शुक्रवार, 21 मार्च 2025

शबे कद्र आज रात, पूरी रात जो चाहो मांग लो आज

पूरी रात होगी इबादत, मांगी जायेगी दुआएं

Varanasi (dil India live)। आज शबे कद्र की रात है, आज पूरी रात इबादत होगी, रोज़ेदार पूरी रात जागकर इबादत में मशगूल रहेंगे। दरअसल माहे रमजान के आखिरी दस दिनों की पांच रातों में से कोई एक रात शबे कद्र की रात होती है। इस रात में लोग जागकर रब की इबादत करते हैं। इस्लाम में इस रात को हजार रातों से अफजल बताया गया है। इसलिए रोजेदार ही नहीं बल्कि हर कोई इस रात में इबादत कर अल्लाह से खुसूसी दुआ मांगता है।

हज़ार रातों से अफज़ल है शबे कद्र की रात

रमज़ान महीने के आखरी अशरे के दस दिनों में पांच रातें ऐसी होती हैं जिन्हें ताक रातें कहा जाता है। ये हैं रमज़ान की 21, 23, 25, 27, 29 की शब। इममें से कोई एक शबेकद्र की रात होती है। यह रात हजार महीनों से बेहतर मानी जाती है। इस रात में मुस्लिम मस्जिदों व घरों में अल्लाह की कसरत से इबादत करते हैं। इसमें महिलाएं और बच्चे भी घरों में इबादत करते दिखाई देते हैं। मौलाना निज़ामुददीन चतुर्वेदी कहते हैं कि कुरान में बताया गया है कि तुम्हारे लिए एक महीना रमजान का है, जिसमें एक रात है जो हजार महीनों से अफजल है। जो शख्स इस रात से महरूम रह गया वो भलाई और खैर से दूर रह गया। जो शख्स इस रात में जागकर ईमान और सवाब की नीयत से इबादत करता है तो उसके पिछले सभी गुनाह माफ कर दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह रात बड़ी बरकतों वाली रात होती है। यह रात बड़ी ही चमकदार होती है व सुबह सूरज बिना किरणों के ही निकलता है। इस रात को मांगी गई दुआ हर हाल में कुबूल होती है।

दो अशरा हुआ पूरा

मौलाना साकीबुल कादरी कहते हैं कि रमज़ान महीने को तीन अशरों में बांटा गया है। पहले अशरा रहमत, दूसरे को मगफिरत व तीसरे अशरे को जहन्नुम से आजादी का अशरा कहा जाता है। प्रत्येक अशरा दस दिन का होता है। आज 20 रोज़ा पूरा होने के साथ ही दूसरा अशरा मगफ़िरत का भी मुकम्मल हो जाएगा और तीसरा अशरा जहन्नुम से आज़ादी का शुरु होगा।

police Commissioner Varanasi से मिलीं डिप्टी जेलर की बेटी नेहा

जेल अधीक्षक उमेश सिंह पर FIR दर्ज करने की मांग

Mohd Rizwan 

Varanasi (dil India live). वाराणसी के जिला जेल में डिप्टी जेलर के पद पर पूर्व में कार्यरत मीना कन्नौजिया की बेटी नेहा शाह ने शुक्रवार को सीपी मोहित अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान उनके अधिवक्ता भी साथ रहे। नेहा ने पिछले दिनों अपनी मां के साथ किए गए उत्पीड़न और शोषण के विरोध में लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज करने की Application दी।

सीपी से मुलाकात के बाद नेहा शाह ने कहा- सीपी ने कहा कि विभागीय कार्रवाई है। विभाग जब तक हमें रिपोर्ट नहीं सौंपता है हम कोई कार्रवाई नहीं कर सकते हैं। हमारी एप्लिकेशन एसीपी कैंट विदुष सक्सेना को फारवर्ड कर दिया है। इस दौरान एक बार फिर डिप्टी जेलर पर नेहा शाह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस द्वारा FIR दर्ज करने की मांग के साथ पहुंची नेहा नेहा शाह ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में 19 मार्च को उमेश सिंह पर FIR दर्ज करने के लिए एप्लिकेशन दी थी। इस पर पुलिस ने उच्चाधिकारियों को बताकर कार्रवाई करने की बात कही थी। इस संबंध में आज पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मिलकर डिप्टी जेलर मीना कन्नौजिया की बेटी नेहा शाह ने जेल अधीक्षक उमेश सिंह पर FIR दर्ज करने का अनुरोध किया है। इसपर पुलिस कमिश्नर ने इसमें डिपार्टमेंटल जांच की बाद ही कुछ कर पाने की बात कही है। 

इस दौरान सीपी को प्रार्थना पत्र देते हुए नेहा शाह ने एक बार फिर जेल अधीक्षक उमेश सिंह पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उमेश सिंह मेरी मां को जेल में अश्लील इशारे भी करते थे। साथ ही बार बार ऑफिस से घर आने का दबाव दिया गया। जिसे मेरी मां ने नकार दिया तो उन्हें प्रताड़ित किया गया। इस दौरान मेरी मां को कहा गया कि वो बंदी महिलाओं को उनके पास यौन शोषण के लिए ले जाएं। इसपर मां ने मना किया तो कहा गया कि तुम्हरा करियर चौपट कर देंगे। और प्रताड़ित करने लगे। उन्हें ड्यूटी के दौरान अपने ऑफिस में बुला कर अपमानित किया तथा जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया और गंदी-गंदी गालियों दीं।

नेहा ने अपने लेटर में लिखा है कि उमेश सिंह बहुत ही खतरनाक किस्म का व्यक्ति है, पहले भी ये इंसान रतन प्रिया उप जेलर जो की इसी जेल पर थी उनके साथ भी ऐसा सलूक कर चुका है। इनकी तरफ से यह भी कहा गया कि कहीं भी जाओ, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है, मैं 2027 में चुनाव लड़कर जेल मंत्री बनूंगा और तुम्हें तुम्हारी औकात समझा दूंगा, तुम्हें कहीं का नहीं छोडूंगा।

नेहा शाह ने बताया उमेश सिंह के द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करके जेल के अंदर बहुत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उमेश सिंह ने मेरी मां पर उसका भी चार्ज लेने का दबाव बनाया था। जेल में मोबाइल फोन भी पैसे लेकर चलवाया जाता था। जिसके बारे में मेरी मां खुद गवाह है। इस सबके अलावा, जेल में नशे का सामान बिकवाया जाता था, और इसका हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था। वह वीडियो पूरी तरह से सही था और उस वीडियो में नशे का सामान बिकते हुए साफ दिखाई दे रहा था। लेकिन उमेश सिंह के दबाव के कारण कोई भी कार्रवाई संभव नहीं हो सकी।

गुरुवार, 20 मार्च 2025

VKM Varanasi main खेल प्रतियोगिता के चौथे दिन प्रतिभाओं ने दिखाया दम





रेस में महिमा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तो बैडमिंटन में अदिति मिश्रा प्रथम स्थान पर रही, ऐसे ही ताइक्वांडो (under 50 kg ) में शालिनी यादव परचम लहराया और ताइक्वांडो (Above 50 kg) में राखी तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि वे अपनी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों में भी संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

Varanasi (dil India live)। वसंत कन्या महाविद्यालय, कमच्छा में आयोजित सप्ताहिक  वार्षिक खेल प्रतियोगिता के चौथे दिन आयोजन अत्यंत उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, खो-खो और ताइक्वांडो प्रमुख थे। इसके अलावा, बैडमिंटन का फाइनल मुकाबला भी संपन्न हुआ, जिसमें प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

इस खेल महोत्सव में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की लगभग 300 छात्राओ ने भाग लिया। जो उनकी लगन, समर्पण और खेल भावना का परिचायक है। 200 मीटर रेस में महिमा कुमारी (बी ए द्वितीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन में अदिति मिश्रा (बी ए द्वितीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ताइक्वांडो ( under 50 kg ) में शालिनी यादव (बी ए प्रथम वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया व ताइक्वांडो ( Above 50 kg) में राखी तोमर (बी ए तृतीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि वे अपनी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों में भी संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह वार्षिक खेल प्रतियोगिता छात्रोंओ के बीच टीमवर्क, अनुशासन और शारीरिक सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देती है। इस अवसर पर खेल समिति के सदस्य डॉक्टर विजय कुमार, डॉ आर पी सोनकर, डॉक्टर आशीष कुमार सोनकर, डॉ अखिलेश कुमार राय, डॉक्टर सुप्रिया, डॉ. पूर्णिमा, डॉ शशिकेश कुमार गोंड, डॉ. शशि प्रभा कश्यप, डॉ. सिमरन सेठ, विकास त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।

Ramzan mubarak (19)-रमजान नेकियों का मौसम-ए-बहार

जल्दी करें कहीं रमजान की दौलत से महरूम न रह जाएं

Varanasi (dil india live)। बंदे को हर बुराई से दूर रखकर अल्लाह के नजदीक लाने का मौका देने वाला मुक़द्दस रमज़ान का दूसरा अशरा पूरा होने वाला है। इस मुकद्दस महीने की रूहानी चमक से दुनिया रोशन है, और फिजा में घुलती अजान और दुआओं में उठते हाथ खुदा से मुहब्बत के जज्बे कि मिसाल पेश कर रहे हैं। दौड़-भाग और खुदगर्जी भरी जिंदगी के बीच इंसान को अपने अंदर झांकने और खुद को अल्लाह की राह पर ले जाने का रास्ता दिखाने वाला माहे रमजान में भूख-प्यास समेत तमाम शारीरिक इच्छाओं तथा झूठ बोलने, चुगली करने, खुदगर्जी आदि सभी बुराइयों पर लगाम लगाने की कोशिश रोजेदार को अल्लाह के बेहद नजदीक पहुंचा देती है। माहे रमजान में रोजेदार अल्लाह के नजदीक आने की कोशिश के लिए भूख-प्यास समेत तमाम इच्छाओं को रोकता है। बदले में अल्लाह अपने उस इबादत गुजार रोजेदार बंदे के बेहद करीब आकर उसे अपनी रहमतों और बरकतों से नवाजता है। इसके बावजूद भी बहुत से लोग इस माहे मुबारक की खूबियों से अब भी दूर हैं। उनसे यही कहना है कि जल्दी करें कहीं रमजान की दौलत से महरूम न रह जाएं।

इस्लाम की पांच बुनियादों में रोजा भी शामिल है और इस पर अमल के लिए ही अल्लाह ने रमजान का महीना मुकर्रर किया है। खुद अल्लाह ने कुरान शरीफ में इस महीने का जिक्र किया है। रमजान इंसान के अंदर जिस्म और रूह है। आम दिनों में उसका पूरा ध्यान खाना-पीना और दीगर जिस्मानी जरूरतों पर रहता है लेकिन असल चीज उसकी रूह है। इसी की तरबीयत और पाकीजगी के लिए अल्लाह ने रमजान बनाया है रमजान में की गई हर नेकी का सवाब कई गुना बढ़ जाता है। इस महीने में एक रकात नमाज अदा करने का सवाब 70 गुना हो जाता है। साथ ही इस माह में दोजख के दरवाजे भी बंद कर दिए जाते हैं, जन्नत के दरवाज़े खोल दिये जाते है।

अमूमन 30 दिनों के रमजान माह को 10-10 दिन केे तीन अशरों में बांटा गया है। पहला अशरा ‘रहमत’ का है। इसमें अल्लाह अपने बंदों पर रहमत की दौलत लुटाता है। दूसरा अशरा ‘मगफिरत’ का है। इस अशरे में अल्लाह अपने बंदों को गुनाहों से पाक कर देता है। जबकि तीसरा अशरा 'जहन्नुम से आजादी' का है। इस आखिरी अशरे में रब रोज़ा रखने वाले को जहन्नुम से आजाद कर देता है।

नेकियों और इबादत का महीना रमज़ान 

महीने भर के रोज़े  रखना, रात में तरावीह की नमाज़ पढना, क़ुरान की तिलावत करना, एतेकाफ़ में बैठना, अल्लाह से दुआ मांगना, ज़कात देना, अल्लाह का शुक्र अदा करना। इसीलिये इस माह को नेकियों और इबादतों का महीना माना जाता है। तरावीह की नमाज़ में महीना भर कुरान पढना। जिससे क़ुरान पढना न आने वालों को भी क़ुरान सुनने का सबाब ज़रूर मिलता है। रमजान को नेकियों का मौसम-ए-बहार कहा गया है। रमजान को नेकियों का मौसम भी कहा जाता है। इस महीने में मुसलमान अल्लाह की इबादत ज्यादा करता है। अपने अल्लाह को खुश करने के लिए रोजो के साथ, कुरआन की तेलावत, जकात, फितरा, खैरात, सदका निकालता है। यह महीना समाज के गरीब और जरूरतमंद बंदों के साथ हमदर्दी का है। इसलिए उनकी भरपूर मदद की जाती है। या अल्लाह हर मुुसलमान को रोज़ा रखने कि तौफीक देेे…आमीन।

  • हाजी फारुख खां 
(जनरल सेक्रेटरी इसरा, वाराणसी )


...पड़े हैं गश में अली खून में नहाय हुए

19 वी रमज़ान की पूर्व संध्या पर मनाया  गया ग़मे अली

Mohd Rizwan 

Varanasi (dil India live).19 रमज़ान की पूर्व संध्या पर मुसलमानों ने हज़रत अली की शहादत के सिलसिले से मजलिस और मातम का आयोजन किया गया। शहर की 32 मस्जिदों में 28 अंजुमनो द्वारा नौहाखवानी व मातम के साथ मौला-ए-कायनात को खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया । 

कलिमहाल मस्जिद में मजलिस को।खिताब करते हुए हाजी फ़रमान हैदर ने कहा कि 1406 साल पहले मस्जिदे कूफ़ा में सुबह की नमाज़ पढ़ते हुए हज़रत अली के सिर पर अब्दुर्रहमान इब्ने मुलजिम ने तलवार से वार किया। इस वार से हज़रत अली ज़ख़्मी हुए और 2 दिन बाद 21 रमज़ान सं 40 हिजरी को उनकी शहादत हुई। इस सिलसिले से देश और दुनिया के साथ शहर बनारस में भी पूरी शिद्दत के साथ उनका ग़म शिया मुस्लिम मनाते है । जिसमें शहर में 19 व 21 रमज़ान को जुलूस भी निकाला जाता है। 

फरमान हैदर ने बताया कि हज़रत अली का भव्य रौज़ा नजफ़ इराक़ में है, और इसी रौज़ा का मिलता जुलता रूप बनारस की दरगाहे फ़ातिमान में भी है। उन्होंने कहा कि घरों में भी अगले 3 दिनों तक मजलिस का आयोजन होगा। कई अंजुमने शबबेदारी करती हैं और ताबूत भी उठाएंगी।

मौला-ए-कायनात का मातम 21 को

वाराणसी। दरबारे सईदा में मौला-ए-कायनात का मातम 20 रमज़ान को दरगाहे फातमान में होगा। सैयद फिरोज़ हुसैन रिजवी ने बताया कि 21 मार्च शुक्रवार को रात 9 बजे यह आयोजन दरगाहे फातमान, लल्लापुरा, बनारस में होगा जिसको हुज्जत उल-इस्लाल मौलाना सज्जाद हुसैन रिज़वी, मौलाना सैय्यद मोहम्मद अकील हुसैनी खेताब करेंगे। अंजुमन हैदरी, चौक बनारस, अंजुमन जव्वादिया पितरकुंडा, बनारस नौहाखवानी और मातम का नज़राना पेश करेगी।

बुधवार, 19 मार्च 2025

Ramzan mubarak (18) मुक़द्दस रमजान आते ही फिज़ा में छा जाता है नूर

मस्जिदें नमाज़ियों से भरी है समझ लिजिए रमज़ान है 


Varanasi (dil India live). हिजरी कलैंडर का 9 वां महीना रमज़ान है। ये वो महीना है जिसके आते ही फिज़ा में नूर छा जाता है। चोर चोरी से दूर होता है, बेहया अपनी बेहयाई से रिश्ता तोड़ लेता है, मस्जिदें नमाज़ियों से भर जाती हैं। लोगों के दिलों दिमाग में बस एक ही बात रहती है कि कैसे ज्यादा से ज्यादा इबादत की जाये। फर्ज़ नमाज़ों के साथ ही नफ्ल और तहज्जुद पर भी लोगों का ज़ोर रहता है, अमीर गरीबों का हक़ अदा करते हैं, पास वाले अपने पड़ोसियों का, कोई भूखा न रहे, कोई नंगा न रहे, इस महीने में इस बात का खास ख्याल रखा जाता है। पता ये चला कि हक़ की जिन्दगी जीने की रमज़ान हमे जहां तौफीक देता है। वहीं गरीबो, मिसकीनों, लाचारों, बेवा, और बेसहरा वगैरह की ईद कैसे हो, कैसे उन्हें उनका हक़ और अधिकार मिले यह रमज़ान ने पूरी दुनिया को दिखा दिया, सिखा दिया। यही वजह है कि रमज़ान का आखिरी अशरा आते आते हर साहिबे निसाब अपनी आमदनी की बचत का ढ़ाई फीसदी जक़ात निकालता है। और दो किलों 45 ग्राम वो गेंहू जो वो खाता है उसका फितरा।

सदका-ए-फित्र ईद की नमाज़ से पहले हर हाल में मोमिनीन अदा कर देता है ताकि उसका रोज़ा रब की बारगाह में कुबुल हो जाये, अगर नहीं दिया तो तब तक उसका रोज़ा ज़मीन और आसमान के दरमियान लटका रहेगा जब तक सदका-ए-फित्र अदा नहीं कर देता। रब कहता है कि 11 महीना बंदा अपने तरीक़े से तो गुज़ारता ही हैतो एक महीना माहे रमज़ान को वो मेरे लिए वक्फ कर दे। परवरदिगारे आलम इरशाद फरमाते है कि माहे रमज़ान कितना अज़ीम बरकतों और रहमतो का महीना है इसे ऐसे भी समझा जा सकता है कि इस पाक महीने में कुरान नाज़िल हुआ। इस महीने में बंदा दुनिया की तमाम ख्वाहिशात को मिटा कर अपने रब के लिए पूरे दिन भूखा-प्यासा रहकर रोज़ा रखता है। नमाज़े अदा करता है। के अलावा तहज्जुद, चाश्त, नफ्ल अदा करता है इस महीने में वो मज़हबी टैक्स ज़कात और फितरा देकर गरीबों-मिसकीनों की ईद कराता है।अल्लाह ने हदीस में फरमया है कि सिवाए रोज़े के कि रोज़ा मेरे लिये है इसकी जज़ा मैं खुद दूंगा। बंदा अपनी ख्वाहिश और खाने को सिर्फ मेरी वजह से तर्क करता है। यह महीना नेकी का महीना है इस महीने से इंसान नेकी करके अपनी बुनियाद मजबूत करता है। ऐ मेरे पाक परवर दिगारे आलम, तू अपने हबीब के सदके में हम सबको रोज़ा रखने, दीगर इबादत करने, और हक की जिंदगी जीने की तौफीक दे ..आमीन।

हाफिज मोहम्मद ताहिर 

इमामे जुमा मस्जिद याकूब शहीद नगवा 

हिंदी के विकास और प्रचार प्रसार पर कार्य करते रहना होगा - प्रो. आनंद

भारत में हिंदी की स्थिति को सुधारना होगा-शैल अग्रवाल



Varanasi (dil India live). वसंत कन्या महाविद्यालय के हिंदी विभाग एवं अंतरराष्ट्रीय वैचारिकी समिति द्वारा एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 'हिंदी की वैश्विक स्थिति' का आयोजन अपराह्न 2:00 बजे  किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में स्वागत वक्तव्य प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव ने देते हुए कहा कि भारत विश्व गुरु की स्थिति में वापस आ रहा है। भारत ही नहीं विश्व में हिंदी की स्थिति पर विचार विमर्श करना बहुत अच्छा है।

प्रबंधक उमा भट्टाचार्य ने कहा कि यह आयोजन बहुत ही सुंदर किया गया है। आप सभी को बहुत सारी शुभकामनाएं। छात्राओं ने हिंदी भाषा का सुंदर वातावरण बनाया है। विश्व पटल पर हिंदी को स्थान दिलाना है। डायरेक्टर यू.जी.सी, एम.एम.टी.टी .सी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के अध्यक्ष  प्रोफेसर आनंद वर्धन शर्मा ने कहा कि हिंदी की वैश्विक स्थिति और प्रवासी हिंदी साहित्य विषय पर आयोजित यह कार्यक्रम बहुत ही सफल रहा आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। हम सबको ऐसे ही जोड़कर हिंदी के विकास और प्रचार प्रसार पर कार्य करते रहना चाहिए।

 मुख्य अतिथि श्री अशोक ओझा (President YHS program Director YHS-NYUFULBRIGHT-HAYS program) ने कहा कि हिंदी शिक्षा को बढ़ावा देना होगा। हिंदी शिक्षण पुस्तकालय तक सीमित न होकर समाज में आना चाहिए। छात्राओं से संवाद किया। विदेश में हिंदी भाषा में रोजगार के अवसर पर बात की।

सारस्वत अतिथि शैल अग्रवाल (प्रवासी साहित्यकार ,यूनाइटेड किंगडम) ने कहा कि वसंत कन्या महाविद्यालय की पुरा छात्रा रही है और अपने पुराने स्मृतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत में हिंदी की स्थिति को सुधारना होगा। संस्कृति से भाषा लुप्त ना हो जाए इस पर विचार विमर्श करना होगा। भाषा राष्ट्र का चेहरा होती है यदि हम अपने चेहरे को सजा संवार कर नहीं रखेंगे तो छवि खराब होगी। भाषा और लिपि को सुरक्षित करना अति आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि गैब्रिएला निकोलावा ईलेवा (Faculty -NYU Academic Consultant YHS-NYU FulBright- HAYS program) रही। उन्होंने अपने कहा कि अंग्रेजी को बाहर प्राथमिकता दी जाती है लेकिन हमें अपने घर में अपनी मातृभाषा का ही प्रयोग करना चाहिए। हिंदी के विषय में सोचना है तो पहले हिंदी के अध्यापक के विषय में सोचना होगा। उन्होंने तीन 'स' समुदाय, सामानता, संबंध के विषय में बात की। भाषा संस्कृति के बिना नहीं पढ़ाई जा सकती है। हर एक परंपरा की जड़े प्राचीन समय में मिलती हैं। बच्चों को हिंदी पढ़ने के प्रति उत्साहित करना चाहिए। प्रसिद्ध साहित्यकार प्रोफेसर उषा शर्मा ने अपने अनुभव साझा किये। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के कुलगीत से हुआ। मां वसंत (डॉक्टर एनी बेसेंट) के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। 

'विश्व पटल पर छाई हिंदी ' जिसकी शब्द रचना प्रोफेसर आशा यादव ने की है। इस गीत का काव्य गायन संगीत विभाग की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया। संगीत विभाग की अध्यक्षा प्रोफेसर सीमा वर्मा ने गीत निर्देशन किया। सहयोग डाॅक्टर पूनम वर्मा ने किया। हारमोनियम पर विनीता गुजराती और तबले पर संगत किया सौम्य कांति मुखर्जी ने। 

विचार एवं समापन सत्र का विषय रहा "प्रवासी साहित्य एवं महिलाएं "इस सत्र में अतिथियों का स्वागत किया गया तत्पश्चात प्रथम वक्तव्य सविता बाला (Faculty, Middlesex college NJ) ने दिया। प्रेमलता वैष्णव (Community School Instructructor, NC) ने द्वितीय वक्तव्य दिया। नीलाक्षी फुकन (Faculty, University of North Carolina, NC) ने तृतीय वक्तव्य दिया। भानू श्री सिसोदिया (Faculty Syracuse University,New York NY)ने चतुर्थ वक्तव्य दिया। कुसुम (Faculty, Duke University ,NC)) ने पंचम वक्तव्य दिया। सभी ने हिंदी के विकास और वर्तमान स्थिति की बात करते हुए विदेश में अपने अनुभवों को साझा किया।

धन्यवाद ज्ञापन डॉ शशि कला ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रीति विश्वकर्मा ने किया। द्वितीय सत्र का संचालन राजलक्ष्मी ने किया। कार्यक्रम में हिंदी विभाग की शिक्षिका डॉक्टर सपना भूषण, डॉक्टर शुभांगी श्रीवास्तव एवं महाविद्यालय की समस्त शिक्षक- शिक्षिकाओं सहित छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।