रविवार, 21 जून 2026

World Yoga Day: विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने किया सामूहिक योग

वाराणसी टूरिज्म गिल्ड (VTG) ने  होटल क्लार्क्स में मनाया योग दिवस

dil india live (Varanasi). 21 Jun यानी world yoga day आज वाराणसी की विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने सामूहिक योग का आयोजन किया। इस क्रम में वाराणसी टूरिज्म गिल्ड एवं होटल क्लार्क्स के संयुक्त तत्वावधान में 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन छावनी क्षेत्र स्थित होटल क्लार्क्स के प्रांगण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पर्यटन उद्योग से जुड़े लगभग 200 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में ट्रैवल एजेंट, टूर ऑपरेटर, होटल व्यवसायी एवं उनके स्टाफ, टूर गाइड, एस्कॉर्ट, ड्राइवर तथा नाविक (बोटमैन) बड़ी संख्या में शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान न्यूरोसिटी हॉस्पिटल द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य एवं योग शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराई। शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कैल्शियम एवं बोन डेंसिटी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इस अवसर पर वाराणसी टूरिज्म गिल्ड  (VTG)

के अध्यक्ष सुभाष कपूर ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन प्रत्येक व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। गिल्ड के सचिव सौरभ पाण्डेय ने कहा कि वाराणसी टूरिज्म गिल्ड (VTG) सदैव अपने सदस्यों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति सजग रहती है। 


इनकी रही खास मौजूदगी 

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सुभाष कपूर, सचिव सौरभ पाण्डेय, वरिष्ठ सदस्य रंजीत श्रीवास्तव, प्रमोद सिंह, माजिद खान, नौनिहाल सिंह, अनिल त्रिपाठी, राजन सिंह, अरविंद मिश्रा ‘गोकुल’, परमानंद सिंह, गजेन्द्र चौबे, दिनेश मिश्रा, विनय सिंह, रवि तिवारी, अजय सिंह सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। गिल्ड के उपाध्यक्ष एवं योग गुरु बृजेश सिंह ने योगाभ्यास का संचालन किया तथा उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।




सिटी स्टेशन पर डेयर ने किया योग

डेयर संस्था की ओर से सिस्टर मंजू व फादर रोबिन की अगुवाई में सिटी रेलवे स्टेशन पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया। स्टेशन मास्टर और उनकी टीम के सहयोग से सुबह 7:30 बजे शुरू हुए इस आयोजन में लोगों का हुजुम उमड़ा हुआ था। इस अवसर पर डेयर संस्था द्वारा लोगों को ठंडा पानी भी वितरित किया गया। सिस्टर मंजू ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया यह आयोजन विश्व विख्यात हो चुका है। योग वास्तव में हम सभी के लिए बेहद जरूरी है। हम सभी के जीवन में इसका बहुत योगदान है। जो भी सदैव योग करता आ रहा है उसे इसकी खूबियां पता है उसे बताने की जरूरत नहीं  है । आयोजन में डेयर के बच्चे, वालेंटियर, स्टेशन इम्प्लाइज व यात्री शिविर में शामिल हुए।



डीएलडब्ल्यू में रही धूम, कई स्थानों पर लगा योग शिविर

बनारस रेल इंजन कारखाना का वातावरण आज पूर्णतः योगमय हो गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में BLW के विभिन्न स्थानों पर भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों, प्रशिक्षुओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया।

अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य योग शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक आशुतोष पंत को पौधा भेंट कर सम्मानित किए जाने के साथ हुआ। इसके उपरांत महाप्रबंधक द्वारा योग गुरु संजय कुमार शर्मा को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से "वंदे मातरम्" का गायन कर राष्ट्रप्रेम एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

योग गुरू संजय कुमार शर्मा की अगुवाई में महाप्रबंधक आशुतोष पंत, प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों सहित उपस्थित जनों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के उपरांत महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने योग गुरु संजय कुमार शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

इसी क्रम में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में प्राचार्य प्राविधिक प्रशिक्षण केन्द्र सुभाष चंद्र यादव के कुशल नेतृत्व तथा योग गुरु डॉ. आनंद कुमार कर्ण के मार्गदर्शन में आयोजित योग शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

वहीं कर्मचारी क्लब में आयोजित योग शिविर में वरिष्ठ तकनीशियन (विद्युत) एवं योग प्रशिक्षक श्री सरोज कुमार सिंह के निर्देशन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने योगाभ्यास करते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित इन योग शिविरों में व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का संदेश देते हुए प्रतिभागियों ने "स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत" के संकल्प को साकार करने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।



योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं समग्र पद्धति है। इसी भावना के साथ बरेका परिवार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 को उत्साह, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता के साथ मनाते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय समीर पॉल ने किया।


दिव्यांग बच्चों के लिए वरदान 'दिव्य योग'

देवा इंटरनेशनल सोसायटी फॉर चाइल्ड केयर, वाराणसी द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देवा ग्राम (बचाव) स्थित देवा संस्थान में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने 'दिव्य योग' का सामूहिक प्रदर्शन कर योग के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विद्यालय संगठन की पूर्व प्राचार्य रीना मुखर्जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में दिव्यांग कृष्णा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष एवं प्रमुख चिकित्सा मनोवैज्ञानिक एवं मनोचिकित्सक डॉ. तुलसी ने अपने संबोधन में बताया कि योग भारत की प्राचीन आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक परंपरा है, जिसका उद्देश्य शरीर, मन और आत्मा का संतुलित विकास करना है। 


डॉ. तुलसी ने बताया कि दिव्यांग बच्चों, विशेषकर एडीएचडी (ADHD), ऑटिज्म एवं बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों के लिए पिछले 20 वर्षों के शोध के आधार पर 'दिव्य योग' विकसित किया गया है। इसमें हठयोग, ध्यान योग, नाद योग, कर्मयोग, भक्ति योग के साथ संतुलित आहार एवं व्यवहार संबंधी विशेष प्रशिक्षण शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले 15 से 20 वर्षों में लगभग 400 दिव्यांग बच्चों पर किए गए अभ्यास में बिना दवा के केवल नियमित दिव्य योग, उचित आहार और व्यवहार में परिवर्तन के माध्यम से उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। बच्चों की हाइपर एक्टिविटी में कमी, ध्यान एवं एकाग्रता में वृद्धि, संवाद क्षमता का विकास, आत्मविश्वास में बढ़ोतरी तथा सामाजिक व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन दर्ज किए गए हैं। साथ ही अभिभावकों में भी अपने बच्चों के प्रति स्वीकार्यता और सकारात्मक सोच विकसित हुई है।

कार्यक्रम के दौरान कई अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित दिव्य योग से उनके बच्चों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया है। डॉ. तुलसी ने अन्य संस्थाओं से भी इस शोध आधारित योग पद्धति को अपनाने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांग बच्चों को इसका लाभ मिल सके और वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ सकें। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव श्यामलाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


निरंकारी योग दिवस एवं बाल समागम

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लहुराबीर स्थित संत निरंकारी मिशन द्वारा बच्चों एवं बड़ों को योग अभ्यास कराया गया। उक्त अवसर पर बताया गया कि,आज बच्चों को बचपन से ही भक्ति से जोड़ने की जरूरत है,क्योंकि संसार में रहकर बच्चों में गलत संगत के कारण नशे की लत और सामाजिक बुराईयां उत्पन्न हो जाति है। जिससे बच्चे भक्ति से दूर होकर माता-पिता के साथ भी असहज महसूस करने लगते है। यही आज हर घर में चिंता का विषय बना हुआ हैं। योग अभ्यास के दौरान बाल सत्संग की स्थापना करके बच्चों को एक परम पिता परमात्मा से जोड़ कर सच्ची भक्ति करने की प्रेरणा दे रहा हैं,इसी का प्रमाण है यह बाल समागम।

 निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित यह जन कल्याणकारी अभियान समाज को स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए समग्र कल्याण का संदेश प्रदान करता है। समस्त संगत का आभार वाराणसी जोन के जोनल इंचार्ज सिद्धार्थ शंकर सिंह ने व्यक्त करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सद्गुरु माता के चरणों में अरदास किया।

रिपोर्ट-F.farooqui babu, Ajeet Singh rajpoot, Utpal Mukherjee 

कोई टिप्पणी नहीं: