शनिवार, 9 मई 2026
Smail muniya एवं वैश्य महिला समाज ने मां के प्रति प्रेम और सम्मान किया प्रदर्शित
dil india live (Varanasi). स्माइल मुनिया एवं वैश्य महिला समाज के तत्वाधान मे गुरुधाम स्थित एक होटल में “मां तुझे प्रणाम “कार्यक्रम मां के प्रति प्रेम और सम्मान प्रदर्शित कर समर्पित रहा। कार्यक्रम मे पांच ऐसी माताओं का भी सम्मान किया गया जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में अपने बच्चों की परवरिश के लिये किसी काम को छोटा नहीं समझा और बच्चों के लिए संघर्षरत रहीं।
DAV PG College दो छात्रों का CDS में हुआ चयन
कालेज में किया गया दोनों का जोरदार अभिनंदन
dil india live (Varanasi). वाराणसी डीएवी पीजी कॉलेज के दो छात्रों का चयन देश के प्रतिष्ठित सीडीएस (कम्बाइंड डिफेंस सर्विस) के लिए हुआ है। इस आशय की जानकारी मिलने पर कॉलेज प्रशासन द्वारा उनका अभिनन्दन किया गया। बीए तृतीय वर्ष के छात्र आदर्श तिवारी एवं शशिकांत का चयन यूपीएससी द्वारा सैन्य सेवा के लिए आयोजित होने वाली सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण होने के बाद हुआ। एक वर्ष के प्रशिक्षण के बाद ये दोनों विद्यार्थी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर जॉइन करेंगे। दोनों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता के साथ गुरुजनों को भी दिया है।
मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग के सहायक आचार्य एवं पूर्व सैन्य अधिकारी डॉ. अवधेश सिंह, कॉलेज के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव एवं का. प्राचार्य प्रो. मिश्रिलाल ने दोनों छात्रों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नही होता है, जीवन मे सफलता प्राप्त करनी है तो विपत्तियों को झेलना ही होगा, इनसे भागना नही है बल्कि ये ही आपको और मजबूत बनाती है। प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने छात्रों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उप प्राचार्य द्वय प्रो. संगीता जैन, प्रो. राहुल, प्रो. विजयनाथ दुबे, प्रो. संजय साह, डॉ. तरु सिंह आदि प्राध्यापक उपस्थित रहे। संचालन छात्र सलाहकार डॉ. विकास सिंह एवं धन्यवाद प्रो. मिश्रिलाल ने दिया।
गुरुवार, 7 मई 2026
DAV PG College Varanasi Main चुनाव के नतीजों पर रिपब्लिका में हुई खुली परिचर्चा
लोकतांत्रिक प्रक्रिया, जनमत तथा समकालीन राजनीतिक परिस्थितियों पर विमर्श
dil india live (Varanasi). वाराणसी डीएवी पीजी कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के छात्रमंच रिपब्लिका के अंतर्गत गुरुवार को चुनावी नतीजों का विश्लेषण 2026 विषय पर एक खुली परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बी.ए. एवं एम.ए. के विद्यार्थियों ने हाल ही में घोषित विधानसभा चुनाव परिणामों का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रदर्शन, मतदाताओं की भूमिका, चुनावी मुद्दों एवं भारतीय लोकतंत्र पर उनके प्रभाव पर अपने विचार व्यक्त किए। चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया, जनमत तथा समकालीन राजनीतिक परिस्थितियों पर विमर्श किया।
छात्र करण त्रिपाठी ने बंगाल में हुए चुनावों पर अपने विचार रखे। छात्र अमीनल हक़ ने असम के चुनावों पर प्रभावी वक्तव्य दिया, बी.ए. द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत वर्मा ने कहा कि फ्रीबीज़ अर्थात रेवड़ियाँ बाँटना समाज और राजनीति के लिए कैंसर के समान है। अंकित राज, आदित्य मील, प्रतीक राणा, आनंद पटेल, ऋतिक यादव, अमित यादव, जय प्रकाश यादव, जाबा चक्रवर्ती, आदित्य शर्मा, आशीष राय, रिया गंगवार, गौरव सिंह, अमन सिंह सहित 30 छात्र-छात्राओं ने विचार रखें।
इनका हुआ सम्मान
कार्यक्रम में बीते दिनों आयोजित हुए पोल क्वेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रितिक यादव प्रथम स्थान, राजनयन द्वितीय स्थान तथा शाह इस्माइल तृतीय स्थान को सम्मानित भी किया गया।
अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाति सुचरिता नन्दा, संयोजन डॉ. विकास सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. रवि शंकर राज, डॉ. गौरव मिश्रा एवं डॉ. विपिन कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। संचालन छात्रा प्रिया कुमारी ने किया।
Sport: BLW Varanasi main चार दिवसीय अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता
पहले दिन बरेका, राजर्षि क्लब व अतुलानंद की टीम का दबदबा
F.Farooqui (babu)/Ajeet Singh rajpoot
बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) के बास्केटबॉल कोर्ट पर आज 07 मई से अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आगाज़ हुआ। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 07 मई से 10 मई तक आयोजित की जा रही है, जिसमें वाराणसी की विभिन्न प्रतिष्ठित टीमों की प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 07 टीमों राजर्षि क्लब, सनबीम सन सिटी, बरेका, सिगरा स्टेडियम, संत अतुलानंद (होलापुर), सनबीम भगवानपुर एवं सनबीम वरुणा ने सहभागिता सुनिश्चित की है।
इस दौरान प्रतियोगिता का उद्घाटन सचिव, बास्केटबॉल, बरेका एवं जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी बच्चों को मजबूत बनाता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला राजर्षि क्लब एवं सनबीम सन सिटी के बीच खेला गया, जिसमें राजर्षि क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38-03 से एकतरफा विजय प्राप्त की।
दूसरा मैच बरेका एवं सिगरा स्टेडियम के मध्य खेला गया, जिसमें बरेका टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सिगरा स्टेडियम को 44-15 से पराजित कर प्रभावशाली जीत दर्ज की।
तीसरा मुकाबला संत अतुलानंद (होलापुर) एवं सनबीम भगवानपुर के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया तथा दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। संत अतुलानंद (होलापुर) की टीम ने सनबीम भगवानपुर को 31-11 से शानदार जीत दर्ज की।
पूरे प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों का जोश, ऊर्जा एवं खेल भावना देखते ही बन रही थी। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया, जिससे खेल परिसर रोमांच एवं उत्साह से सराबोर रहा।
इस अवसर पर सचिव, संस्थान आलोक कुमार सिंह, बरेका बास्केटबॉल एकेडमी के कोच एल. के. बिस्वाल एवं बाबी सिंह उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में विकास यादव, लक्ष्य वर्मा, राहुल श्रीवास्तव एवं आलोक रंजन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
बुधवार, 6 मई 2026
DAV PG College में Emotional Support देने वाले बिजनेस प्लान को मिला Award
इनोवेटिव बिजनेस प्लान प्रतियोगिता में प्रतिभाओं ने दिखाया दम
dil india live (Varanasi). वाराणसी के डीएवी पीजी कॉलेज (DAV PG College Varanasi) में बुधवार को बिजनेस प्लान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कॉमर्स विभाग के स्टूडेंट फोरम वॉइस ऑफ कॉमर्स एवं स्पर्श के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में 15 टीमो के 50 से अधिक प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक नए नए इनोवेटिव बिजनेस प्लान सुझाए। प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाली सनबीम कॉलेज फ़ॉर वीमेन, भगवानपुर की टीम नेक्सस ने स्ट्रेस मैनेजमेंट के लिए इमोशनल सपोर्ट देने वाले बिजनेस एप्प का प्लान दिया। टीम में प्रिया कुमारी, समीक्षा झा एवं प्रगति चौबे शामिल रही। दूसरा पुरस्कार डीएवी की रिपटाइड टीम को बैगेज के रिसाइज मॉडल के लिए मिला, इसमें शैली बनर्जी और आकांक्षा शामिल रही।
तीसरा पुरस्कार भी डीएवी के आईडिया इग्निटर्स को मिला। अश्विनी, श्रेया एवं रोशनी की टीम ने मैजिकल मिरर का बिजनेस प्लान दिया। सांत्वना पुरस्कार टीम मणिकर्णिका संजीवनी और टीम स्काई लाइन को संयुक्त रूप से मिला। इन्होंने वर्चुअल टूरिज्म और आरामदायक तकिये का बिजनेस प्लान प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में बीएचयू, एमएमवी, आर्यमहिला आदि संस्थाओं के विद्यार्थियों ने भी प्रतिभाग किया।
विजेताओं को महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव, उप प्राचार्य द्वय प्रो. संगीता जैन, प्रो. राहुल, विभागाध्यक्ष प्रो.विजय नाथ दुबे ने प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया। निर्णायक मण्डल में डॉ. सिद्धार्थ सिंह एवं डॉ. ऋचा गुप्ता रही। संयोजन डॉ. तरु सिंह ने किया।
प्रतियोगिता में प्रो. संजय साह, डॉ. साक्षी चौधरी, डॉ. शान्तनु सौरभ, डॉ. रश्मि त्रिपाठी, डॉ. श्रुति अग्रवाल, डॉ. सत्यार्थ बाँधल, डॉ. सोनल कपूर, मितिन आहूजा आदि प्राध्यापक उपस्थित रहे। पूर्णिमा सिंह, अंश मेहरा, ऋचा मिश्रा एवं आदित्य आदि छात्र प्रतिनिधि के रूप में मौजूद थे।
UP K Varanasi Main युवक को पीट-पीट कर किया Murder, मचा कोहराम
बारात में झगड़े के बाद युवक की हत्या से फैली सनसनी, परिजनों ने किया चक्का जाम
Mohd Rizwan
dil india live (Varanasi). उत्तर प्रदेश के Varanasi में बारात में हुड़दंग और मारपीट के बाद एक युवक का Murder कर दिया गया, इसके चलते समूचे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सिंधोरा थाना क्षेत्र की है जहां युवक को बारात से लौटने के दौरान आरोपी युवकों ने पत्थर से सिर और चेहरा कूंच दिया। इसके बाद सड़क किनारे शव फेंककर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने युवक की शिनाख्त रोहित राजभर (25 वर्ष) के रूप में की। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान बताया कि रोहित मूल रूप से चंदवक थाना क्षेत्र का रहने वाला था। इन दिनों रोहित अपने ननिहाल कस्तमपुरा (सारनाथ) में रह रहा था। हत्या की सूचना पर परिजनों के साथ आसपास के ग्रामीण पहुंचे। सभी ने सड़क पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया।
परिजनों ने बताया कि रोहित 5 मई को एक बारात में गया था, जहां उसका किसी से विवाद हो गया था. रात में जब वह वापस लौट रहा था, तभी बसंतपुर (चकदुल्ला) के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने रोहित को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और उसकी बाइक भी तोड़कर फरार हो गए।
बुधवार सुबह परिजनों को जब पुलिस से सूचना मिली कि रोहित का शव सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे यातायात बाधित हो गया और मौके पर तनाव की स्थिति हो गई।
तहरीर में किशन राजभर ने कहा- मेरे भाई की हत्या साजिश के तहत की गई है। घटना से पहले रोहित को वाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए कई बार धमकियां मिल चुकी थीं। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।
नोएडा में शादी से लौटते युवक पर फायरिंग मौत
Greater Noida Uttar Pradesh (ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश) के सूरजपुर थाना क्षेत्र देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शादी समारोह से लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया गया है कि साकीपुर गांव निवासी साजन मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे उसके पड़ोसी मंगेश और उसके तीन साथियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद कहासुनी और गाली-गलौज के बीच मामला अचानक हिंसक हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद तेजी से बढ़ा और आरोप है कि मंगेश ने साजन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में साजन को तीन गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे। उन्होंने बताया कि पुरानी दुश्मनी और कूड़ा फेंकने को लेकर चल रहे विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया, जिसके बाद यह हत्या की वारदात हुई। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस कार्रवाई के लिए टीम बनाई गई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मंगेश, वीर सिंह, वीरवती, श्रीपाल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार, 5 मई 2026
police Commissioner Mohit Agarwal ने RTC Scheme के क्रियान्वयन के लिए किया प्रमुख मार्गों का भ्रमण
सुगम यातायात के लिए 10 मार्गों पर निरीक्षक अधिकारियों को किया रूट मार्शल नियुक्त
अवैध ऑटो-रिक्शा स्टैंड हटाने एवं व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित कर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने पर दिया विशेष बल
- Sarfaraz Ahmad
dil india live (Varanasi). आज 05.05.2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल (Mohit Agarwal) द्वारा Reducing Traffic Congestion (RTC) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। मोहित अग्रवाल ने अंधरापुल से से लहरतारा होते हुए मण्डुआडीह चौराहा तक लगभग 07 किमी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया गया कि प्रमुख चौराहों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाकर प्रभावी चेकिंग की जाए।
शहर में संचालित ऑटो व टोटो चालकों को बारकोड प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए गए। चिन्हित 10 प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारू रखने के लिए निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल नियुक्त किया गया है, इनका दायित्व संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों के साथ समन्वय कर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना है । निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण हटाने, बिना नंबर प्लेट, रांग साइड व तीन सवारी जैसे नियम उल्लंघनों पर सख्त अभियान चलाने, तथा मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार के अवरोध के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ठेला-खुमचा द्वारा सड़क अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई, अवैध ऑटो-रिक्शा स्टैंड हटाने एवं व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित कर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष बल दिया गया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त बैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त लिपि नागयाच, अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्र सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक व अन्य पुलिस बल उपस्थित रहे।






















