बुधवार, 13 मई 2026

Banaras Sangit Gharana के इस कलाकार का मुम्बई में सम्मान

पं. देवब्रत को मिला मुम्बई में मधुबन रत्न सम्मान

dil india live (Mumbai). वाराणसी निवासी, बनारस संगीत घराने के ख्यातिलब्ध सितारवादक पं. देवब्रत मिश्र को मुम्बई में प्रतिष्ठित मधुबन रत्न सम्मान से नवाजा गया। शास्त्रीय संगीत में घरानों की परंपरा को सहेजने वाली मुम्बई की मधुबन चैरिटबल संस्था एवं स्वरमौली द्वारा उन्हें यह सम्मान दिया गया। मुम्बई, विले पार्ले ईस्ट स्थित वीर सावरकर सेवा केंद्र (श्रीराजभाऊ जोशी सभागृह) में प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु स्वामी श्याम मनोहर महाराज द्वारा पं. देवब्रत मिश्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर उनके पुत्र और उभरते हुए सितार वादक कृष्णा मिश्र को मधुबन गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष जयेश दंड एवं केशव परांजपे भी उपस्थित रहे।

       


कार्यक्रम में पं. देवब्रत मिश्र और कृष्णा मिश्र ने बनारस घराने की प्राचीन बंन्दिश सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने सबसे पहले राग पूरिया धनाश्री में अलाप के बाद तीन ताल में विलम्बित और द्रुत की बंन्दिश सुनाई। अन्त में बनारस की पारंपरिक ठुमरी अंग गायकी में बंन्दिश सुनाया तो समूचा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनके साथ तबले पर जयेश रेगे ने संगत किया। कार्यक्रम में पंडित सुखदेव चतुर्वेदी का ध्रुपद गायन भी हुआ।

पं. देवब्रत मिश्र ने इस सम्मान को अपने पिता विश्वविख्यात सितारविद पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र को समर्पित कर दिया।उनके सम्मान पर काशी के संगीत कलाकारों ने भी हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई दी।

कोई टिप्पणी नहीं: