कुमार तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट कंसल्टेंट निर्मल भंडारी द्वारा वर्कशॉप में पुरानी एवं नई जीएसटी प्रणाली की तुलनात्मक समीक्षा, सप्लाई के वर्गीकरण, जीएसटी फ्रेमवर्क, पंजीकरण एवं उसकी प्रयोज्यता, इनपुट टैक्स क्रेडिट की पात्रता, प्रतिबंध, दावा प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजीकरण, सीजीएसटी नियम 42 एवं 43 के अंतर्गत आईटीसी वर्गीकरण, कॉमन क्रेडिट की पहचान, ब्लॉक्ड क्रेडिट विश्लेषण तथा पात्र एवं अपात्र आईटीसी का विभाजन, मासिक रिटर्न फाइलिंग चक्र एवं अनुपालन न करने के प्रभाव, तथा जीएसटी के अंतर्गत टीडीएस प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी दी गई। वरिष्ठ लेखा अधिकारी पूजा राठौर ने स्वागत भाषण देते हुए सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन किया तथा वर्कशॉप की रूपरेखा प्रस्तुत की।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग में “वन स्टेट वन जीएसटी” व्यवस्था लागू होने से विभागीय वित्तीय प्रबंधन अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी, एकीकृत एवं प्रभावी बनेगा। पूर्व व्यवस्था में प्रत्येक ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर (डीडीओ) के लिए अलग-अलग जीएसटी एवं जीएसटी-टीडीएस पंजीकरण संचालित होते थे। अब डाक निदेशालय द्वारा लागू किए जा रहे इस नए फ्रेमवर्क के अंतर्गत प्रत्येक राज्य में विभाग का केवल एकीकृत जीएसटी पंजीकरण होगा। इसके लिए डाक विभाग द्वारा केंद्रीकृत सिंगल पैन प्राप्त कर संबंधित जीएसटी पंजीकरणों से समुचित रूप से जोड़ा गया है। इस नई व्यवस्था से इनपुट टैक्स क्रेडिट का अधिक प्रभावी एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित होगा, कर भुगतान प्रक्रिया केंद्रीकृत एवं सरल बनेगी, अनुपालन संबंधी प्रक्रियाओं में एकरूपता आएगी तथा विभागीय वित्तीय दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इनकी रही खास मौजूदगी
वर्कशॉप में अहमदाबाद सिटी मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक चिराग मेहता, गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार, अहमदाबाद जीपीओ सीनियर पोस्टमास्टर सिराज मन्सुरी, महेसाणा मंडल के डाक अधीक्षक एस के वर्मा, साबरकांठा मंडल के डाक अधीक्षक दीपक वाढेर, पाटन मंडल के डाक अधीक्षक आर ए गोस्वामी, बनासकांठा मंडल के डाक अधीक्षक हर्षद परमार, मैनेजर दर्शन तपस्वी, सीनियर लेखाधिकारी बी. शिवा कुमार, सहायक लेखाधिकारी रामस्वरूप मँगावा, सुभाष कुमार, ऋषभ महेता, सहायक निदेशक वारिस वहोरा, रितुल गाँधी सहित तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें