रेलवे बोर्ड नयी दिल्ली में सोमेश कुमार,अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) के पद पर हैं कार्यरत
F. Farouqi/ Santosh Nagvanshi
Varanasi (dil india live). भारतीय रेल सेवा के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कैडर के 1987 बैच के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी सोमेश कुमार ने बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण किया। वर्तमान में वे रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली में अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सोमेश कुमार ने वर्ष 1991 में झांसी मंडल में सहायक विद्युत इंजीनियर (सामान्य) के रूप में भारतीय रेल सेवा में अपना करियर प्रारंभ किया था। लगभग 34 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा अवधि में उन्होंने रेलवे के अनेक महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी अद्वितीय नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है। उन्होंने झाँसी, बरेका, भोपाल, नागपुर, अंबाला, लखनऊ, सिकंदराबाद एवं चेन्नई जैसे प्रमुख जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
ऊर्जा संरक्षण में उल्लेखनीय उपलब्धियां
प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, दक्षिण मध्य रेलवे, सिकंदराबाद के रूप में सोमेश कुमार के कार्यकाल में, दक्षिण मध्य रेलवे को राष्ट्रीय स्तर पर चार ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार प्राप्त हुए जो किसी भी क्षेत्रीय रेलवे द्वारा प्राप्त सर्वाधिक थे। इसके अतिरिक्त विभिन्न मंडलों को पांच राज्यस्तरीय और छह CII पुरस्कार भी प्राप्त हुए।
नागपुर मंडल में उत्कृष्ट प्रशासनिक प्रदर्शन
मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर के रूप में, सोमेश कुमार के कार्यकाल में मंडल ने रेलवे सप्ताह 2018-19 में 7 शील्ड और 2019-20 में 8 शील्ड प्राप्त की। साथ ही, माल लदान में वृद्धि के लिए उन्हें रेलवे बोर्ड द्वारा विशेष प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें