ढाई सौ छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, हुई नि:शुल्क जांच
dil india live (Varanasi). 24.04.26 को वसन्त कन्या महाविद्यालय, कमच्छा में प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव व चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार, की प्रेरणा से छात्र सलाहकार एवं अनुशासन समिति द्वारा IMS BHU के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के शिक्षण एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों तथा छात्राओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना रहा। शिविर के उद्घाटन सत्र में स्वागत करते हुए प्राचार्य प्रो.रचना श्रीवास्तव ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सभी का स्वास्थ्य सुरक्षित एवं सुदृढ़ बना रहे।
इस अवसर पर मुख्यातिथि प्रो .के. के. गुप्ता (चिकित्सका अधिक्षक, सर सुंदरलाल अस्पताल) के साथ शिविर में डॉ. ममता, स्त्री रोग विशेषज्ञ, प्रो. ललित प्रशान्त मीणा, अध्यक्ष मेडिसिन विभाग, डॉ.सर्वेश वर्मा, डॉ.अनुराग गंगवार, डॉ.एस के मिश्रा, प्रो.इंचार्ज, सी सी आई लैब आदि अनुभवी चिकित्सकों द्वारा व्यापक जाँच, निःशुल्क निदान परीक्षण एवं परामर्श के माध्यम से सभी को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान की गयी।
शिविर में शिक्षकों सहित लगभग ढाई सौ छात्राओं के व्यापक स्वास्थ्य परीक्षणोपरान्त विभिन्न प्रकार की नि:शुल्क जांचें भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे प्रतिभागियों को अपने स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। शिविर की प्रमुख विशेषताओं में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श शामिल था। विशेष रूप से फिजीशियन एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य समस्याओं पर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसका उपस्थितजनों को विशेष लाभ मिला।महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया। छात्र सलाहकार एवं अनुशासन समिति की इंचार्ज डॉ.मंजू कुमारी ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए महाविद्यालय के सभी सदस्यों और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।























