शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2025

DAV PG College में सोमा घोष के सुरों से चहकी उड़ान की दूसरी शाम

डीएवी में युवा महोत्सव उड़ान-2025

'जाने क्यों आज तेरे अंजाम पर रोना आया...'




Varanasi (dil India live)। डीएवी पीजी कॉलेज में तीन दिनी युवा महोत्सव का दूसरा दिन पद्मश्री डॉ. सोमा घोष के नाम रहा। सोमा की कानों में मिश्री घोलने वाली मधुर आवाज़ ने सुर मिलाया,  'तुम्हे देखकर लगता है जैसे, बहारों का मौसम आया हो...तो सभागार में मौजूद हर शख्स झूमता और वाह वाही  देता नजर आया। कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुम्बई से आई प्रख्यात शास्त्रीय गायिका एवं पद्मश्री डॉ. सोमा घोष ने अपने सुरों से सबका मन मोह लिया। इस दौरान डॉ. सोमा घोष, प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव, कार्यकारी प्राचार्य प्रो. मिश्री लाल सहित अन्य गणमान्य जनों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उड़ान का शुभारंभ किया। इसके उपरांत डॉ. सोमा घोष ने गजलों और गीतों के जरिये युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने सुनाया 'किसी की मुस्कुराहटों पर हो निसार, जीना इसी का नाम है'। इसके बाद 'हमरी अटरिया पर आजा रे सांवरिया' सुनाया तो समूचा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके पश्चात उन्होंने 'जाने क्यों आज तेरे अंजाम पर रोना आया' सुनाकर लोगों का मूड थोड़ा चेंज किया। अंत में 'आज जाने की जिद ना करो' सुनाया तो फिर लोग चहक उठें। उनके साथ तबले पर उदय शंकर, की बोर्ड पर संतोष मौर्य एवं साइड रिदम पर रवि त्रिपाठी ने संगत किया। 

सफर में धूप तो होगी, अगर चल सको तो चलो 

 युवा महोत्सव उड़ान में युवाओं को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए डॉ. सोमा घोष ने कहा कि जीवन के सफर में कठिनाईयां बहुत आती है, सफर में धूप तो होगी ही, अगर चल सको तो चलो। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव नारी शक्ति को समर्पित किया गया है जो अत्यंत सराहनीय है, स्त्री के बिना सृष्टि की कल्पना ही नही है। साक्षात शिव बिना शक्ति के शव समान है, जब माँ गौरी रूप में उनके साथ विराजती है तब वे शिव बनते है। उन्होंने कहा कि शब्द ही ब्रह्म है और शिव नाद ब्रह्म के उपासक है। सभी को संगीत सीखना चाहिए, संगीत संस्कार सिखलाती है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की ब्रांड एम्बेसडर डॉ. सोमा।घोष ने कोलकाता के आरजिकर कॉलेज की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि जिसने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया, उसे वह संस्कार नही मिला, उसे वह शिक्षा नही मिली। 

इस मौके पर महाविद्यालय के मंत्री / प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। अध्यक्षता प्रो. मिश्रीलाल ने किया। स्वागत उद्धबोधन उपाचार्य प्रो. संगीता जैन ने किया। विषय स्थापना डॉ. तरु सिंह, संचालन डॉ. दीपक शर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. साक्षी चौधरी ने किया। इस मौके पर उपाचार्य प्रो. राहुल, आइक्यूएसी की समन्वयक डॉ. पारुल जैन भी मंच पर उपस्थित रहे। इसके पूर्व पाणिनि कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा वेद पाठ किया गया। छात्रों ने कुलगीत प्रस्तुत किया। 

नृत्य में छात्राओं में मचाया धमाल

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम में दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने नृत्य संगीत से जमकर धमाल मचाया, सबसे पहले एकल गायन में ऋषभ शंकर सिंह ने दमा दम मस्त कलंदर, मनीष पाण्डेय ने डिमक डिमक डमरू बाजे, सत्यम पाण्डेय ने ओ री चिरैया, गरिमा गुप्ता ने 'मिथिला नगरिया निहाल सखिया' आदि ने गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं वेस्टर्न वोकल सोलो में ऐमन नाज़ ने 'लाइक माय फादर', पौरुष नेगवान ने 'ब्लू', श्रुति थापा ने 'फीलिंग गुड' सुनाया। इसके अलावा ग्रुप डांस में श्रेया एवं समूह, खुशी सिंह एवं समूह, ऋषिता शर्मा एवं समूह, प्रियंका कुमारी एवं समूह शामिल रहे। एकल नृत्य में श्रिया पाण्डेय, अदिति केशरी, गार्गी शर्मा आदि शामिल रहे। 

निर्णायक मण्डल में डॉ. स्वाति सुचरिता नंदा, डॉ. प्रतिभा मिश्रा, डॉ. बंदना बालचंदनानी, डॉ. ओम प्रकाश कुमार, डॉ. आहुति सिंह, डॉ. शालिनी सिंह, नजम उज्ज जमान, रुचि भाटिया, डॉ. नजमुल हसन, डॉ. रश्मि त्रिपाठी, डॉ. श्रुति अग्रवाल, डॉ. शान्तनु सौरभ आदि शामिल रही। वहीं चीफ प्रॉक्टर डॉ. संजय कुमार सिंह सहित सांस्कृतिक समिति की ओर से डॉ. हसन बानो, डॉ. विजयनाथ दुबे, डॉ. ऋचा गुप्ता, डॉ. प्रियंका बहल, डॉ. त्रिपुर सुन्दरी, डॉ. गोपाल चौरसिया आदि शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर स्वच्छता जागरूकता संग सम्पन्न

एनएसएस स्वयंसेवको ने किया पौधरोपण  Varanasi (dil India live). राजकीय प्राथमिक विद्यालय, छित्तूपुर खास में विशेष एनएसएस शिविर के सातवें दिन ...