15 छात्राओं ने ग्रुप शो में 50 से अधिक दिलकश कृतियों की लगाई प्रदर्शनी
गोंड, वारली तो कहीं मधुबनी पेंटिंग को निहारते दिखें कला प्रेमी
dil india live Varanasi
वाराणसी। वसंत कन्या महाविद्यालय, कमच्छा के चित्रकला विभाग के अंतर्गत बी.ए. द्वितीय वर्ष (एम.डी.) की छात्राओं द्वारा लोक कला एवं लघुचित्रकला विषय पर "कलाधारा" एक दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में लगभग 15 छात्राओं द्वारा निर्मित 50 से अधिक चित्रों एवं कलाकृतियों को प्रदर्शित की गई।
प्रदर्शनी का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं की कलात्मक अभिव्यक्ति, सृजनशीलता एवं भारतीय कला परंपराओं के प्रति उनकी समझ की सराहना करते हुए उन्हें कला के क्षेत्र में निरंतर प्रयोग एवं अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रदर्शनी की मुख्य विशेषताएं
- वरली, मधुबनी एवं गोंड जैसी प्रमुख लोक कला शैलियों पर आधारित चित्र
- भारतीय लघुचित्र (पहाड़ी एवं मुगल चित्रकला) की विभिन्न विषयवस्तु
- छात्राओं ने पारंपरिक कला शैलियों को अपनी रचनात्मक दृष्टि के साथ प्रस्तुत किया
इस चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन चित्रकला विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. वर्षा सिंह एवं डॉ. नेहा वर्मा के निर्देशन में किया गया। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने विभिन्न लोक कला शैलियों एवं लघुचित्रकला का अध्ययन करते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय लोक एवं पारंपरिक कला के अध्ययन के साथ-साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करना तथा उनमें कला के प्रति आत्मविश्वास एवं व्यावहारिक अनुभव विकसित करना रहा।
इस अवसर पर डॉ. शुभ्रा सिन्हा, डॉ. श्रीप्रिया, अभिलाषा पटेल सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित शिक्षकगण ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छात्राओं की कलाकृतियों एवं उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें