रविवार, 15 मार्च 2026

UP K Varanasi Main का. विशेश्वर मुखर्जी के सौ साल पूरे होने पराड़कर भवन में हुई जुटान

समाजवाद की लड़ाई के अप्रतिम योद्धा थे बिशु दा : प्रो. दीपक मलिक 



dil india live (Varanasi). कामरेड विशु दा (विशेश्वर मुखर्जी) भारतीय राष्ट्रवाद की आधारभूमि थे। वह धर्मनिरपेक्षता, जनतंत्र और समाजवाद की लड़ाई के अप्रतिम योद्धा थे। पराड़कर स्मृति भवन के सभागार में रविवार को 'का. विशु दा के सौ साल ' विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। 

           संगोष्ठी के मुख्य वक्ता प्रो.दीपक मलिक ने विशु दा को याद करते हुए कहा कि हमें समाजवाद, जनतंत्र और धर्मनिरपेक्षता पर आधारित संस्कृति की नये सिरे से व्याख्या की ज़रूरत है। इसके लिए जनता को पुनः शिक्षित करना होगा। यह इसलिए आवश्यक है क्योंकि मौजूदा शासक वर्ग यहुदीवादी इजरायल और पाकिस्तानी साम्प्रदायिकता केन्द्रित माडल में बदलना चाहता है।

उन्होंने कहा कि विशु दा इस मायने में भी याद किये जाएंगे कि भारतीय राष्ट्रवाद की आधारभूमि थे।वह धर्मनिरपेक्षता, जनतंत्र और समाजवाद की लड़ाई के अप्रतिम योद्धा थे। उन्होंने कहा कि रूस्तम सैटिन और विशु दा की जोड़ी ने वाराणसी और पूर्वांचल में लगभग आधी सदी तक सभ्य समाज के निर्माण में लगे हुए थे।



समारोह की अध्यक्षता करते हुए समाजवाद और ट्रेड यूनियन आंदोलन के वरिष्ठ नेता और विचारक विजय नारायण ने कहा कि विशेश्वर मुखर्जी पूर्वांचल ट्रेड यूनियन आंदोलन के पुरोधा थे। वह समाजवादी -साम्यवादी आंदोलन के एक महत्वपूर्ण स्तंभ थे। सभा के अंत में दो प्रस्ताव पारित किये गये। जिसमें देश में संविधान प्रदत्त धार्मिक अधिकारों की रक्षा और अमेरिका - इस्राइल की तरफ से ईरान पर हमले की निंदा की गई।

संगोष्ठी को बीएचयू आईटी के सेवानिवृत्त प्रोफेसर आर के मंडल, प्रो असीम मुखर्जी, अमिताभ भट्टाचार्य,कुंवर सुरेश सिंह, संजीव सिंह, एआइटीयूसी के नेता अजय मुखर्जी , भाकपा नेता जयशंकर सिंह, एडवोकेट तनवीर अहमद , उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुनील त्रिपाठी, इंटक के प्रदेश सचिव एसपी श्रीवास्तव,सीटू के देवाशीष, सीपीआई एम एल के मिठाई लाल और सीपीआई के जिला मंत्री लाल बहादुर आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन डॉ मोहम्मद आरिफ़ ने किया।

Varanasi Main Parwaaz welfare society ने जरुरतमंदों में बांटी रमज़ान किट

सदर काजी ने की गरीबों की मदद को ज्यादा से ज्यादा लोगों से आगे आने की अपील 



dil india live (Varanasi). Parwaaz welfare society के मुख्यालय बैतूल मुजाहिदे मिल्लत गली सरायनंदन में जरुरतमंदों को रमज़ान राशन किट, स्पेशल सेवई, मीठा और कपड़ा व त्योहारी तक्सीम किया गया है। आयोजन के मेहमाने खुसूसी सदर क़ाज़ी ए शहर बनारस मौलाना हसीन अहमद हबीबी और जनाब सूफी अब्दुल कबीर ने इस मौके पर कहा रमज़ान का  पैगाम है कि ज़्यादा से ज़्यादा आप अपने करीबी, मोहल्ले वालों व रिश्तेदारों का ख्याल करें और रमजान के बाद भी साल के पूरे 12 महीने राशन तकसीम करें। 

मौलाना हसीन अहमद हबीबी ने dil India live को बताया कि ऐसी औरतें जिनके गार्जियन (सरपरस्त) में कोई भी पुरुष पति, पिता, भाई आदि कमाने वाला नहीं है ऐसे लोगों का राशन का इंतजाम परवाज वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हमेशा किया जाता है साथ ही साथ इक़रा मकतब में तालीमी बेदारी के लिए  बच्चियों की तालीम का इंतजाम किया गया है और जल्द ही हम ऐसी महिलाओं को इंडिपेंडेंट यानी पैरों पर खड़ा होने के लिए सिलाई मशीन की भी तकसीम कारी जल्द ही अमल में आएगी।



इस मौके पर कहा गया कि बनारस के तमाम हज़रात से गुज़ारिश है कि आप अपने घर, खानदान, रिश्तेदारी में देखने के साथ-साथ अगर आप परवाज़ वेलफेयर सोसाइटी के ज़रिए इन बेहतरीन कामों में हिस्सा लेना चाहते हैं तो आप ज़िम्मेदार हज़रात से राब्ता कायम कीजिए। इस प्रोग्राम में मौलाना क़ौसैन मोअज़्ज़म मदनी, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद हुसैन, अली रज़ा मदनी, राज़ा उर्फ़ शानू आदि ने शिरकत की।

Ramadan ka Paigham 25 : इफ्तार के वक्त मांगी गई दुआएं कभी वापस नहीं होती

...इबादत में करें और तेज़ी माहे रमज़ान जा रहा 


Varanasi (dil India live)। इबादत और रब की मोहब्बत का मुक़द्दस महीना रमजान की इबादत में मोमिनीन जुटे हुए हैं। पूरी रात तीसरी शब-ए-कद्र यानी 25 रमज़ान की रात की इबादत रोज़ा रखने वालोंने जागकर किया। दरअसल अलविदा जुमा के बाद से ही यह मान लिया जाता है कि अब रमज़ान कुछ दिन या कुछ घंटों का मेहमान है। इसलिए इबादतगाहों और घरों में कसरत से रब को राज़ी करने में तमाम लोग जुट जाते हैं। और रो रोकर दुआएं मांगी जाती है। मुश्किलकुशा हजरत अली फरमाते हैं कि जब रोज़ेदार इफ्तार के वक्त दुआ करता है तो वो ज़रुर कुबुल होती है और रोज़ा जिस्म की ज़कात है।

परवरदिगार फरमाता है कि माहे रमज़ान कितना बरकतों और रहमतो का महीना है इसका अंदाजा बंदा इसी से लगा ले कि इस महीने में हमने दुनिया की सबसे मुकद्दस किताब कुरान मजीद नाज़िल फरमाया है। यही नहीं रमज़ान का चांद होते ही शैतान गिरफ्तार कर लिया जाता है और जन्नत के दरवाज़े खोल दिये जाते हैं। यह भी रमज़ान की खासियत है कि इसमें नबी-ए-करीम (स.) के बड़े नवासे जन्नत के सरदार, शेरे खुदा मौला अली व जनाबे फातेमा के साहबज़ादे इमाम हसन की पैदाइश 15 रमज़ान सन् 3 हिजरी को मदीना मुनव्वरा में हुई थी। ऐसे ही मुकद्दस रमज़ान की 21 तारीख को ही मुश्किलकुशा हजरत मौला अली की मस्जिदें कुफा में शहादत हुई थी। हज़रत अली काबा में पैदा हुए और मस्जिद में शहीद हुए। इमाम ज़ाफर सादिक ने फरमाया कि जिन चीज़ों से रोज़ा टूटता है उसमें झूठ, गीबत, चुगलखोरी, दो मोमिन के बीच लड़ाई कराना, किसी के लिए गलत नज़र रखना, झूठी कसम खाना शामिल है। रोज़ा तकवे का सबब और अल्लाह की नज़दीकी हासिल करने का ज़रिया है। रोज़ा जहन्नुम से बचाने की ढाल है और जन्नत में दाखिले का ज़रिया है। ऐ अल्लाह तू हम सबको सही राह दिखा। परवरदिगार हम सबको रमज़ान के रोज़े रखने की तौफीक दे और रोज़े की कामयाबी पर सभी को ईद की खुशियां दे...आमीन 

         फैजानुल हक़  
(विज्ञान शिक्षक पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौहाननपुरवा, बहराइच)

Roza iftar party : मुल्क में अमन, आपसी भाईचारे और खुशहाली की मांगी दुआएं


आदर्श ग्राम नागेपुर में रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन

लोक समिति और आशा ट्रस्ट के संयुक्त इफ्तार में पहुंचे पूर्व मंत्री 





Sarfaraz/Rizwan 

dil india live (Varanasi). मिर्जामुराद में प्रधानमंत्री के आदर्श ग्राम नागेपुर स्थित लोक समिति आश्रम में शनिवार को रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर झलक देखने को मिली। लोक समिति और आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इफ्तार कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के बड़े-बुजुर्गों और नौजवानों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। साथ ही हिंदू समाज के लोगों ने भी शिरकत कर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

क्या बोले पूर्व मंत्री 

इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देते हैं और हमें आपस में मिलजुल कर रहने की प्रेरणा देते हैं। आराजी लाइन प्रधान संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम देश में सर्वधर्म सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

मानव रक्त फाउंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट अबू हाशिम ने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और देश में अमन-चैन बनाए रखने के उद्देश्य से इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया है। लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि पवित्र रमजान का महीना आत्मसंयम और आत्मशुद्धि का महीना है, जो इंसान को बुराइयों से दूर रहने और इंसानियत की राह पर चलने की सीख देता है।

इनकी रही खास मौजूदगी 

ऑल इंडिया बुनकर फोरम के मुहम्मद अकरम, रुस्तम अली, बुढ़ापुर प्रधान संजय यादव, महेंद्र राठौर, प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद, जादूगर रमेश, इमरान, जाकिर हुसैन, अब्दुल्ला, सोहेब अख्तर, नाजमा, बदरून, जैनब, सोनी बानो, शमा बानो, हाजी आजाद भाई, मोहम्मद सज्जाद, अजहरुद्दीन, सबीना, अनीता आशा, सिताबुन, मनीषा, शैलेन्द्र सिंह, अरविंद, श्यामसुंदर, सुनील पंचमुखी, राकेश मास्टर, जितेंद्र सहित सैकड़ों रोजेदार उपस्थित रहे।

शनिवार, 14 मार्च 2026

NSS camp Main "Soft Skill for Employability" विषयक प्रभावशाली कार्यशाला का हुआ आयोजन

युवाओं में कौशल विकास  शिक्षा तथा रोजगार पर चर्चा



dil india live (Varanasi). वसंत कन्या महाविद्यालय, कमच्छा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई: 014A द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का  पांचवां दिन  सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दिन की शुरुआत सुबह 10:00 बजे स्वयंसेवकों की उपस्थिति दर्ज करने के साथ हुई, उसके बाद एनएसएस ताली, थीम गीत और हम होंगे कामयाब गीत के साथ शिविर की शुरुआत हुई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि प्रभा कश्यप की अगुवाई में सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर की थीम “युवाओं में कौशल विकास” रखा गया था जिसके अंतर्गत "रोजगार योग्यता के लिए सॉफ्ट स्किल्स" ( Soft Skill for Employability) विषय पर एक अत्यंत प्रभावशाली कार्यशाला आयोजित की गई। इस सत्र का मुख्य केंद्र-बिंदु युवाओं में कौशल विकास और शिक्षा तथा पेशेवर रोजगार के बीच की खाई को पाटने में इसकी प्रत्यक्ष भूमिका थी।

केवल अकादमिक डिग्रियां अब पर्याप्त नहीं 

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि प्रभा कश्यप ने इस बात पर जोर दिया और कहा  कि आधुनिक रोजगार बाजार में केवल अकादमिक डिग्रियां अब पर्याप्त नहीं हैं। इस दिन का मुख्य आकर्षण श्री रविंद्र सहाय के नेतृत्व में आयोजित एक गहन प्रशिक्षण सत्र था  श्री सहाय को लोकप्रिय रूप से "करियर गुरु" के नाम से जाना जाता है और वे भारत सरकार की 'नेशनल करियर सर्विस' में एक राष्ट्रीय परामर्शदाता हैं, जिन्हें करियर मार्गदर्शन और परामर्श के क्षेत्र में 35 वर्षों का अनुभव है। डॉ. कश्यप द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि वक्ता तथा सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया गया।



 रविंद्र सहाय ने एक सफल करियर बनाने में संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, समय प्रबंधन, समस्या-समाधान की क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण  के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद सहाय ने नीम के पेड़ का उदाहरण देकर सॉफ्ट स्किल्स के महत्व को समझाया  उन्होंने बताया कि कैसे मज़बूत जड़ें और संतुलित विकास जीवन में अच्छे व्यक्तित्व गुणों और मूल्यों के विकास का प्रतीक हैं। उन्होंने छात्रों को रोज़ाना अच्छी आदतें विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया, जैसे कि आत्मविश्वास और आत्म-जागरूकता बढ़ाने के लिए हर सुबह खुद से बात करना और शीशे के सामने खड़े होकर बात करने का अभ्यास करना। उन्होंने "व्यक्तिगत विकास के लिए चार वर्ग" (Four Squares for Personal Development) की अवधारणा भी प्रस्तुत की, जिसमें शामिल थे: एक अच्छा दृष्टिकोण विकसित करना, भावनाओं को प्रभावी ढंग से संभालना, आत्म-देखभाल का अभ्यास करना, लक्ष्य निर्धारित करना और उन पर कार्रवाई करना I इसके अलावा, उन्होंने जीवन के पाँच तत्वों की व्याख्या की और उन्हें महत्वपूर्ण जीवन कौशलों से जोड़ा: पृथ्वी (पृथ्वी तत्व): स्थिरता, धैर्य, सहनशीलता और भावनात्मक शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है। जल (जल तत्व): अनुकूलनशीलता और परिस्थितियों के अनुसार ढलने की क्षमता का प्रतीक है। अग्नि (अग्नि तत्व): ऊर्जा, साहस, उत्साह और लक्ष्यों को प्राप्त करने के जुनून का प्रतिनिधित्व करता है। वायु (वायु तत्व): गति और निरंतर विकास का प्रतीक है। आकाश (आकाश तत्व): एक व्यापक दृष्टिकोण, आत्म-जागरूकता, दूरदृष्टि और सजगता का प्रतिनिधित्व करता है।

उन्होंने छात्रों को स्किल इंडिया पहल के माध्यम से व्यावहारिक कौशल सीखने और  नेशनल करियर सर्विस पोर्टल के माध्यम से करियर मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आज की दुनिया में डिजिटल साक्षरता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के महत्व पर ज़ोर दिया।  इंटरैक्टिव सेशन के दौरान, छात्रों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बारे में सवाल पूछे गए, और भाग्यज्योति पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे आईं और AI से जुड़े सात मुख्य बिंदु साझा किए।

कुछ छात्रों को उनकी भागीदारी और प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। तेजस्विनी और भाग्यज्योति को उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए पुरस्कृत किया गया। प्रतिभा को भी व्यक्तित्व के बारे में विस्तार से बताने के लिए पुरस्कार मिला। पूरे सेशन के दौरान, नंदकिशोर सर ने छात्रों को प्रेरित और प्रोत्साहित किया, जबकि चंद्रशेखर सर ने सफलता प्राप्त करने में समय प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला।

यह सत्र अत्यंत संवादात्मक रहा, जिसमें स्वयंसेवकों ने प्रश्न पूछकर और करियर विकास पर अपने विचार साझा करके सक्रिय रूप से भाग लिया। यह कार्यक्रम प्रेरक और ज्ञानवर्धक  साबित हुआ, जिसने छात्रों को रोजगार क्षमता और करियर की संभावनाओं को बेहतर बनाने में सॉफ्ट स्किल्स के महत्व को समझने में मदद की।  डॉ. शशि प्रभा कश्यप ने इस सेशन को सार्थक और सफल बनाने के लिए अतिथि वक्ता, एनएसएस स्वयंसेविकाओं और वहां उपस्थित सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन नंदकिशोर सर द्वारा दिए गए एक प्रेरणादायक और सशक्त प्रेरक नारे और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Varanasi Main IPS Mansi को थाना प्रभारी चोलापुर किया गया नियुक्त

परिविक्षाधीन आईपीएस अधिकारी हैं मानसी दहिया 

जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण के अंतर्गत थाना चोलापुर का मिला स्वतंत्र प्रभार



  • sarfaraz Ahmad 

dil india live (Varanasi). पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा कमिश्नरेट वाराणसी में जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण के क्रम में 77 वें आर आर (वर्ष 2023) बैच की परिवीक्षाधीन IPS मानसी दहिया को थाना प्रभारी चोलापुर नियुक्त किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के आदेशानुसार उन्हें थाना चोलापुर का स्वतंत्र प्रभार 12 सप्ताह के लिए सौंपा गया है, जिसमें वे कानून-व्यवस्था बनाये रखने, अपराध नियंत्रण तथा थाना प्रशासन के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगी।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान आईपीएस मानसी दहिया अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन करेंगी, साथ ही जनसुनवाई, शिकायत निस्तारण तथा थाना प्रबंधन से संबंधित प्रशासनिक कार्यों का नेतृत्व भी करेंगी।

सोनीपत हरियाणा की हैं निवासी  
  • बैच - 77 वें आरआर (वर्ष 2023 बैच) (IPS)  
  • योग्यता - B.SC, B.ED  
  • पता – सोनीपत, हरियाणा

NSS camp Main स्वयंसेवकों ने निकाली सड़क सुरक्षा रैली

स्वयंसेवकों को दिया गया योगासन का प्रशिक्षण



dil india live (Varanasi). डीएवी पीजी कॉलेज (DAV PG College) की राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न इकाइयों द्वारा चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर में शनिवार को विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। इकाई सीएफ एवं जी के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश झा, डॉ. मनीषा सिंह एवं डॉ. दीपक शर्मा के निर्देशन में छठें दिन नगवां स्थित रविदास घाट में योग प्रशिक्षण प्राप्त किया। आर्ट ऑफ़ लिविंग के योग प्रशिक्षक डॉ. आनंद कर्ण ने स्वयंसेवकों को योगासन का प्रशिक्षण दिया, इसके उपरांत स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा - जीवन रक्षा... पर अस्सी व नगवा क्षेत्र मे रैली निकाली। नगवा स्थित गंगा सिवेज ट्रीटमेंट प्लांट जाकर, गंगा स्वच्छ करने क़ी विभिन्न तकनीकी पहलुओ को समझा। अन्तिम सत्र में नन्दलाल बाजोरिया संस्कृत महाविद्यालय के आचार्य डॉ. गंगाधर मिश्र ने भारतीय संस्कृति एवं परम्परा पर व्याख्यान दिया। 



      इकाई ई एवं एच के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋचा गुप्ता एवं डॉ. प्रियंका बहल के निर्देशन में प्राथमिक विद्यालय काजीपुर, सोनिया क्षेत्र में शिविर आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न सत्रों में डॉ. कल्पना सिंह, विंध्य नारायण सिंह, आरिफ अहमद ने विषयों पर विचार रखें। 

वहीं कॉलेज में इकाई ए एवं बी द्वारा आयोजित एक दिवसीय शिविर में प्रो. ऋचारानी यादव द्वारा लैंगिक समानता विषय पर व्याख्यान दिया गया। संयोजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश कुमार एवं डॉ. सूर्यप्रकाश पाठक द्वारा किया गया।