रविवार, 17 मई 2026

Medical news Varanasi: सेवा सदन में 8 बेड वाले प्रसूति रोग विभाग का हुआ शुभारंभ

सेवा सदन अस्पताल शहर की प्राण वायु जैसा- नीलकण्ठ तिवारी

सी आर्म आर्थो मशीन और मॉड्यूलर ओटी के साथ एडवांस लेबर रूम भी हुआ लोकार्पित


dil india live (Varanasi). वाराणसी शहर के मध्य बांसफाटक स्थित हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय में रविवार को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के नवनिर्मित 8 बेड वाले आधुनिक सुविधाओं से युक्त वार्ड एवं 3 ओपीडी कक्ष का शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही हड्डी रोग विभाग में आधुनिक तकनीक से हड्डी जोड़ने वाली सी आर्म आर्थो मशीन भी मरीजों की सुविधाओं के लिए लोकार्पित हुआ। मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकण्ठ तिवारी, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव गुप्ता, अस्पताल प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, सचिव राजेन्द्र मोहन साह, समाजसेवी उमाशंकर पोद्दार सहित अन्य गणमान्य जनों ने फीता काटकर इन नागरिक सुविधाओं का शुभारंभ किया। 

 इस अवसर मुख्य अतिथि डॉ. नीलकण्ठ तिवारी ने कहा कि सेवा सदन अस्पताल शहर के लोगों के लिए किसी लाइफ लाइन से कम नही है, सौ वर्ष पुराने इस अस्पताल में इस तरह की सुविधाओं का लाभ प्रत्यक्ष रूप से 4 लाख की आबादी को होगा। हमारा प्रयास है कि जल्द ही यहां भी आयुष्मान कार्ड की सुविधा भी शुरू हो और अन्य विभागों का भी नवीनीकरण किया जाये। 

 मॉड्यूलर ओटी, एडवांस लेबर रूम
अस्पताल के सचिव राजेन्द्र मोहन साह ने बताया कि प्रसूति रोग विभाग में मॉड्यूलर ओटी, एडवांस लेबर रूम और 8 बेड के साथ वार्ड का शुभारंभ हुआ। यहाँ नवजात शिशुओं के लिए भी सुविधाएं दी जायेंगी। अस्पताल में डॉ. मोनिशा सिंह एवं डॉ. शिवांगी पाण्डेय परामर्श चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही है। हड्डी रोग विभाग में डॉ. अविनाश कुमार मिश्र मरीजों को परामर्श देंगे। प्रसूति रोग विभाग के लिए समाजसेवी उमाशंकर पोद्दार एवं हड्डी रोग विभाग के लिए अमृतसर के सुधा डागा चैरिटेबल ट्रस्ट के मनीष एवं अर्पित महेश्वरी द्वारा सहयोग किया गया है।


इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उमाशंकर अग्रवाल, दीपक बजाज, जगदीश झुनझुनवाला, प्रदीप तुलस्यान, अनुज डिडवानिया, अनिल रस्तोगी, ललित लड्डा, नरेंद्र भुरारिया, विनोद खतोरे, अनिल सराफ, सत्य प्रकाश जालान, राजकुमार वाही आदि उपस्थित रहे। संचालन राजेन्द्र मोहन साह, स्वागत अशोक कुमार गुप्ता एवं धन्यवाद ज्ञापन अनिल रस्तोगी ने दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: