सोमवार, 22 सितंबर 2025

UP: राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण कार्यशाला मथुरा Main छा गईं Varanasi Ki Chavi

कार्यशाला में छवि अग्रवाल की पुस्तक का विमोचन संग हुआ सम्मान 

Varanasi (dil india live). हिंदुस्तान कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, फरह, मथुरा में बेसिक एजुकेशन मूवमेंट ऑफ इंडिया और राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण कार्यशाला एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता चौहान, पूर्व सांसद श्री ओमपाल सिंह ‘निडर’ और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मथुरा श्री रविंद्र सिंह उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री रविंद्र सिंह ने महिलाओं के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक अधिकारों पर चर्चा करते हुए कहा कि इस संगोष्ठी और सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं की गरिमामय स्थिति और सामाजिक विकास की यात्रा में उनके योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है। उन्होंने शिक्षिकाओं के योगदान पर विशेष प्रकाश डालते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

पूर्व सांसद श्री ओमपाल सिंह ‘निडर’ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “स्त्री सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सभी क्षेत्रों में कार्य करने में सक्षम है। सशक्तिकरण का अर्थ केवल शक्ति का अधिग्रहण नहीं, बल्कि अपनी शक्ति के प्रयोग की क्षमता का विकास करना है।” 


इस अवसर पर छवि अग्रवाल द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित व संपादित पुस्तक (ISBN 978-93-7026-096-2) का विमोचन हुआ। कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया। देश के 75 जिलों से बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया, जिसमें वाराणसी जिले की छवि अग्रवाल को विशेष रूप से बालिका शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों हेतु सम्मानित किया गया।

 यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम साबित हुआ, जिसमें उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने समाज में महिलाओं की भूमिका को और सशक्त करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कोई टिप्पणी नहीं: