शनिवार, 21 मार्च 2026

Eid-ul-fitr 2026:देश दुनिया में अकीदत के साथ अदा की गई ईद की नमाज़

कामयाबी से रमज़ान में इबादत करने पर मिली ईद की खुशियां तो रब का अदा किया शुक्र, मांगी दुआएं 

ऐ अल्लाह देश दुनिया में अमन कायम कर…आमीन








Sarfaraj/F. Farouqi/Rizwan 

Varanasi (dil India live )। देश-दुनिया में मुकद्दस रमजान का 30 वां रोजा मुकम्मल करने के बाद शनिवार को लाखों मुसलमानों ने ईद की खुशियां मनायीं। यूं तो ईद की खुशियों का आगाज चांद के दीदार के साथ जुमा को ही हो गया था मगर ईद का जश्न ईदुल फित्र कि नमाज़ अदा करने के बाद अपने शबाब पर पहुंच गया। मज़हबी शहर Varanasi में तो eid का मज़ा और रंग ही औरों से जुदा है। यहा सभी मज़हब के लोग मिलजुल कर एक साथ ईद का जश्न मनाते है। dil india live कि एक खास रिपोर्ट…

अकेले बनारस में दर्जन भर ईदगाह और 500 से ज्यादा मस्जिदों में इबादतगुजारों ने रब के सामने जहां सिर झुकाया वहीं अपनी रोजी-रोटी, देश की तरक्की और अमन के लिए रब की बारगाह में हाथ उठाया। मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों का सैलाब नमाज अदा करने उमड़ा था। सुबह 6.00 बजे से 11.00 बजे के बीच ईद की नमाज मोमिनीन ने अकीदत के साथ अदा की। मस्जिदों व ईदगाहों के आसपास मेले जैसा माहौल दिखा। नमाज पूरी होते ही एक-दूसरे से गले मिलकर सभी ने ईद की मुबारकबाद दी। बड़ों ने छोटों को ईदी दिया तो वे चहक उठे। गरीबों और मिसकीनों का भी लोगों ने ख्याल रखा। किसी ने फितरे की रकम तो किसी ने सदका व खैरात देकर गरीबों की मदद की। 

यहां अदा हुई नमाज़े ईदैन

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मस्जिद लाट सरैया में मौलाना जियाउर्रहमान ने नमाज अदा करायी तो खानकाह शक्कर तालाब में मुफ्ती-ए-बनारस अहले सुन्नत मौलाना मोइनुद्दीन अहमद फारुकी प्यारे मियां, ईदगाह लंगर दोषीपुरा में मौलाना इरशाद रब्बानी, शाही मस्जिद ढाई कंगूरा में हाफिज नसीम अहमद बशीरी, शाही मुगलिया मस्जिद बादशाहबाग में मौलाना हसीन अहमद हबीबी, मस्जिद लंगड़े हाफिज में मौलाना जकीउल्लाह असदुल कादरी, शिया सदर इमामबाड़े में मौलाना जफरुल हुसैनी, ईदगाह विद्यापीठ में मुफ्ती शमीम, मस्जिद उल्फत बीबी अर्दली बाज़ार में मौलाना साकिब रज़वी, जामा मस्जिद कम्मू खां डिठोरी महाल में मौलाना शमशुद्दीन व जामा मस्जिद टकटकपुर में मौलाना अजहरुल कादरी ने नमाज अदा कराती।

मस्जिद ज्ञानवापी में मौलाना अब्दुल आखिर, खोजित कुआं में मौलाना वकील अहमद मिस्बाही, मस्जिद लाटशाही में हाफिज हबीबुर्रहमान, जामा मस्जिद नदेसर में मौलाना मजहरुल हक, मस्जिद नगीना में हाफिज सैफुल मलिक, मस्जिद सुल्तानिया में अब्दुल्लाह सऊद अत्तारी, मदनपुरा अल्लू की मस्जिद में मौलाना शकील, ऊंची मस्जिद में मौलाना एहसन कमाल, ढोमन की मस्जिद में कारी फराज अहमद, मस्जिद बरतला में अयाज महमूद व हाफिज मो. ताहिर ने मस्जिद याकूब शहीद में नमाज अदा करायी। ऐसे ही ईदगाह दायम खां पुलिस लाइन में हाफ़िज़ नसीर, मस्जिद हज़रत शाह मूसा शाह ककरमत्ता में हाफ़िज़ खालिद कमाल, मस्जिद नईबस्ती गौरीगंज में हाफ़िज़ परवेज, मस्जिद हबीबिया गौरीगंज में मौलाना नदीम अख़्तर ने नमाजे ईदैन अदा कराई। 

मस्जिद बुलाकी शहीद अस्सी, आलमगीर मस्जिद धरहरा, मस्जिद कुश्ताबेगम, मस्जिद मदीना, मस्जिद गौसिया, मस्जिद ताराशाह, मस्जिद छित्तनपुरा इमलिया तले, मस्जिद नूरैन, मस्जिद खाकी शाह शिवाला, मस्जिद बाबा फरीद सोनारपुरा, मस्जिद गौसिया नवाबगंज, मस्जिद नूरी साकेत नगर समेत शहर और आसपास की मस्जिदों में ईदुल फितर की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की गई। इसी के साथ ईद का सप्ताह व्यापी महापर्व शुरू हो गया। हिंदू-मुस्लिम से गले मिलने का नजारा गंगा-जमुनी शहर बनारस की तस्वीर पेश करने में सफल रहा। लोहता, लालपुर, कोटवा, बाबतपुर, रामनगर, मिल्कीपुर आदि में भी ईद की खुशियां धूमधाम से मनायी गयीं। ईद की नमाज सकुशल संपन्न होने पर वाराणसी कमिशनरेट की पुलिस ने वाराणसी की अमनपसंद आवाम की सराहना की।








घरों में दावतों का हुआ आगाज़ 

ईद जैसे ग्लोबल पर्व पर सेवइयों की घुलन ने हर एक को अपने आगोश में ले लिया, हर आमो-खास ईद के रंग में रंगा नजर आया। ईद की नमाज अदा कर लौटे लोगों ने दूसरे वर्ग के लोगों को ईद की दावत दी। मुस्लिम घरों में दावतों का शुरू हुआ सिलसिला दौर देर रात तक चलेगा। हिंदू-मुस्लिमों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। कई जगहों पर ईद पार्टी रखी गयी थी। पार्टी में शामिल होने वालों के हिसाब से मीनू तैयार किया गया था। कुछ मुस्लिम घरों में गैर-मुस्लिमों के लिए सेवइयों के साथ शाकाहारी सब्जी और पूड़ी का इंतजाम था। राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन शकील अहमद बबलू, पूर्व विधायक हाजी समद अंसारी के दौलतखाने पर ईद मिलने बड़ी तादाद में लोग जुटे तो दूसरी ओर शिवाला स्थित आलमीन सोसायटी के अध्यक्ष परवेज कादिर, टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया के महामंत्री हाजी दीवान साहब जमा, लल्लापुरा में बारह के सरदार इदरीस अंसारी, कटेहर में चौदहों के सरदार मकबूल हसन, मदनपुरा में बावनी के सदर हाजी मुख्तार महतो, बसपा नेता एस जावेद, वरिष्ठ नेता अतहर जमाल लारी, राजापुरा में फरीद अंसारी, कांग्रेस के सैयद फसाहत हुसैन बाबू, अफसर खां, हसन मेहंदी, हाजी नासीर जमाल, भाजपा नेता हाजी रईस अहमद, बेलाल अंसारी, मुमताज खां पार्षद, शायर अहमद आजमी, वरिष्ठ अधिवक्ता महफूज आलम एडवोकेट, डॉ नबी जान, खालिद अब्बासी, इरफान खान, इमरान अहमद, मो. शाहिद खां, समर गाजीपुरी, सुल्तान क्लब के अध्यक्ष डा. एहतेशामुल हक, मुमताज खां, हाजी एजाजुद्दीन हाशमी व मो. अजफर गुड्डू, आसरा के जनरल सेक्रेटरी हाजी फारुख खां आदि के यहां ईद मिलने समाजिक संगठनों व सियासी दलों के लोगों का हुजूम जुटा था। 

मस्जिद के साथ ही कब्रगाहों पर लगाईं हाजिरी

माहे रमज़ान का रोज़ा मुकम्मल करने के बाद लाखों मुसलमानों ने मज़हबी शहर बनारस में सभी मज़हब के लोगों संग मिलकर ईद की खुशियां मनायी। खुशियों का आगाज़ नमाज़-ए-ईदुल फित्र अदा करने के साथ हुआ। शहर के तकरीबन एक दर्जन ईदगाह और पांच सौ से ज्यादा मस्जिदों में इबादतगुज़ारों ने रब के सामने जहां सिर झुकाया वहीं अपनी रोज़ी रोटी, देश की तरक्की और खुशहाली के लिए रब की बारगाह में हाथ उठाया। इस मौके पर मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों का जन सैलाब नमाज़ अदा करने उमड़ा हुआ था। ईद की नमाज के बाद लोगों ने शहर के कब्रिस्तानों में जाकर वलियों, बुजुर्गों वो अपने पुरखों के दर पर हाजिरी लगाई और फातेहा पढ़ा। टकटकपुर, हुकुलगंज, मदनपुरा, रेवड़ीतालाब, बजरडीहा, जलालीपुरा, गौरीगंज, फातमान आदि आस्ताने पर हाजिरी लगाई गई। हजरत बाबा लाटशाही बाबा, चंदन शहीद, हजरत याकूब शहीद, हज़रत बहादुर शहीद, हज़रत अजगैब शहीद, नूरैन शाह बाबा, हरदाम शाह बाबा आदि के आस्ताने पर भी अकीतदमंदों का हुजूम उमड़ा।

शिया वर्ग ने बांधा काली पट्टी 

ईरान के सुप्रीम लीटर अय्यातुल्लाह अली खामनेई के युद्ध में शहीद किए जाने के गम में शिया मुस्लिमों ने ईद पर केवल नमाज़ अदा किया। बांह में काली पट्टी बांध कर नमाजे ईदैन अदा की। मुनाजिर अली मंजू ने बताया कि दावतों व ईद मिलन की पार्टियां नहीं की जा रही हैं। सादगी से ईद मनाई जा रही है, केवल फातेहा कराया जा रहा है ज्यादातर घरों में सेवइयां भी नहीं बनी।

डीआईजी की गोद में इतराने लगा मासूम 

वाराणसी में ईद की नमाज सकुशल संपन्न हो गई। इस दौरान ईदगाह लाट सरैयां में डीआईजी की गोद में एक मासूम का खेलना सभी को भा गया। डीआईजी शिवहरी मीना ने नमाज अदा करने आए नन्हें नमाज़ी को गोद मे उठा कर पहले खेलाया और ईद की बधाई दी, बच्चा भी पुलिस अधिकारी की गोद में खेलता और इतराता दिखाई दिया। इस दौरान डीआईजी ने ईद-उल-फितर के अवसर पर ईदगाह लाट सरैया में मुस्तैद पुलिस कर्मियों को सुरक्षा के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। ईद की नमाज को सकुशल सम्पन्न होने पर चौदहो के सरदार मकबूल हसन, हाजी मो. सुहैल, हाजी ओकास अंसारी, इम्तियाज अंसारी ने यहां एक दूसरे से गले मिले और ईद की खुशियां साझा की।

 

कैमरे की नज़र : बनारसी ईद








 









शुक्रवार, 20 मार्च 2026

Varanasi धर्मप्रान्त के अध्यक्ष Bishop Eugene ने किया 'हॉर्टमन भवन' का उद्घाटन

फादर सी. थॉमस व हॉर्टमन इंटर कॉलेज प्रबंधक फादर पी. विक्टर की थी खास मौजूदगी







dil india live (Ghazipur). हॉर्टमन इंटर कॉलेज हार्टमनपुर गाजीपुर में नव निर्मित भवन 'हॉर्टमन भवन' का शुभारम्भ  वाराणसी धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष डॉ. युजिन तथा वाराणसी डायसिस के शिक्षा सचिव फादर सी. थॉमस के कर कमलों द्वारा किया गया। इस समारोह के अगुवाई हॉर्टमन इंटर कॉलेज हार्टमनपुर के प्रबंधक फादर  पी. विक्टर के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ  विद्यालय के प्रबंधक फादर पी. विक्टर के द्वारा हार्टमनपुर के संक्षिप्त परिचय के द्वारा किया गया तत्पश्चात विशप स्वामी द्वारा प्रार्थना की गयी। ईश्वर के प्रार्थना करने के बाद विद्यालय के जीव विज्ञान अध्यापक श्री राजकुमार राम व विद्यालय के छात्र अमन के हाथों से फीता काट कर मुख्य द्वार का शुभारम्भ किया गया। इसके बाद मुख्य द्वार का ताला फादर पी. विक्टर के द्वारा खोलकर भवन में शुभ प्रवेश किया गया। ताले की चाबी भवन निर्माता जयप्रकाश शर्मा के द्वारा अर्पण किया गया। इसके  बाद भवन में दीप प्रज्वलित किया गया। पुनः  विशप युजिन द्वारा प्रार्थना की गई जिसमें सभी उपस्थित लोगों नेे उनका साथ दिया। कार्यक्रम के अंत में भवन निर्माता जयप्रकाश शर्मा व आर्किटेक्ट सूरज को विशप स्वामी द्वारा अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद गीत के साथ किया गया तथा  सभी उपस्थित लोगों को मिष्ठान कराया गया।  इस कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त अध्यापक अध्यापिकाएं सम्मिलित रहे।


Eid Mubarak, happy Eid... की हर तरफ गूंज

देखो ईद आयी है हजारों रंग लाई है

चांद के दीदार संग ईद का जश्न शुरू





Sarfaraz/F. Farouqi/Rizwan 

Varanasi (dil India live )। 30 वी रमज़ान का चांद दिखते ही देश-दुनिया में ईद का जश्न शुरू हो गया। जहां पूरी रात बाज़ार खरीदारों से गुलज़ार रहा वहीं लोगों ने अपने घरों, मस्जिदों, मैदानों से चांद का दीदार किया। लोग रमज़ान का रोज़ा कमयाबी से रखने की खुशी में डूबे नज़र आयें। हर तरफ बहार और खुशिया ही खुशियां दिखाई देने लगी। बच्चे घरों में गाते नज़र आएं, देखो ईद आयी है हजारों रंग लाई है। लोग घरों से निकल कर बाज़ार की तरफ चल पड़े। इस दौरान बनारस के लाखों मुसलमान ईद का खैरमखदम करने को बेताब दिखाई दिये। उधर ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की तैयारी पूरी हो चुकी है। ईद की नमाज़ मंगलवार की सुबह 6.30 बजे से 10.30 बजे के बीच अदा की जायेगी।

मस्जिद ईदगाह लाट सरैया में मौलाना जियाउर्रहमान नमाज अदा करायेंगे तो ईदगाह लंगर में मौलाना इरशाद रब्बानी, मस्जिद लगड़े हाफिज नई सड़क में मौलाना ज़कीउल्लाह असदुल कादरी, मुगलिया शाही मस्जिद बादशाहबाग में मौलाना हसीन अहमद हबीबी, शाही मस्जिद ढ़ाई कंगूरा में हाफिज़ नसीम अहमद बशीरी, मस्जिद दायम खां पुलिस लाइन में हाफ़िज़ नसीर, मस्जिद उल्फत बीबी अर्दली बाजार में हाफ़िज़ साकिब रज़वी नूरानी माहौल में ईद की नमाज़ अदा करायेंगे। ऐसे ही मस्जिद अक्सा रेवड़ीतालाब में शहर काजी मौलाना जमील, मस्जिद बरतला में मौलाना अयाज़ महमूद, नगीने वाली मस्जिद रेवड़ीतालाब में हाफिज़ सैफुल मलिक, मस्जिद सुल्तानिया रेवड़ी तालाब में मोहम्मद सउद, मस्जिद शाह तैयब बनारसी में मौलाना अब्दुल सलाम वहीं छित्तनपुरा मस्जिद खोजित कुआं में मौलाना वकील अहमद मिस्बाही, मस्जिद याकूब शहीद में हाफिज़ मो. ताहिर, मस्जिद कम्मू खां डिठोरी महाल में मौलाना शमशुद्दीन, मस्जिद अहनाफ सरायहडहा में मौलाना फैजानुल्लाह कादरी नमाज़ अदा करायेंगे। ऐसे ही आलमगीर मस्जिद धरहरा, जामा मस्जिद नदेसर, बड़ी मस्जिद रसूलपुरा, ईदगाह विद्यापीठ, मस्जिद उस्मानिया, बड़ी मस्जिद सदर बाज़ार, मस्जिद ईदगाह बैतुससलाम समेत शहर और आसपास की तकरीबन पांच सौ मस्जिदों में ईदुल फितर की नमाज़ पूरी अकीदत के साथ अदा करने की तैयारियां पूरी कर ली गई है।


सेवईयों को तैयार करने में जुटी रही ख्वातीन 

घरों में ईद की तैयारियों में ख्वातीन देर रात तक लगी रही, सेवईयों से लेकर तमाम पकवान घरों में तैयार किये जा रहे थे तो वहीं सजने संवरने की भी तैयारी हो रही थी, कोई मेहंदी लगा रहा था तो कोई पार्लर से लौटता नज़र आया।

ईद पर रखें लोगों का खास ख्याल

वाराणसी के मुफ्ती-ए-बनारस अहले सुन्नत मौलाना मोइनुद्दीन अहमद फारुकी प्यारे मियां ने लोगों से अपील की है कि लोग अपने पड़ोसियों और गरीबों का ख्याल रखें। ऐसा न हो कि आपके पड़ोस में ईद के दिन कोई भूखा रह जाये। उन्होंने कहा कि ईद की खुशी में इस बात का पूरा ख्याल रखें कि सभी इस दिन खुशी मनायें और वतन से मोहब्बत की दुआ मांगे, भलाई और परोपकारी के रास्ते पर चलें, किसी को बुरा न कहें।

पूरी रात चला एसएमएस का दौर

30 वां रोज़ा पूरा होते ही शहर में ईद मुबारक और ईद से मिलते जुलते तमाम मुबारकबाद मैसेज व एसएमएस लोगों ने अपने मोबाइल से अज़ीज़ों को भेजा। कम्प्यूटर, लेपटाप और स्मार्ट फोन पर ई-मेल के ज़रिये व वाट्स एप, फेसबुक से भी लोगों ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। ईद की खुशियों में सबसे ज्यादा बच्चे और यंगेस्टर्स डूबे दिखाई दिये जो एक दूसरे को ऐसे पैगाम आदान-प्रदान कर रहे थे।

ईद की नमाज़ का समय

- 1 मस्जिद अल कुरैश इमाम अहमद रजा, समय 8:30 बजे 

- 2 मस्जिद रंग ढलवा शेख सलीम फाटक मौलाना जाहिद हुसैन, 7:30 बजे 

- 3  मस्ज़िद लाट सरैयां सुबह 9:30 बजे 

- 4 ईदगाह पुरानापुल पुल्कोहना, इमाम मौलाना शकील 8:30 बजे 

- 5 ईदगाह गोगा की बाग जलालीपुरा। हाजी मंजूर, 8:00 बजे 

- 6 ईदगाह शक्करतालाब अहले हदीस, मौलाना जमील मदनी, 7:30 बजे 

- 7 ईदगाह मस्ज़िद लंगर नवापुरा जीटी रोड, मौलाना इरशाद रब्बानी, 8:30 बजे 

- 8 जामा मस्ज़िद खोज़ापुरा मैदान, इमाम मौलाना जाहिर अहमद 7:45 बजे 

- 9 मस्ज़िद शहीद बाबा सरैयां बाजार, इमाम हाफिज गुलाम 8:15 बजे 

- 10 मस्ज़िद सुन्नी इमामबाडा सरैया, इमाम मौलाना इक़बाल अहमद शिराज़ी 8:00 बजे 

- 11 खानखाह हमीदिया रशिदिया शक्करतालाब, इमाम मौलाना शाकिब मियां, 8:30 बजे

- 12 बड़ी मस्ज़िद सरैयां पक्का महाल, इमाम हाफिज खैरुद्दीन समय 8:00 बजे 

- 11 मस्ज़िद इमिलिया तल्ले छित्तनपुरा समय 8:00 बजे 

- 13 बड़ी मस्ज़िद काज़िसदुल्लाहपुरा, 8:00 बजे 

- 14 बड़ी मस्ज़िद सलारपुर कबड्डीदुआर 8:00 बजे 

- 15 जामा मस्ज़िद कमल गड़हा, इमाम मौलाना आज़ाद, 8:15 बजे

- 16 मीनार वाली मस्ज़िद कमालपुरा, इमाम मौलाना निजाम  8:00 बजे 

- 17 मस्जिद मज़हरुल उलूम, इमाम मुफ्ती निजाम अहमद  8:00 बजे

- 18 मस्जिद हंस तल्ले इमाम मौलाना अमानुररहमान 8:00 बजे।

- 19 बड़ी मस्जिद कम्मू खां डिठोरी महाल 8.00 बजे 

- 20 मस्जिद उल्फत बीबी अर्दली बाज़ार 8.00 बजे 

- 21 मस्जिद याकूब शहीद नगवां 8.15 बजे

- 22 मस्जिद रज़ा मदनपुरा 8.00 बजे 

23 मस्जिद बरतले मदनपुरा 8.30 बजे 

-24 मस्जिद जहांगीर हटिया 8.45 बजे 

- 25 मस्जिद डोमन 7.45 बजे 

- 26 नगीना वाली मस्जिद रेवड़ी तालाब 7.15 बजे 

- 27 मस्जिद बैतुस्सलाम 8.00 बजे 

- 28 नूरी मस्जिद अशफाक नगर 7.45 बजे 

- 29 मस्जिद ताजुश्शरिया रानी बाजार 8:15 बजे

- 30 मस्जिद शाह मूसा शाह ककरमत्ता में 7:30 बजे ।

- 31 मस्जिद उस्मान गनी में ककरमत्ता में 7:30बजे।

- 32 बड़ी मस्जिद  में ककरमत्ता में 8:00 बजे।

- 33 नूरी मस्जिद ककरमत्ता 8:30 बजे।

-34 जामा मस्जिद बुद्धू छैला कमनगढहा 7: :30 बजे 

इमाम मौलाना कौसर जमाल जियाई

35 बड़ी मस्जिद बक्शी जी अंधरापुल 9.00 बजे

36 जामा मस्जिद नदेसर 8.00 बजे

37 मस्जिद नयी बस्ती गौरीगंज, इमाम हाफिज परवेज, 7.45 बजे 

38 मस्जिद हबीबीया गौरीगंज इमाम मौलाना नदीम अख़्तर 8.00 बजे

39 मस्जिद मुगलिया बादशाह बाग 8.15 बजे

40 मस्जिद जाहिद शहीद पठानी टोला में 8.00 बजे 

41 मदीना मस्जिद पठानी टोला इमाम 8.15 बजे 

42 नगीना मस्जिद ओंकारेश्वर (कोयला बाजार) 8.00 बजे

43 जामा मस्जिद टकटकपुर कब्रिस्तान, इमाम मौलाना अजहरुल कादरी 8.15 बजे।



ईद की नमाज़ का तरीक़ा

इस तरह करें ईद की नमाज़ की नियत

नियत करता हूं, मैं दो रकात नमाज़ ईदुल फीत्र वाजिब की, छः ज़ाइद तकबीरो के साथ, रुख़ मेरा काबा शरीफ़ की तरफ़, वासते अल्लाह तआ़ला के, पीछे इस ईमाम के। फिर अल्लाहु अकबर कहें और हाथ बांध लें, और सना पढ़ें...। इसके बाद ज़ाइद तकबीरें होंगी। पहली तकबीर कहते हुए हाथ कानों तक उठाकर छौड़ना है। दुसरी तकबीर कहते हुए हाथ कानों तक उठा कर छोड़ना है। तीसरी तकबीर कहते हुए हाथ कानों तक उठा कर बांधना है। इसके बाद क़िरात होगी। और रुकू सज्दा करके, पहली रकाकत मुकम्मल कर ली जाऐगी।

 दूसरी रकाअत

   दूसरी रकाअत के लिऐ उठते ही इमाम क़िरात करेगा। यानी सूरह फ़ातिहा और कोई दूसरी सूरत पढ़ेगा। इसके बाद ज़ाइद तीनों तकबीरें होंगी। पहली तकबीर कहते हुए हाथ कानों तक उठाकर छोड़ना है। दूसरी तकबीर कहते हुए हाथ कानों तक उठा कर छोड़ना है। तीसरी तकबीर कहते हुए हाथ कानों तक उठा कर छोड़ना है। फिर बिना हाथ उठाऐ तकबीर कहते हुए रुकू में जाऐगें। और आगे की नमाज़ दूसरी नमाज़ों की तरह है।फिर सलाम फेर कर नमाज़ मुकम्मल होगी। नमाज़ के बाद खुतबा होगा उसको बैठ कर तवज्जोह से सुनें खुतबा सुन कर जाएं।

UP College Main BSC के छात्र को मारी गोली, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती

प्रिंसिपल के सामने हुई घटना से छात्रों में उबाल, प्रिंसिपल आफिस में तोड़फोड़

छात्र ने अस्पताल में तोड़ा दम, मचा कोहराम 







Sarfaraz Ahmad 

dil india live (Varanasi). वाराणसी के भोजूबीर स्थित उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) के हॉस्टल में शुक्रवार को एक छात्र को गोली मार दी गई जिसने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले गोली लगने से घायल छात्र को गंभीर हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई थी। पुलिस ने घायल छात्र की पहचान 23 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह के रूप में की, जो बीएससी का छात्र है। घटना के तुरंत बाद उसे आनन-फानन में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां समाचार लिखे जाने तक उसका इलाज चल रहा था।

गोली चलाने का आरोपी छात्र मनजीत चांदमारी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। छात्रों का आरोप है कि फायरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल के सामने ही की गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में भारी तनाव व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ यूपी कालेज

इस मौके पर आलोक प्रियदर्शी, शिवहरी मीणा, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार एडीसीपी नीतू कादयान एसीपी कैंट नितिन तनेजा एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना समेत बड़ी संख्या में फोर्स मौजूद है।

गुरुवार, 19 मार्च 2026

VKM Varanasi Main ARTHOTSAV-2 कार्यशाला में परखी गई छात्राओं की बौद्धिकता

क्विज़ प्रतियोगिता में बीएचयू के मोहित प्रजापति व कुनाल कुमार विजेता






dil india live (Varanasi). अर्थशास्त्र विभाग द्वारा, वसंत कन्या महाविद्यालय, BHU के तत्वावधान में ARTHOTSAV 2.0 नामक दो दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के बौद्धिक, विश्लेषणात्मक एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना था, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की गईं।



प्रथम दिवस के अंतर्गत एनी बेसेंट स्मृति संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर इंदु उपाध्याय, आयुष दुबे, साक्षी सिंह एवं खुशी सिंह शामिल थे। प्रथम चरण में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता का व्यापक उपयोग रोजगार के अवसरों का विस्तार करने की अपेक्षा अधिक खतरा उत्पन्न करता है” विषय पर पारंपरिक वाद-विवाद आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष दोनों में अपने प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। सेमीफाइनल चरण में चयनित प्रतिभागियों ने संसदीय प्रारूप में “यह सदन मानता है कि निजीकरण सार्वजनिक सेवाओं की दक्षता में सुधार करता है” विषय पर विचार रखे। अंतिम चरण में “यह सदन मानता है कि राज्य के व्यवहार को प्रभावित करने के लिए प्रतिबंध एक वैध साधन हैं” विषय पर प्रतियोगिता सम्पन्न हुई।

द्वितीय दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि Professor R.K. Bhatt तथा विशिष्ट अतिथि Kunwar Dhananjay Pandey थे। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर आर.के. भट्ट ने अपने संबोधन में समकालीन आर्थिक मुद्दों एवं रोजगार पर विचार व्यक्त किए। वहीं, कुंवर, वाराणसी में लेबर एन्फोर्समेंट ऑफिसर धनंजय पांडेय ने श्रम कानूनों एवं रोजगार संबंधी पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

द्वितीय दिवस का प्रमुख आकर्षण क्विज़ प्रतियोगिता रही, जिसमें कुल 11 टीमों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई, जहां प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में अर्थशास्त्र विभाग, BHU के छात्र Mohit Prajapat एवं Kunal Kumar विजेता रहे। उल्लेखनीय है कि इन दोनों प्रतिभागियों ने एनी बेसेंट स्मृति संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी विजय प्राप्त की।


इसी अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या Professor Rachna Srivastava ने EcoTalks (ARTHOTSAV 2.0) कार्यक्रम को संबोधित किया तथा पर्यावरणीय जागरूकता एवं सतत विकास पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान अर्थशास्त्र विभाग की पत्रिका EcoVerse का औपचारिक विमोचन भी किया गया।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष Professor Indu Upadhyay के साथ Dr. Vijay Kumar, Dr. Ritesh Yadav, Saba Parveen तथा Dr. Shree Priya  भी उपस्थित रहीं। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। ARTHOTSAV 2.0 के दोनों दिवस अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुए।

Arab Main Chand दिखा, खुशियों में डूबे लोग, ईद कल

धुंध में छुपा चांद नहीं हुआ भारत में दीदार, ईद 21 को 

ईद की खरीदारी पहुंची अपने शबाब पर



Mohd Rizwan 

dil India live (Varanasi)। सऊदी अरब समेत खाड़ी देशों में आज चांद का दीदार हो गया वहां कल जुमा को ईद का जश्न मनाया जाएगा। काबा में रमज़ान मुबारक का उमरा देश दुनिया के तमाम लोगों ने पूरा कर लिया। इस दौरान काफी लोगों ने उभरे का फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया। उधर केरल को छोड़कर भारत में 29 वीं रमज़ान का चांद नज़र नहीं आया जिसके चलते अब 20 मार्च को मोमिन अपना 30 वां रोज़ा मुकम्मल करेंगे और शनिवार को ईद का जश्न पूरे देश में मनाया जाएगा।

एक और अलविदा जुमा फिर ईद की खुशियां 

वाराणसी समेत केरल छोड़ कर पूरे देश में गुरुवार को आसमान में धुंध होने की वजह से 29 वीं रमज़ान का चांद नहीं दिखाई दिया। अब जुमे को 30 वां रोज़ा मुकम्मल करके रोजेदार शाम में चांद का दीदार करके शनिवार को ईद का त्योहार मनायेंगे। इसी के साथ एक और अलविदा जुमा मिल गया। शनिवार को ईद की खुशियां मनाई जाएगी।

गुरुवार की शाम से देर रात तक बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। आज खरीदारी को लेकर मध्यरात्रि तक दुकानें खुली थी। कपड़ा, जूता-चप्पल के साथ ही सेवईं की दुकान पर भी समाचार लिखे जाने तक भीड़ उमड़ी हुई थी। दालमंडी में लोग देर रात तक खरीदारी करते रहे। दालमंडी, लोहता, नई सड़क, पीलीकोठी, वरुणापार के पांडेयपुर, अर्दली बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में सुबह से ही रोजेदार ईद की तैयारी में जुटे रहे। कास्मेटिक, कपड़ा, इत्र आदि की दुकानों पर भीड़ उमड़ी हुई नज़र आयी।

बाजार में छाया कलरफुल काटन का कुर्ता 

न्यू लखनऊ चिकन की टाऊन हाल शाप पर ईद की खरीदारी को लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। यहां सरदार बलविंदर सिंह सन्नी ने बताया कि सूट, कुर्ता, पायजामा सफ़ेद के साथ ही कलरफुल काटन के कुर्ता बाजार में छाया है। ग्राहक पार्टी वेयर कुर्ता पायजामा पसंद कर रहे हैं। उधर  भदऊ चुंगी स्थित सेवईं बाजार में भी लोगों की भीड़ रही। सेवईं के साथ अन्य खाद्य सामग्री, मेवा शीतल पेय, की खरीदारी भी की जा रही है।


बुर्ज खलीफा पर दिखा ईद मुबारक 

दुबई की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर ईद मुबारक का पैग़ाम पेश किया गया है। यह नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग वहां पहुंचते हुए हैं। एमार प्रॉपर्टीज पीजेएससी इस पूरी व्यवस्था को संभालती है। हाल के अपडेट के अनुसार साल 2026 के ईद उल-फितर के लिए भी इसकी तैयारियां और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। बुर्ज खलीफा पर ईद मुबारक का संदेश प्रदर्शित करना एक नियमित परंपरा है। इसे एमार प्रॉपर्टीज पीजेएससी द्वारा मैनेज किया जाता है जो इस इमारत के डेवलपर भी हैं। दुबई का इस्लामिक मामलों और धर्मार्थ गतिविधियों विभाग यानी IACAD इन कार्यक्रमों और सरकारी छुट्टियों की जानकारी आधिकारिक तौर पर साझा करता है। साल 2022 में दुबई मल्टी कमोडिटीज सेंटर (DMCC) ने भी इस मौके पर यूएई गोल्ड बुलियन कॉइन्स का डिस्प्ले दिखाया था। जिसे देखने हुजूम उमड़ पड़ा था।


Gender-Sensitive Research Methodology कार्यक्रम के तीसरे दिन दो सत्रों में हुई कार्यशाला

रसोईघर महिलाओं के लिए एक प्रकार की “रसायन प्रयोगशाला” : प्रो. ध्रुव 

स्तन और गर्भाशय कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ती गंभीर बीमारियां : डा. नैना



dil india live (Varanasi). वसंत कन्या महाविद्यालय में महिला अध्ययन प्रकोष्ठ एवं युवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में संचालित छह दिवसीय लिंग-संवेदनशीलता अनुसंधान (Gender-Sensitive Research Methodology) कार्यक्रम के अंतर्गत तृतीय दिवस, गुरुवार, 19 मार्च 2026 को दो सत्रों में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

प्रथम सत्र में ‘महिलाएं, लिंग और विज्ञान’ विषय पर विचार-विमर्श किया गया, जबकि द्वितीय सत्र में ‘स्वास्थ्य संचार और लिंग: स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर पर केंद्रित अध्ययन’ विषय पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रस्तुति दी गई। कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव ने शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम के पहले सत्र में मुख्य अतिथि बीएचयू इतिहास विभाग के प्रो. ध्रुव कुमार सिंह थे। मुख्य अतिथि का स्वागत डॉ अनुराधा बापुली द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और मानव उसके साथ अधिक सशक्त संबंध स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि रसोईघर को महिलाओं के लिए एक प्रकार की “रसायन प्रयोगशाला” के रूप में देखा जा सकता है, जहाँ पाक-कला विज्ञान का एक सरल उदाहरण है। समय के साथ महिलाएं पेशेवर रूप से भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ी हैं, विशेषकर होम साइंस जैसे विषयों के माध्यम से। परन्तु होम साइंस को एक पेशेवर और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए था, पर यह भी लैंगिक पूर्वाग्रह का शिकार होकर सीमित दायरे में रह गया। हालांकि, विज्ञान के विकास में जेंडर बायस और पदानुक्रम जैसी बाधाएँ बनी रहीं, जो उचित नहीं हैं। विज्ञान एक सार्वभौमिक ज्ञान है, जिसका किसी एक राष्ट्र या एक लिंग से संबंध नहीं होता। इसका विकास निरंतर परिवर्तन और प्रयोग के माध्यम से होता है।

 उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में दोनों लिंगों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और विज्ञान के विकास के बिना समग्र प्रगति संभव नहीं है। संक्षेप में, विज्ञान की भागीदारी के बिना लैंगिक संवेदनशीलता को सही नहीं किया जा सकता और न ही महिला सशक्तिकरण संभव है। केवल विज्ञान ही जेंडर से जुड़ी रूढ़ियों को तोड़ सकता है।



कार्यक्रम के दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि एपेक्स हॉस्पिटल, वाराणसी की डॉ. नैना गुप्ता ने अपने संबोधन में ‘स्वास्थ्य संचार और लिंग: स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर पर केंद्रित अध्ययन’ विषय पर विस्तृत रूप से अपने विचार व्यक्त किए।उन्होंने बताया कि स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ती गंभीर बीमारियां हैं, जिनके पीछे प्रमुख कारणों में जागरूकता की कमी, असंतुलित जीवनशैली, एचपीवी (HPV) संक्रमण, समय पर जांच न कराना तथा स्वच्छता की अनदेखी शामिल हैं। 

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कई महिलाएं संकोच या जानकारी के अभाव में शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। आगे चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि इन कैंसरों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है। स्तन कैंसर के लिए स्वयं स्तन परीक्षण (Self Breast Examination) और समय-समय पर मैमोग्राफी करवाना चाहिए, जबकि गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीनेशन और पाप स्मीयर टेस्ट कराना जरूरी है। इसके साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी उन्होंने जोर दिया।उन्होंने स्वास्थ्य संचार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सही और सरल जानकारी का व्यापक प्रसार महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सशक्त बनाता है। अंत में उन्होंने सभी से अपील की कि वे नियमित जांच कराएं और अन्य महिलाओं को भी इसके प्रति जागरूक करें।


कार्यशाला का सफलतापूर्वक संयोजन डॉ अनुराधा बापुली तथा संचालन डॉ श्वेता सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यशाला के आयोजन समिति के सदस्य जिनमें डॉ. सुप्रिया, डॉ. प्रियंका, डाॅ. शशिकेश, डॉ. मालविका, डॉ. शुभांगी , डॉ अनु सिंह आदि उपस्थित रहे।