मंगलवार, 23 जून 2026

Lucknow अग्निकांड के बाद Varanasi में 5 कोचिंग सेंटरों में मिलीं खामियां, भवन सील

अग्निशमन विभाग की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

ऐलान: शिक्षण संस्थाओं में जारी रहेगी आगे भी कार्यवाही 

dil india live (Varanasi). वाराणसी में अग्निशमन विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर कोचिंग सेंटर्स में जांच अभियान चलाया गया। दुर्गाकुंड, मकबूल आलम रोड और बाबतपुर क्षेत्र के कोचिंग संस्थानों की जांच के दौरान फायर सेफ्टी मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर पांच कोचिंग सेंटरों के भवन सील कर दिए गए। वहीं कई अन्य संस्थानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। दरअसल लखनऊ के कोचिंग सेंटर में अग्निकांड में एक दर्जन से ज्यादा स्टूडेंट्स की मौत हो गई इसके बाद प्रदेश भर में शिक्षण संस्थानों में आज से पड़ताल अभियान चलाया जा रहा है।





अग्निशमन विभाग की टीम ने दुर्गाकुंड क्षेत्र स्थित जेआरएस, एल-वन, एलेन कोचिंग सेंटर के अलावा मकबूल आलम रोड पर संचालित आकाश कोचिंग, माइक्रोटेक कोचिंग और जेबीकेबी कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पिंडरा फायर स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत शिव प्रभा भवन शगुनहा, इसरो सेल स्टडी सेंटर और इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन, बाबतपुर की भी जांच की। इस दौरान कुछ में उपकरण तो मिले, लेकिन व्यवस्था अधूरी ही थी। निरीक्षण के दौरान माइक्रोटेक कोचिंग सेंटर में लगा स्मोक डिटेक्टर क्रियाशील स्थिति में नहीं मिला। वहीं जेबीकेबी कोचिंग सेंटर में केवल अग्निशमन यंत्र लगा हुआ पाया गया, जबकि अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम मौजूद नहीं थे। 



फायर अधिकारियों ने बताया कि कई संस्थानों में अग्निशमन यंत्र और अन्य सुरक्षा उपकरण तो उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें संचालित करने वाले कर्मचारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं दिया गया है। कुछ जगहों पर जिम्मेदार कर्मचारी निरीक्षण के समय अनुपस्थित मिले। ऐलेन कोचिंग सेंटर में भी खामियां मिलने पर भवन को सील कर दिया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने समाचार लिखे जाने तक विभिन्न कोचिंग संस्थानों में जांच अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने भवनों में आपातकालीन निकास, स्मोक डिटेक्टर, अग्निशमन यंत्र, सुरक्षा संकेतक और कर्मचारियों की तैयारी की स्थिति का भी मूल्यांकन किया।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता 
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान अन्य शिक्षक संस्थाओं में जारी रहेंगे। आनंद सिंह राजपूत ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों में कमियां मिली हैं, उनकी विस्तृत सूची तैयार कराई जा रही है। संबंधित कोचिंग संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर खामियां दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: