शिद्दत की उमस और गर्मी के बावजूद जुलूस में शामिल हुए अकीदतमंद
dil india live (Varanasi). वाराणसी में हजरत सैयद सलार मसूद गाजी मियां रहमतुल्लाह अलैह की मेदनी का जुलूस जुमे की सुबह अकीदत और रवायतों के साथ निकाला गया। इस दौरान पलंग-पीढ़ी गाज़ी मियां की मुख्य दरगाह शरीफ बहराइच के लिए रवाना हो गई। इससे पहले शिद्दत की गर्मी और उमस के बीच तमाम रस्में पूरे अदब और अकीदत के साथ पूरी की गई।
कार्यक्रम दरगाह कमेटी के गद्दीनशीं हाजी एजाजुद्दीन हाशमी की देखरेख और सदर हाजी सेराजुद्दीन अहमद की सरपरस्ती में आयोजित किया गया। सुबह से ही दरगाह परिसर में जायरीन और अकीदतमंदों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।पारंपरिक तरीके से गाजी मियां की दरगाह सलारपुर बड़ी बाजार से पलंग-पीढ़ी, निशान और अन्य शादी के रस्म के सामान लेकर दरगाह परिसर में जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने पूरी अकीदत के साथ रस्मों को अदा किया।
दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रशासन की अनुमति और तय दिशा-निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम सम्पन्न होने पर हर्ष व्यक्त किया और पुलिस कमिश्नरेट व जिला प्रशासन का शुक्रिया अदा किया। इस मौके पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमेटी के सदस्य लगातार सक्रिय रहे, जुलूस में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दूर-दराज से पहुंचे जायरीन शामिल हुए। पूरे दरगाह परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और लोगों ने गाजी मियां के दर पर दुआएं मांगीं।
































