निरीक्षण एवं गेट संख्या-04 से मैदागिन चौराहे तक पैदल गश्त कर अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
Sarfaraz Ahmad
dil india live (Varanasi). अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय, कमिश्नरेट वाराणसी शिवहरी मीणा द्वारा विश्वनाथ मन्दिर एवं उससे जुड़े आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य मंदिर परिसर में लागू सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं हेतु की गई लाइन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन तथा दर्शनार्थियों की सुगम एवं सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्थाओं का स्थलीय परीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त द्वारा मंदिर परिसर के विभिन्न प्रवेश एवं निकास द्वारों, बैरिकेडिंग व्यवस्था, कतार प्रबंधन, ड्यूटी प्वाइंट्स, सुरक्षा उपकरणों, सीसीटीवी मॉनिटरिंग व्यवस्था, कंट्रोल रूम संचालन, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की चेकिंग व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि मंदिर परिसर की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी बनाए रखें तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करें।
अपर पुलिस आयुक्त द्वारा विशेष रूप से यह निर्देशित किया गया कि मंदिर क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा लाइन व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं नियंत्रित बनाए रखा जाए। वृद्धजन, महिलाएं एवं बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही भीड़ अधिक होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों एवं अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था पूर्व से तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण उपरांत अपर पुलिस आयुक्त द्वारा मंदिर के गेट संख्या-04 से मैदागिन चौराहा तक पैदल गश्त भी किया गया। पैदल गश्त के दौरान मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, अतिक्रमण की स्थिति, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ठेला-खोमचा एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की गई।
निरीक्षण/भ्रमण के दौरान श्री गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त काशी, अनिल कुमार, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा, वैभव बैंगर, अपर पुलिस उपायुक्त काशी, अपर पुलिस उपायुक्त सुरक्षा, अतुल अंजन त्रिपाठी, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध सहित संबंधित थाना प्रभारी, एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान समस्त अधिकारियों द्वारा अपने-अपने दायित्व क्षेत्रों में लागू सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी अपर पुलिस आयुक्त को उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
अपर पुलिस आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि मंदिर क्षेत्र में सतत पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग एवं सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा समस्त श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों एवं यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। दर्शन के समय निर्धारित कतार एवं मार्गों का ही उपयोग करें तथा अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा कंट्रोल रूम को दें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन व्यवस्था एवं यातायात संचालन को प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें