पिंकी त्रिपाठी बनी 'मिस सावन'
श्रेष्ठ बैलेंस में रंजू यादव तथा म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता रही पूजा कश्यप के नाम
सावन की हरियाली, लोक संस्कृति की मिठास और महिलाओं के उत्साह से सजा सावन महोत्सव, बना यादगार
- F. farooqui / Ajeet Singh rajpoot
dil india live (Varanasi). वाराणसी में संस्थान बरेका द्वारा सावन की हरियाली, लोक संस्कृति एवं महिला सहभागिता को समर्पित सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं रंगारंग वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर सावन के पारंपरिक उल्लास एवं उमंग को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन शिवांशी फिटनेस जोन की संचालिका बिंदु सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने विभिन्न मनोरंजक एवं रोचक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक गीत-संगीत, सावन की उमंग एवं मनोरंजक खेलों ने पूरे कार्यक्रम को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
प्रतियोगिताओं में फिटनेस, रूप एवं वस्त्र सज्जा के आधार पर पिंकी त्रिपाठी को ‘मिस सावन’ चुना गया। वहीं श्रेष्ठ बैलेंस प्रतियोगिता में रंजू यादव तथा म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में पूजा कश्यप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में सुनीता, प्रिनु विश्वकर्मा, प्रतिभा, कृष्णा, संजू, रजनी यादव, गायत्री, सीमा, विभा शाही, नीलिमा, रीना, सोनी तिवारी, गायत्री तिवारी एवं सलोनी आदि महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विजेता एवं श्रेष्ठ प्रतिभागियों को बरेका के जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार एवं रजनी द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर प्रतिभागियों के चेहरे पर खुशी एवं उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एस.के. सिंह ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सावन महोत्सव ने न केवल महिलाओं को मनोरंजन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान किया, बल्कि भारतीय लोक परंपराओं, सावन की संस्कृति एवं आपसी सौहार्द को जीवंत बनाए रखने का संदेश भी दिया।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें