शनिवार, 14 दिसंबर 2024

Dalmandi होगा चौड़ा, Nagar Nigam ने तैयार किया खाका

पर्यटकों की सुविधा के लिए हटाएं जाएंगे अतिक्रमण 

Mohd Rizwan 

Varanasi (dil India live)। प्रमुख मुस्लिम मार्केट दालमंडी से चौक जाने वाली सड़क चौड़ी करने की कवायद शुरू हो गई है। अभी दालमंड़ी की सड़क कहीं संकरी तो कहीं चौड़ी है। पर्यटकों को इससे जहां परेशानी होती है वहीं इसकी वजह से आए दिन जाम की समस्या होती है। सड़क की चौड़ाई एक बराबर होने से लोगों को सहूलियत मिलेगी। हालांकि पटरी पर दुकान लगाने वाले विक्की कहते हैं कि सहूलियत तो सभी को होगी मगर किसी ने सोचा पटरी पर दुकानें लगाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले लोग कहां जाएंगे इसकी कोई रुपरेखा निगम के पास है क्या? यह दर्द केवल विक्की का नहीं है बल्कि पटरी के तमाम दुकानदारों का है। खैर निगम को इससे क्या?

नगर निगम का कहना है कि उसने इसका प्राथमिक सर्वेक्षण किया है। राजस्व विभाग अब बंदोबस्ती नक्शे से इसका मिलान कर रहा है। इसी आधार पर सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसमें सबसे बड़ी बाधा अतिक्रमण और कुछ अवैध निर्माण हैं। इन्हें चिह्नित किया गया है।

पुलिस प्रशासन टीम की ओर से जल्द ही अवैध निर्माण तोड़ने की कार्रवाई होगी। इसके लिए जिला प्रशासन के साथ नगर निगम अधिकारियों की बैठक में यह तय हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क चौड़ी होने से बाहर से आने वाले लोगों को नई सड़क से चौक जाने में आसानी होगी। यहां ज्यादातर कारोबारी सड़क को घेरकर अपनी दुकान चला रहे हैं। साथ ही तिरपाल लगाकर उन्होंने परिसर को भी ढ़क रखा है।

दालमंडी में नगर निगम की कई दुकानें हैं। इनका किराया नगर निगम लेता है। इसके अलावा यहां कुछ सरकारी जमीनों को भी कब्जामुक्त कराया जाना हैं।

बिजली कर्मचारियों ने दी उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

बिजली के निजीकरण के विरोध में प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन व सभा

  • sarfaraz Ahmad 

Varanasi (dil India live). UP में पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम और चंडीगढ़ में हो रहे निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने विरोध दिवस मनाया। दिनभर काम करने के बाद सभी मुख्यालयों, कार्यालयों और परियोजनाओं पर विरोध प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि सरकार निजीकरण की मंशा छोड़े अन्यथा उग्र प्रदर्शन शुरू करने के लिए विवश होंगे।

इस दौरान प्रबंधन पर गलत आंकड़ें देने, कर्मचारियों को गुमराह करने, कार्रवाई के लिए डराने का आरोप भी लगाया गया। कहा कि बिडिंग के पहले आरएफपी डॉक्यूमेंट जारी किया जाए तो निजीकरण के घोटाले का खुलासा हो जाएगा। बिजली कर्मचारियों और अभियंताओं की राष्ट्रीय समन्वय समिति (एनसीसीओईईई) ने 13 से 19 दिसंबर तक विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। शुक्रवार सुबह से सभी काम पर रहे। शाम के वक्त बिजली अभियंताओं एवं कार्मिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश भर में विभिन्न कार्यालयों के समक्ष हाथ में तख्तियां लेकर सरकार और प्रबंधन की नीतियों की मुखालफत की। लखनऊ में शक्ति भवन, हाइडिल कालोनी सहित अन्य कार्यालयों पर हाथ में निजीकरण विरोधी तख्तियां लेकर बिजली कार्मिकों ने जुलूस भी निकाला और जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि प्रबंधन ने निजीकरण की मंशा नहीं छोड़ी तो उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे, जिसकी जिम्मेदारी कार्पोरेशन प्रबंधन की होगी। संघर्ष समिति ने पावर कार्पोरेशन प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि वह कर्मचारियों को गुमराह कर रहा है। भय का वातावरण बनाकर ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशांति पैदा की जा रही है। खास बात यह है कि निजीकरण के विरोध में अब बिजली कर्मियों के परिजन भी उतरने लगे हैं।

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों राजीव सिंह, जितेन्द्र सिंह गुर्जर, गिरीश पांडेय, महेन्द्र राय, सुहैल आबिद, पीके दीक्षित, राजेंद्र घिल्डियाल, चंद्र भूषण उपाध्याय, आरवाई शुक्ला, छोटेलाल दीक्षित, देवेंद्र पांडेय, आरबी सिंह आदि ने सभा को संबोधित किया।

शुक्रवार, 13 दिसंबर 2024

BHU के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र सभागार में दी जाएगी डीएवी के स्टूडेंट्स को उपाधि

16 दिसंबर को होगा डीएवी के विद्यार्थियों का उपाधि वितरण समारोह

Varanasi (dil India live)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से सम्बद्ध डीएवी पीजी कॉलेज का उपाधि वितरण समारोह 16 दिसम्बर, दिन सोमवार को मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र के सभागार में आयोजित होगा। समारोह में डीएवी पीजी कॉलेज के कला, समाज विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के स्नातक एवं परास्नातक के कुल 1061 विद्यार्थियों को उपाधि वितरित किया जाएगा। महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने बताया कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से सम्बद्ध कॉलेज में दीक्षांत समारोह के अंतर्गत उपाधि वितरण समारोह अलग से आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह के उद्धघाटन सत्र में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. संजय कुमार करेंगे। वाणिज्य संकाय अध्यक्ष प्रो. एच.के सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मलित होंगे। प्रो. मिश्रीलाल ने बताया कि तीन अलग अलग सत्रों में उपाधि वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमे सामाजिक विज्ञान संकाय अध्यक्ष प्रो. बिंदा दत्तात्रेय परांजपे एवं कला संकाय अध्यक्ष प्रो. मायाशंकर पाण्डेय विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ मौजूद रहेंगे। 
प्रो. मिश्रीलाल ने बताया कि समारोह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है, विभागवार सभी को कमेटी बनाकर दायित्व सौंप दिया गया है। उपाधि वितरण से लेकर मंच सज्जा, बैठने की व्यवस्था, जलपान एवं खानपान की व्यवस्था, स्मारिका प्रकाशन, साफा एवं उत्तरीय वितरण तक के लिए समितियां बनाकर कार्य संपादित किया जा रहा है।
समारोह संयोजक प्रो. सत्यगोपाल जी ने बताया कि उपाधि प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई पड़ रहा है। अभी तक 1061 मे से 800 से अधिक विद्यार्थियों ने साफा और उत्तरीय प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी करा लिया है।

Nagar Nigam की अनुमति के बिना यहां कार्यक्रम किया तो खैर नहीं

निगम की अनुमति न लेने वाले से वसूला गया 1.75 लाख जुर्माना


Varanasi (dil India live)। अब गंगा घाटों पर बिना नगर निगम की अनुमति के कोई संस्था या व्यक्ति कोई आयोजन या कार्यक्रम नहीं कर सकेगा। नगर निगम ने इस पर सख्ती से रोक लगा दी है। निगम ने कहा है कि यह देखा जाता है कि कई संस्थाओं या व्यक्तियों द्वारा आये दिन गंगा घाटों पर विभिन्न आयोजन किए जाते हैं तथा उनके द्वारा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन या अन्य विभागों से अनुमति तो ले ली जाती है, परन्तु नगर निगम से अनुमति प्राप्त नहीं करते हैं। जबकि नगर निगम ही घाटों की साफ सफाई, मरम्मत एवं अन्य सौन्दर्यीकरण का कार्य करता है, जिससे कार्यक्रम के समापन के पश्चात वहॉ पर काफी गन्दगी एवं कहीं कहीं पर सड़क टूट फूट भी जाती है, जिसे नगर निगम द्वारा ठीक कराया जाता है। उसी को देखते हुये नगर निगम प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि अब कोई भी संस्था या व्यक्ति अपने कार्यक्रम की अनापत्ति नगर निगम से भी प्राप्त करेगा। आज उसी क्रम में शिवाला घाट, गुलेरिया घाट तथा भोसले घाट पर गौरव कपूर नाम का व्यक्ति पंडाल लगाकर प्रचार-प्रसार का कार्य कर रहे थे। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के विभागाध्यक्ष सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव तत्काल मौके पर पहुॅच कर जब पता किया गया तो गौरव कपूर के द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा प्रति वर्ष यह कार्यक्रम किया जाता है, परन्तु नगर निगम से अनुमति प्राप्त नहीं की जाती है।  नगर निगम से अनुमति प्राप्त न करने की दशा में सहायक नगर आयुक्त के द्वारा 1.75 लाख जुर्माना लगाया गया, तथा आयोजक द्वारा तत्काल जुर्माने की धनराशि जमा की गयी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा कि आम जनमास से द्वारा किसी भी प्रकार का आयोजन गंगा के घाटों पर किया जाना है तो उसके पूर्व उने द्वारा नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होगा। अन्यथा कि स्थिति में उनके विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

गुरुवार, 12 दिसंबर 2024

बेनियाबाग में मुशायरा 15 को, शबीना अदीब संग कई नामचीन शायर करेंगे शायरी

मशहूर शायरों संग बनारस के शायरों को भी मिलेगा मंच


  • Mohd Rizwan 
Varanasi (dil India live). बेनियाबाग कभी इंडो-पाक मुशायरे के लिए जाना जाता था। कुछ वर्षों से इंडो-पाक मुशायरा स्थगित चल रहा है। इस दौरान बनारस मुशायरा का आयोजन बेनियाबाग मैदान में 15 दिसंबर की शाम 6:30 बजे से होने जा रहा है। यह मुशायरा कुछ हद तक इंडो-पाक मुशायरे की कमी पूरी करने की कोशिश होगी। हालांकि यह मुशायरा विगत 6 वर्षों से होता चला आ रहा है। इस मुशायरे में नामचीन शायरों के साथ ही स्थानीय चेहरों को भी स्टेज पर परफॉर्म करने का मौका दिया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी द्वय सुधांशु श्रीवास्तव एवं शिव यादव ने बताया कि बनारस के भी कई शायर इसमें शिरकत करेंगे। मुशायरे की जीनत मशहूर शायरा शबीना अदीब, मोहन मुंतजिर, इस्माईल नज़र, गुल ए सबा, धर्मराज उपाध्याय व बनारस के  सलीम शिवालवी व डॉ. प्रशांत सिंह होंगे। पं. सुदामा तिवारी उर्फ सांड बनारसी, अनिल यादव ‘बंटी’ के साथ ही अरमान अह्मद, एडवोकेट विवेक शंकर तिवारी, हाजी अनवर अहमद, वसीम रज़ा आदि के सहभागिता से यह आयोजन सम्पन्न होगा। मुशायरे की निजामत इस्माईल नज़र, सदारत सांड बनारसी की होगी। विशेष उपस्थिति श्यामलाल यादव अध्यक्ष शनिवार गोष्ठी समिति आयोजक के तौर पर शायरों का स्वागत सम्मान भी करेंगे। खैरमकदम अध्यक्ष अनिल यादव ‘बंटी’ करेंगे। पत्रकार वार्ता में तनुप्रिया श्रीवास्तव, जबीर सिद्दीकी, अरुण सोनी, प्रमोद शर्मा, रवि अग्रहरि, विजेन्द्र कुमार मिश्र दमदार बनारसी शफकत सलीम, सुनील सिंह आदि लोग शामिल रहे।

बुधवार, 11 दिसंबर 2024

Hazrat Rahim Shah बाबा के दर पर उमड़े अकीदतमंद

रहीम शाह बाबा के तीन दिनी उर्स में चढ़ी अकीदत की चादरें 
Varanasi (dil India live). हजरत रहीम शाह बाबा रहमतुल्लाह अलैह का तीन दिनी सालाना उर्स अकीदत और एहतराम बाबा के बेनिया स्थित आस्ताने पर मनाया जा रहा है। उर्स के मौके पर दूसरे दिन हज़रत रहीम शाह बाबा के दर पर अकीदतमंदों का हुजूम उमड़ा हुआ था। उर्स में अकीदतमंदों ने मन्नती चादरें जहां पेश की वहीं बाबा के आस्ताने पर फातिहा पढ़ने दूर-दराज़ से अकीदतमंद पहुंचे हुए थे। इससे पहले तीन दिनी उर्स की शुरुआत मंगलवार को हजरत रहीम शाह बाबा के दर पर पाक कुरान की तेलावत से हुई। जोहर की नमाज के बाद महफिल-ए-समां का आयोजन किया गया। शाम को चादरपोशी और मगरिब की नमाज के बाद मीलाद शरीफ हुआ। मीलाद शरीफ में बड़ी तादाद में अकीदतमंद शामिल हुए थे। उर्स के मौके पर तकरीर और लंगर का भी दौर चला। सुबह से शाम तक बाबा के दर पर फातिहा पढ़ने जायरीन पहुंचे। आने वालों का खैरमखदम सज्जादानशीन मोहम्मद सैफ रहीमी कर रहे थे। उर्स को देखते हुए दरगाह को सजाया गया है, तथा आसपास भी सजावट की गई।

आज दूसरे दिन फज्र के बाद कुरआनख्वानी, बाद नमाज असर ग़ुस्ल मजार शरीफ, बाद नमाज मगरिब सरकारी चादर पोशी हुई व मिलाद शरी में लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। बाद नमाज इशा लंगर व महफिले समा का आयोजन किया गया। कल तीसरे दिन फज्र में कुरआन ख्वानी के बाद 10:30 बजे कुल शरीफ व बादहु रंग महफ़िल, लंगर  फिर बाद नमाज मगरिब महफिले समां होगा। आखिर में अमन और मिल्लत की दुआएं मांगी जाएगी।

MG Kashi Vidyapeeth के छात्रनेता रघुकुल यथार्थ बने प्रदेश उपाध्यक्ष


  • Mohd Rizwan 
Varanasi (dil India live). महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रनेता रघुकुल यथार्थ के लगतार छात्रों हित संघर्ष को देखते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह और आम आदमी पार्टी के छात्र इकाई छात्र युवा संघर्ष समिति के प्रदेश प्रभारी वंशराज दुबे व प्रदेश अध्यक्ष अरुण वर्मा की अनुशंसा से आम आदमी पार्टी के छात्र इकाई (छात्र युवा संघर्ष समिति) का पुनः प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। रघुकुल यथार्थ मुल रूप से डोभी, जौनपुर के निवासी है और वो निरंतर छात्र हित के लिए संघर्षरत है। इसके पूर्व में वो छात्र युवा संघर्ष समिति के महानगर अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और प्रदेश सचिव के दायित्व का निर्वहन कर चुके है। 

रघुकुल यथार्थ ने कहा कि मुझे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देनें के लिए संगठन के शीर्ष नेताओं का बहुत-बहुत आभार। मैं पूरी ईमानदारी से इस दायित्व का निर्वहन करूंगा और ये उपलब्धी केवल मेरी नहीं है ये उपलब्धी मुझसे जुड़े हर व्यक्ति की है जो हमेशा मेरे हर संघर्ष मे कंधे से कंधा मिलाकर चलते है और मुझे मजबूती प्रदान करते है। उक्त जानकारी प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने दी है।