असफलता से निराश ना हो, एक लक्ष्य लेकर आगे बढ़े- पुलिस आयुक्त
सोशल मीडिया को ना बनने दें करियर में बाधा - डीएम वाराणसी
डीएवी कॉलेज में छात्र संवाद का हुआ आयोजन
dil india live (Varanasi). वाराणसी में उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर शुक्रवार को औसानगंज स्थित डीएवी पीजी कॉलेज में जिले के आला अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित छात्र संवाद कार्यशाला में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने छात्रों को सिविल सर्विसेज एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित करने का मंत्र दिया और अपने अनुभव साझा किये।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि असफलता से निराश होने के बजाए एक लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ते रहे तो सफल होने से कोई नही रोक सकता है। छात्र जीवन का यह समय बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है जब हमें अपनी दिशा तय करनी होगी। यूपीएससी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यहाँ हर विधा के विद्यार्थियों के लिए जगह है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासित और लगातार मेहनत करने वाला विद्यार्थी अपने जीवन मे कभी असफल हो ही नही सकता है। मेहनत करने वालों के लिए रास्ते खुदबखुद बन जाते है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि सफलता से पूर्व हमारे जीवन मे कई बाधाएं आती है, उनमें से आजकल सोशल मीडिया भी है, हमें सिर्फ मछली की आँख देखनी है और कुछ नही। आने वाला समय भारत का है, विकसित भारत के विजन को पूरा करने का दारोमदार युवा भारत के ही कंधों पर है। कार्यशाला में उन्होंने दर्जनभर छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश सिंह सिसोदिया, बीडीओ हरहुआ अनामिका सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके पूर्व कॉलेज के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अधिकारियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। संचालन आइक्यूएसी की समन्वयक डॉ. पारुल जैन एवं धन्यवाद ज्ञापन पंच बहादुर सिंह ने दिया। इस मौके पर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिबंश सिंह, पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल, उपाचार्य प्रो. संगीता जैन, इन्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह सहित समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र - छात्राएं उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें