शनिवार, 30 मई 2026

Bakhrid का तीन दिनी महा पर्व Aman और Millat के साथ सम्पन्न

रब की रज़ा के लिए तीन दिनों में लाखों जानवर हुए कुर्बान



Sarfaraz/Rizwan 

dil India live (Varanasi)। देश दुनिया में बक़रीद का तीन दिनी त्योहार अमनों मिल्लत के साथ सम्पन्न हो गया। बकरीद पर अकेले बनारस में तीन दिनों में मोमिनीन ने रब की रज़ा के लिए लाखों छोटे–बडे जानवरों की कुर्बानी दी। कुर्बानी के बाद उसका तबर्रुक लोगों ने अपने अजीजों, ग़रीबों, मिस्कीनों व उनके हकदारों को तकसीम किया। 

इससे पहले कुर्बानी का तीन दिनी पर्व बक़रीद का आगाज़ पहले दिन जुमेरात को रब की रजा के लिए मस्जिदों, ईदगाहों में नमाज़ के साथ शुरू हुआ था। केवल अपने शहर बनारस में ही लाखों लोगों ने रब की बारगाह में सिजदा किया था। नमाज के बाद से घरों में छोटे–बडे जानवरों की कुर्बानी का जो आगाज़ हुआ वो तीन दिनों तक रवायत के साथ मगरिब की नमाज़ के पहले तक चलता रहा। 

खुशियों में डूबे नज़र आएं मोमिन 

तीन दिन चलने वाली ईदुल अजहा कि खुशियों में मोमिनीन डूबे नज़र आएं। इस मौके पर दोनों वर्गों के लोगों ने दावतों का एक साथ लुत्फ उठाया। तीसरे और अंतिम दिन शाम तक लोगों ने कुर्बानी की। कुर्बानी के बाद गोश्त और सेवईयों का तबर्रुक अजीजों, ग़रीबों और मिसकीनो में तकसीम किया। घरों और आसपास के लोगों के यहां घर के छोटे-छोटे बच्चे तबर्रुक पहुंचाते नज़र आएं तो दूर दराज घरों के बड़े बाइक और कार व अन्य साधनों से तबर्रुक पहुंचाने अपने अज़ीजो और रिश्तेदारों के यहां आते जाते दिखाई दिए। इस बार भी ईदुल अजहा पूरे अमनों मिल्लत और सौहार्द के साथ संपन्न हो गया। इससे जिला जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने जहां राहत की सांस ली वहीं उलेमा ने अल्लाह रब्बुल इज्जत का शुक्रिया अदा किया की रब ने अमनों मिल्लत के साथ त्योहार सम्पन्न कराया। कल इतवार होने से लोगों को त्योहार के साथ एक छुट्टी मिल रही है इससे लोगों को आराम का मौका मिलेगा। सोमवार से सभी अपने अपने कामों में व्यस्त हो जाएंगे।


बकरीद पर 250 टन से अधिक अपशिष्ट

बकरीद के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नगर निगम वाराणसी ने विशेष अभियान चलाया। कुर्बानी के बाद उत्पन्न होने वाले लीदा-पचौनी एवं अन्य जैविक अपशिष्टों के त्वरित निस्तारण के लिए व्यापक स्तर पर संसाधन और मानवबल तैनात किया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर शहर के 79 चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान जारी रहा। इसके लिए डीपी कंटेनर, कॉम्पैक्टर, हॉपर, टाटा एस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडर और डम्पर सहित कुल 94 वाहनों को लगाया गया। नगर निगम के अनुसार, लगातार संचालन और निगरानी के चलते बकरीद के दौरान शहर भर से लगभग 250 से 280 टन लीदा-पचौनी एवं अन्य अपशिष्टों को एकत्र कर शहर की सीमा से बाहर पहुंचाया गया।

वैज्ञानिक तरीके से किया गया निस्तारण 
एकत्रित सभी जैविक अपशिष्टों को करसड़ा स्थित प्लांट में ले जाकर विशेष रूप से तैयार किए गए पिट्स में वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारित किया गया, ताकि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। नगर निगम की सक्रियता और चौबीसों घंटे की निगरानी का ही परिणाम रहा कि त्योहार के बाद भी शहर की गलियों, मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था बनी रही।

कोई टिप्पणी नहीं: