वाराणसी में 50 किमी रफ्तार से चली हवाएं, झमाझम हुई बारिश
तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
Mohd Rizwan
dil india live (Varanasi). भीषण गर्मी, आग बरसती तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बेहाल पूर्वांचल के लोगों को आंधी और उसके बाद हुई बरसात ने फौरी राहत देने का काम किया। पहले आयी आंधी ने लोगों को डराया फिर बारिश ने शीतल जल से सहलाया। इस दौरान वाराणसी में 50 किमी रफ्तार से हवाएं चली और झमाझम हुई बारिशें हुई। इस दौरान मौसम विभाग ने तीन दिन आंधी-बारिश के लिए अलर्ट किया है ताकि कोई बड़ा हादसा न होने पाएं।
बुधवार को दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज आंधी शुरू होने से लोग अभी परेशान ही थे कि कुछ ही देर में बारिश ने उन्हें राहत का तोहफा दिया। यही नहीं तेज हवाओं के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर तबाही भी आती, पेड़ गिरे कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे पेड़ और डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। आम का काफी नुकसान हुआ। जहां पेड़ गिरे वहां आवागमन में स्थानीय लोगों व राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना समाचार लिखे जाने तक नहीं मिली।
आंधी और तेज हवाओं के चलते वाराणसी में ही कैंटोनमेंट क्षेत्र में लगा बड़ा सूचना बोर्ड सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।उधर मिर्जामुराद थाना अंतर्गत श्याम तारा महिला महाविद्यालय के समीप तेज आंधी, बारिश के कारण एक विद्युत पोल टूट कर धराशाई हो गया। लोगों का कहना था कि जल्दी इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मंडुवाडीह में सुनील विश्वकर्मा के घर पर पड़ोसी की बाउंड्री गिरने से कुछ लोगों के घायल होने की सूचना भी मिली पर समाचार लिखे जाने तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी। आंधी तूफान की वजह से मंडुवाडीह के ही कंदवा स्थित कर्दमेश्वर महादेव मंदिर के पास नीम का पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बारिश के बाद मौसम सुहाना होने पर लोग घरों से बाहर निकल आए और शहर के प्रमुख घाटों तथा पर्यटन स्थलों पर भीड़ बढ़ गई। तेज आंधी ओर बारिश के बाद हजारों की संख्या में दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के दर्शन पहुंचे। दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और अन्य घाटों पर बड़ी संख्या में लोग ठंडी हवाओं और बारिश के बाद के मौसम का आनंद लेते नजर आए। पर्यटकों ने भी मौसम का भरपूर लुत्फ उठाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ती गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। अचानक हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। हालांकि तेज तूफान के कारण कुछ देर के लिए सड़क यातायात प्रभावित रहा और कई इलाकों में पानी भर गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

































